विज्ञापन

पटना को जाम से मिलेगी राहत, 150 किमी रिंग रोड पर 15 हजार करोड़ होंगे खर्च; बड़े ट्रैफिक प्लान का ऐलान

पटना में ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए 150 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनाया जाएगा. 15 हजार करोड़ की इस परियोजना से राजधानी और आसपास के जिलों में आवागमन आसान होगा और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनेगी.

पटना को जाम से मिलेगी राहत, 150 किमी रिंग रोड पर 15 हजार करोड़ होंगे खर्च; बड़े ट्रैफिक प्लान का ऐलान
पटना में ट्रैफिक जाम से राहत देने के लिए 150 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनाया जाएगा.

Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट सामने आया है. राज्य के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत करीब 150 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनाया जाएगा. इस महत्वाकांक्षी योजना पर लगभग 15 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे और इसकी शुरुआती तैयारियां शुरू हो चुकी हैं.

आसपास के जिलों को मिलेगा सीधा फायदा

यह रिंग रोड सिर्फ पटना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इससे वैशाली, सारन और समस्तीपुर जैसे आसपास के जिलों को भी सीधा लाभ मिलेगा. इन क्षेत्रों से राजधानी तक आने जाने में लगने वाला समय कम होगा और लोगों को जाम से राहत मिलेगी. इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी.

दिल्ली की तर्ज पर विकसित होगा प्रोजेक्ट

मंत्री ने बताया कि इस रिंग रोड को दिल्ली की तर्ज पर आधुनिक तरीके से विकसित किया जाएगा. इसका उद्देश्य शहरी परिवहन को आसान बनाना और ट्रैफिक को व्यवस्थित करना है. लंबे समय से पटना में जाम की समस्या बनी हुई है, जिसे यह परियोजना काफी हद तक कम कर सकती है.

यूनिफॉर्म सिविल कोड पर भी रखी राय

यूनिफॉर्म सिविल कोड के मुद्दे पर दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह विवाद का विषय नहीं है, बल्कि इससे देश के सभी नागरिकों को समान अधिकार मिलेंगे. उन्होंने कहा कि कुछ लोग इसे राजनीतिक रूप से उछाल रहे हैं, जबकि आम जनता अब सच्चाई समझ रही है.

कांग्रेस और ममता बनर्जी पर साधा निशाना

जायसवाल ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने वर्षों तक महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर नहीं दिया. उन्होंने कहा कि अब महिलाओं को अधिक अवसर देने की जरूरत है. साथ ही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे भ्रामक बयान देकर जनता को गुमराह कर रही हैं और उनकी राजनीतिक स्थिति कमजोर हो रही है.

मालदा को लेकर जताई चिंता

मंत्री ने मालदा क्षेत्र को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि यह इलाका घुसपैठ और देश विरोधी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होता रहा है. उन्होंने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए सख्त कदम उठाने की जरूरत पर जोर दिया.

यह भी पढ़ें- जयपुर में हनीट्रैप: फेसबुक दोस्ती के बाद बनाया अश्लील वीडियो, 7 लाख वसूले

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com