- जिम्बाब्वे की नजरें सोमवार को मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ उलटफेर करने की तैयारी कर रही है
- वानखेड़े की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है. तेज गेंदबाजों को स्विंग और सीमिंग का फायदा मिलता है
- यह मुकाबला 23 फरवरी को शाम सात बजे से खेला जाएगा और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर प्रसारित होगा.
Zimbabwe vs West Indies T20 World Cup 2026 Live Streaming: पहले ऑस्ट्रेलिया और फिर श्रीलंका को हराकर जारी टी20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 में जगह बना चुकी जिम्बाब्वे जब सोमवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैदान पर होगी, तो उनकी नजरें एक बार फिर उलटफेर करने की होंगी. ग्रुप स्टेज में जिम्बाब्वे जैसा खेली है उससे देखकर इस टीम में कोई कमजोर कड़ी नजर नहीं आती है. हालांकि, उनके सामने वेस्टइंडीज है, जो ग्रुप ए में बाकी टीमों की तरह लीग चरण में अजेय रही.
वेस्टइंडीज की टीम टी20 फॉर्मेट की तगड़ी टीम मानी जाती है. 2 बार विश्व कप जीत चुकी वेस्टइंडीज ग्रुप स्टेज में शीर्ष स्थान पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंची है. वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में बेहतर संतुलित और सटीक दिखी है. ऐसे में सोमवार की शाम को एक बेहद रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है.
वानखेड़े की पिच बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग मानी जाती है. पिच पर बाउंस सही होता है और गेंद बल्ले पर आसानी से आती है. तेज गेंदबाजों को नई गेंद से स्विंग और सीम मिल सकती है. पारी बढ़ने के साथ ही हालात आसान हो जाते हैं. मैच के दौरान मौसम सामान्य रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है.
कैसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
वानखेड़े में कुल 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं. वानखेड़े का सबसे बड़ा स्कोर 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने ही बनाया था. भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 247 रन बनाए थे. वेस्टइंडीज वानखेड़े में 5 मैच खेल चुकी है और 4 में विजयी रही है. वेस्टइंडीज का इस स्टेडियम में सबसे बड़ा स्कोर भारत के खिलाफ 196/3 है. जिम्बाब्वे पहली बार इस स्टेडियम में टी20 मैच खेलेगी.
वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच अब तक कुल 4 टी20 मैच खेले गए हैं. वेस्टइंडीज ने 3 मैचों में जीत हासिल की है, जबकि जिम्बाब्वे 1 बार विजयी रही है. 2013 के बाद से टी20 फॉर्मेट में दोनों टीमें कभी एक दूसरे के सामने नहीं आई हैं.
जिम्बाब्वे को इस मैच में सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट से अच्छी पारी की उम्मीद रहेगी. बेनेट 3 मैचों में 2 अर्धशतकों की मदद से 175 रन बना चुके हैं. वहीं, ब्लेसिंग मुजरबानी 3 मैचों में 9 विकेट लेकर टीम के शीर्ष गेंदबाज हैं. इन दोनों के अलावा टीम के कप्तान सिकंदर रजा का रोल बेहद अहम होगा.
वेस्टइंडीज के लिए 4 मैचों में होल्डर ने सर्वाधिक 7 विकेट लिए हैं. वहीं, कप्तान शाई होप 4 मैचों में 175 रन बनाकर श्रेष्ठ स्कोरर हैं. इसके अलावा, सेफरन रदरफोर्ड, अकिल हुसैन और रोमारियो शेफर्ड भी वेस्टइंडीज के लिए अहम होंगे.
कब और कहां होगा मुकाबला?
यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 23 फरवरी को खेला जाएगा.
कितने बजे शुरू होगा मैच?
इस मुकाबले की शुरुआत शाम 7 बजे होगी. जबकि मैच का टॉस शाम 6:30 बजे होगा.
कहां देख पाएंगे लाइव?
भारत में फैंस स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर मैच का लाइव टेलिकास्ट देख पाएंगे. जबकि जियो हॉटस्टार पर मैच की लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी. जबकि डीडी फ्री डिश पर डीडी स्पोर्ट्स पर मैच फ्री में देख पाएंगे.
वेस्टइंडीज के कोच डेरेन सैमी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर कहा,"किसने कहा कि जिम्बाब्वे को यहां नहीं होना चाहिए था? बहुत से लोग कहते हैं कि वेस्ट इंडीज को भी यहां नहीं होना चाहिए था. मेरा मानना है कि जब आप विश्व कप में होते हैं, तो आपको हर विरोधी टीम का सम्मान करना चाहिए. और हम यही करते आ रहे हैं. मैं अपने खिलाड़ियों को भी यही करने के लिए प्रोत्साहित करता हूं."
ऐसी हैं दोनों टीमें
जिम्बाब्वे टीम: ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मारुमनी (विकेटकीपर), रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), डायोन मायर्स, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्रैड इवांस, ग्रीम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजाराबानी, रिचर्ड नगारवा, बेन कुरेन, क्लाइव मैडेंडे, टिनोटेन्डा मापोसा
वेस्टइंडीज टीम: ब्रैंडन किंग, शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), शिम्रोन हेटमायर, रोस्टन चेज़, शेरफेन रदरफोर्ड, रोवमैन पॉवेल, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्डे, अकील होसेन, गुडाकेश मोती, शमर जोसेफ, रोमारियो शेफर्ड, जेडन सील्स, क्वेंटिन सैम्पसन, जॉनसन चार्ल्स.
यह भी पढ़ें: IND vs SA, T20 World Cup: 'कोई सबक नहीं लिया...' भारत की हार पर फूटा सुनील गावस्कर का गुस्सा, बल्लेबाजों को दी सलाह
यह भी पढ़ें: IND vs SA, T20 World Cup: अजिंक्य रहाणे ने हार के बाद प्लेइंग XI में इस खिलाड़ी को मौका देने पर उठाए सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं