Yashasvi Jaiswal record: तीसरे वनडे में भारत ने अफगानिस्तान को 9 विकेट से हरा दिया. भारत की जीत में यशस्वी जायसवाल ने इतिहास रचा और 110 रन बनाकर नाबाद रहे. जायसवाल ने विजयी छक्का लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई. जायसवाल ने अपनी 110 रन की पारी में 86 गेंद का सामना किया जिसमें 14 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. बता दें कि अपनी शतकीय पारी के दौरान जायसवाल ने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. जायसवाल भारत की ओर से वनडे करियर में सबसे तेज शुरुआती दो शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. ऐसा कर जायसवाल ने शिखर धवन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. धवन ने 7 पारी खेलकर वनडे करियर में अपना दूसरा शतक लगाया था. वहीं, जायसवाल ने छठी पारी में दूसरा वनडे शतक जमाकर इस रिकॉर्ड को अपना बना लिया.
भारत के लिए वनडे में सबसे तेज 2 शतक लगाने वाले बल्लेबाज
- यशस्वी जायसवाल - 6 पारियां
- शिखर धवन - 7 पारियां
- केदार जाधव - 9 पारियां
- विराट कोहली - 17 पारियां
- शुभमन गिल - 18 पारियां
9 विकेट से भारत की धमाकेदार जीत
भारत को जीत के लिए 219 रन का लक्ष्य मिला था. यशस्वी जायसवाल के नाबाद 110, रोहित शर्मा के 79 और श्रेयस अय्यर के नाबाद 20 रन की बदौलत भारत ने 28.4 ओवर में 1 विकेट पर 224 रन बनाकर मैच को जीत लिया. भारत के गेंदबाजों ने भी मैच में कमाल किया. भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा ने 8.2 ओवरों में 23 रन देकर सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि गुरनूर बरार, प्रिंस यादव और हर्ष दुबे ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.
ये भी पढ़ें- श्रीसंत ने हरभजन सिंह को बॉक्सिंग रिंग में लड़ने की दी चुनौती, थप्पड़ कांड में फूटा गुस्सा
रोहित और जायसवाल की तूफानी बल्लेबाजी
भारत ने सिर्फ 28.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. टीम इंडिया को रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों के बीच 137 गेंदों में 170 रन की साझेदारी हुई। रोहित 69 गेंदों में 79 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 9 चौके शामिल रहे.
यहां से जायसवाल ने श्रेयस अय्यर के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 54 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को आसान जीत दिलाई. जायसवाल ने अपने छठे वनडे मैच में दूसरा शतक जड़ा। इस पारी में उन्होंने 86 गेंदों का सामना किया, जिसमें 3 छक्के और 14 चौकों के साथ नाबाद 110 रन बनाए, जबकि अय्यर 19 गेंदों में 20 रन बनाकर नाबाद रहे.मेजबान टीम के लिए एकमात्र विकेट मोहम्मद नबी ने हासिल किया.
भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच पारी और 300 रन के अंतर से अपने नाम किया था. इसके बाद टीम इंडिया ने वनडे सीरीज का पहला मैच 7 विकेट से जीता, जबकि दूसरे मुकाबले को 170 रन से जीतकर सीरीज पर कब्जा कर लिया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं