उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज यश दयाल ने खुलासा किया है कि उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) उन्हें IPL 2027 के लिए रिटेन करेगी. 28 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कहा कि फ्रेंचाइजी ने उन पर भरोसा दिखाया है और अब वह इस विश्वास पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे. RCB ने 17 नवंबर को यश दयाल को 5 करोड़ रुपये में रिटेन किया था और उन्हें टीम के 20 खिलाड़ियों के कोर ग्रुप में शामिल रखा
यश दयाल ने TOI से बातचीत के दौरान कहा कि, 'यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है. मुझे बिल्कुल नहीं पता था कि RCB मुझे रिटेन करेगी. RCB ने मुझे रिटेन किया और मुझ पर भरोसा दिखाया. इसलिए मैं उनके लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा. मेरे पास जितना भी अनुभव है, मैं इस सीजन में अपना 100 प्रतिशत दूंगा.'
पिछले कुछ साल आसान नहीं रहे
पिछले कुछ साल में यश दयाल मुश्किल दौर से गुजरे हैं. उन पर दो अलग-अलग रेप मामलों में आरोप लगे थे, जिनमें से एक मामला पॉक्सो (POCSO) कानून के तहत दर्ज किया गया था. हालांकि इन विवादों के बावजूद RCB ने पहले भी उनका समर्थन किया था और अब एक बार फिर फ्रेंचाइजी ने उन पर भरोसा जताया है.
यश दयाल को इन मामलों के बाद एक साल के लिए यूपी T20 लीग से भी प्रतिबंधित किया गया था, लेकिन अब उन्होंने घरेलू क्रिकेट में वापसी कर ली है और उत्तर प्रदेश की ओर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे हैं. उन्होंने चार मैचों में छह विकेट हासिल किए हैं.
घर बैठकर मैच देखना था सबसे मुश्किल
क्रिकेट से दूर रहना यश दयाल के लिए आसान नहीं था. उन्होंने कहा कि जब अपने साथियों को मैदान पर खेलते देखते थे तो उन्हें काफी बुरा लगता था. दयाल ने कहा, 'जब आप अपने खिलाड़ियों को टीवी पर खेलते हुए देखते हैं तो घर बैठना अच्छा नहीं लगता, लेकिन अब मैं फिर से खेल सकता हूं और यही सबसे बड़ी बात है.'
टीम इंडिया के लिए खेलना है सपना
RCB के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के अलावा यश दयाल का सबसे बड़ा लक्ष्य भारतीय टीम में जगह बनाना है. उन्होंने साफ कहा कि वह अपने करियर के खोए हुए समय की भरपाई करना चाहते हैं. उन्होंने कहा, 'मेरा अंतिम लक्ष्य भारत के लिए खेलना है. मैं 28 साल का हूं और जितनी जल्दी हो सके भारत के लिए खेलना चाहता हूं. मैं उन सालों को भूलना चाहता हूं जो मैंने गंवाए हैं. अब मैं बस अपने सपने को पूरा करना चाहता हूं.'
रिंकू सिंह के 5 छक्कों से लेकर शानदार वापसी तक
यश दयाल ने IPL में 2022 में गुजरात टाइटंस के लिए डेब्यू किया था. अपने पहले सीजन में उन्होंने 11 विकेट लेकर प्रभावित किया. हालांकि 2023 में उनका नाम तब सुर्खियों में आया जब रिंकू सिंह ने अहमदाबाद में एक मुकाबले के आखिरी ओवर में उनके खिलाफ लगातार पांच छक्के जड़ दिए थे और कोलकाता नाइट राइडर्स को यादगार जीत दिलाई थी. उस कठिन दौर के बाद दयाल ने जबरदस्त वापसी की. RCB के लिए खेलते हुए उन्होंने खुद को साबित किया और महत्वपूर्ण मौकों पर विकेट चटकाए. एमएस धोनी का विकेट लेकर उन्होंने 2024 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ की उम्मीदों को भी झटका दिया था.
IPL में कैसा रहा है यश दयाल का प्रदर्शन?
यश दयाल अब तक IPL में 43 मैच खेल चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 41 विकेट लिए हैं. उनका बेस्ट प्रदर्शन 3/20 रहा है. उनका गेंदबाजी औसत 33.9 और इकॉनमी रेट 9.58 का रहा है.
यह भी पढ़ें- हैरी ब्रूक नंबर-1, शुभमन गिल नंबर-2... केन विलियमसन ने चुने भविष्य के फैब-5 क्रिकेटर, लिस्ट में दो भारतीय
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान के ब्लाइंड खिलाड़ियों की घटिया हरकत, अंपायर ने भी पार की हद, भारतीय बोर्ड ने जताई आपत्ति
यह भी पढ़ें- 'हमसे गलतियां हुईं...,' ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच ने सैंडपेपर कांड पर तोड़ी चुप्पी, बताया कैसे बर्बाद हुआ करियर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं