नई दिल्ली. हर महीने बिजली, पानी, गैस और मोबाइल रिचार्ज जैसे जरूरी खर्चों पर अच्छी-खासी रकम खर्च होती है. अगर इन खर्चों पर कुछ बचत भी हो जाए तो इससे घरेलू बजट को राहत मिल सकती है. Google Pay Flex Credit Card ऐसा ही एक ऑप्शन है. इस क्रेडिट कार्ड के जरिए रिचार्ज और बिल पेमेंट पर हर महीने 15 फीसदी तक बचत कर सकते हैं. हालांकि, इस ऑफर का फायदा उठाने के लिए कुछ शर्तें पूरी करनी होंगी. बता दें कि फ्लेक्स क्रेडिट कार्ड Flex Credit Card दो वैरिएंट में आता है- Google Pay Flex Axis Bank Credit Card और Google Pay Flex SBI Card.
₹3,000 के बिल पेमेंट पर मिलेंगे ₹450 के रिवॉर्ड
Google Pay Flex Credit Card के जरिए अगर आप बिजली, पानी, गैस, एलपीजी, मोबाइल रिचार्ज, ब्रॉडबैंड, पोस्टपेड मोबाइल बिल, डीटीएच और ओटीटी सब्सक्रिप्शन जैसे पेमेंट करते हैं तो उस खास रिवॉर्ड दिया जा रहा है. इसके तहत एक रिवॉर्ड साइकिल में इन कैटेगरी में कुल 3,000 रुपये या इससे ज्यादा का पेमेंट करने पर 15 फीसदी रिवॉर्ड मिलता है. इस तरह के रिचार्ज और बिल पेमेंट पर आप हर महीने 450 रुपये बचा सकते हैं. लेकिन ध्यान देने वाली बात है कि इस ऑफर का फायदा केवल गूगल वन मेंबर को मिलेगा. यह रिवॉर्ड गूगल पे के स्टार्स के रूप में दिया जाता है. एक स्टार की वैल्यू एक रुपये है. गूगल पे पर पेमेंट के दौरान आप स्टार्स का यूज कर सकते हैं.
Google One मेंबर को मिलते हैं ज्यादा रिवॉर्ड
इस क्रेडिट कार्ड पर सामान्य खर्च के लिए भी रिवॉर्ड मिलते हैं. Google One मेंबर को एक रिवॉर्ड साइकिल में 15,000 रुपये तक के खर्च पर 1.6 फीसदी और 15,000 रुपये से ज्यादा खर्च करने पर 3.2 फीसदी तक रिवॉर्ड मिल सकता है. वहीं, Google One मेंबर नहीं होने पर यह दर 0.8 फीसदी और 1.6 फीसदी है. यहां ध्यान देने वाली बात है कि 15,000 रुपये खर्च की सीमा पार करने पर उस रिवॉर्ड साइकिल के पूरे एलिजिबल खर्च पर बढ़ी हुई रिवॉर्ड दर लागू होती है, सिर्फ 15,000 रुपये से ऊपर के खर्च पर नहीं. इसके लिए पिछले रिवॉर्ड साइकिल में कम से कम 100 रुपये का खर्च भी जरूरी है.
खाने-पीने और ग्रोसरी के खर्च पर भी फायदा
इस कार्ड से सिर्फ बिजली-पानी और गैस के बिल पर ही नहीं, बल्कि खाने-पीने और ग्रॉसरी की खरीदारी पर भी एडिशनल रिवॉर्ड मिल सकता है. Google One मेंबर को एक रिवॉर्ड साइकिल में Swiggy, Zomato, Blinkit, Zepto और BigBasket जैसे चुनिंदा प्लेटफॉर्म पर यूपीआई से 5,000 रुपये या इससे ज्यादा खर्च करने पर 5 फीसदी अतिरिक्त रिवॉर्ड मिलता है. इसकी मैक्सिमम वैल्यू 250 रुपये है.
लाइफटाइम फ्री है क्रेडिट कार्ड
Google Pay Flex Axis Bank Credit Card की खास बात यह है कि इस पर कोई जॉइनिंग फीस और सालाना फीस नहीं लगती. हालांकि Google Pay Flex SBI Card की एनुअल और रीन्यूअल फीस 499 रुपये है.दोनों कार्ड रुपे नेटवर्क पर काम करता है. इसके जरिए गूगल पे पर यूपीआई पेमेंट के साथ दुकानों पर QR कोड स्कैन करके भी पेमेंट किया जा सकता है. इस कार्ड से मिलने वाले रिवॉर्ड स्टार्स का इस्तेमाल गूगल पे पर एलिजिबल पेमेंट करते समय किया जा सकता है. हालांकि, इन स्टार्स को सीधे बैंक खाते में कैश के रूप में ट्रांसफर नहीं किया जा सकता. एक रिवॉर्ड साइकिल में आप मैक्सिमम 1,500 स्टार्स कमा सकते हैं.
ऐसे करें आवेदन
इस क्रेडिट कार्ड के लिए गूगल पे ऐप के मनी सेक्शन में जाकर Flex by Google Pay ऑप्शन देख सकते हैं. यहां से आवेदन का प्रोसेस पूरा कर सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं