विज्ञापन

डब्लूपीएल इतिहास की टॉप 5 सबसे महंगी प्लेयर, ये स्टार खिलाड़ी है नंबर 1

विमेंस प्रीमियर लीग 2027 ऑक्शन से पहले पांचों फ्रेंचाइजी के पास कुल 27 स्लॉट खाली थे, जिनमें से 25 भर दिए गए. सिर्फ RCB और दिल्ली कैपिटल्स के पास एक एक स्लॉट खाली बचा.

डब्लूपीएल इतिहास की टॉप 5 सबसे महंगी प्लेयर, ये स्टार खिलाड़ी है नंबर 1
WPL की सबसे महंगी खिलाड़ियों की लिस्ट

कोच्चि में हुए विमेंस प्रीमियर लीग 2027 ऑक्शन में ऑस्ट्रेलिया की कप्तान सोफी मोलिन्यू सबसे महंगी खरीदी गई खिलाड़ी रहीं. यूपी वॉरियर्स (UPW) ने उन्हें 1.1 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया. हालांकि, विमेंस प्रीमियर लीग इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ियों की सूची में उनका नाम अभी काफी पीछे है. महिला प्रीमियर लीग में अब तक कई खिलाड़ियों पर तीन करोड़ रुपये से अधिक की बोली लग चुकी है और कुछ खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से उन उम्मीदों को सही भी साबित किया है.

विमेंस प्रीमियर लीग 2027 ऑक्शन में भारतीय बल्लेबाज किरण नवगिरे भी चर्चा में रहीं. दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने उन्हें 75 लाख रुपये में खरीदा, जिससे वह इस नीलामी की सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी बन गईं. वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने ऑक्शन के अंतिम चरण में ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जेस जोनासेन को 40 लाख रुपये और दक्षिण अफ्रीका की ऑलराउंडर क्लो ट्रायन को 30 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा.

ऑक्शन से पहले पांचों फ्रेंचाइजी के पास कुल 27 स्लॉट खाली थे, जिनमें से 25 भर दिए गए. सिर्फ RCB और दिल्ली कैपिटल्स के पास एक एक स्लॉट खाली बचा. सबसे सक्रिय टीम यूपी वॉरियर्स रही, जिसने नौ खिलाड़ियों को रिलीज करने के बाद आठ नए खिलाड़ियों को खरीदकर अपने सभी खाली स्थान भर लिए.

गुजरात जायंट्स (GG) ने विकेटकीपर बल्लेबाज जी. कमलिनी को 40 लाख रुपये में खरीदा. इसके अलावा आयरलैंड की ऑलराउंडर ओर्ला प्रेंडरगास्ट को 30 लाख रुपये और 16 वर्षीय अनकैप्ड ऑलराउंडर समायरा राघव को 10 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा.

इसी नीलामी में कर्नाटक की 15 वर्षीय ऑलराउंडर उमा काशवी भी सुर्खियों में रहीं. दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 10 लाख रुपये में खरीदा, जिससे वह WPL ऑक्शन में बिकने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गईं. दूसरी ओर, श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु और इंग्लैंड की बल्लेबाज सोफिया डंकले को कोई खरीदार नहीं मिला.

सबसे कम बजट के साथ ऑक्शन में उतरी मुंबई इंडियंस ने छह अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया. इनमें श्वेता सहरावत, अक्षिता भगत, दिशा कसात, लतिका इनामदार, भारती रावल और सानिका चालके शामिल हैं. ऑक्शन में बिकने वाले 25 खिलाड़ियों में 12 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी थीं.

मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच ल्यूक विलियम्स ने कहा कि टीम के पास पहले से मजबूत कोर ग्रुप मौजूद था और फ्रेंचाइजी का लक्ष्य स्क्वॉड को और गहराई देना था ताकि पूरे टूर्नामेंट के दौरान अलग अलग परिस्थितियों में विकल्प उपलब्ध रहें.

वहीं, यूपी वॉरियर्स के क्रिकेट निदेशक क्षेमल वैनगंकर ने कहा कि सोफी मोलिन्यू और ग्रेस हैरिस जैसी खिलाड़ियों के आने से टीम को बेहतर संतुलन और लचीलापन मिलेगा. उनके अनुसार मोलिन्यू की नेतृत्व क्षमता और ग्रेस हैरिस की विस्फोटक बल्लेबाजी टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है.

मोलिन्यू को खरीदने के लिए यूपी वॉरियर्स और RCB के बीच कड़ी बोली लगी थी. बोली 1.05 करोड़ रुपये तक पहुंची, जिसके बाद RCB पीछे हट गई. आखिरकार यूपी वॉरियर्स ने 1.1 करोड़ रुपये की बोली लगाकर ऑस्ट्रेलियाई कप्तान को अपनी टीम में शामिल किया.

रैंकखिलाड़ीटीमकीमत
1स्मृति मंधानारॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु₹3.50 करोड़
2नेट साइवर-ब्रंटमुंबई इंडियंस₹3.50 करोड़
3एश्ले गार्डनरगुजरात जायंट्स₹3.50 करोड़
4दीप्ति शर्मायूपी वॉरियर्स₹3.20 करोड़
5अमेलिया केरमुंबई इंडियंस₹3.00 करोड़

विमेंस प्रीमियर लीग 2027 की शुरुआत 14 जनवरी से होगी और टूर्नामेंट 7 फरवरी तक खेला जाएगा. स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु गत चैंपियन के रूप में उतरेगी. RCB और मुंबई इंडियंस अब तक दो दो खिताब जीत चुकी हैं. वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स लगातार चार बार फाइनल में पहुंची है, लेकिन उसे हर बार उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा है. दूसरी ओर, यूपी वॉरियर्स और गुजरात जायंट्स पहली बार खिताबी मुकाबले में पहुंचने की उम्मीद के साथ मैदान पर उतरेंगी.
यह भी पढ़ें | WPL 2027 ऑक्शन में सोफी मोलिन्यू सबसे महंगी, जानिए किस टीम ने किन खिलाड़ियों को खरीदा, यहां देखें पूरी लिस्ट

यह भी पढ़ें | कौन हैं उमा काशवी? WPL में 15 साल की उम्र में रचा इतिहास, बनी सबसे युवा खिलाड़ी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket, Women's Premier League 2027
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com