व्हाइट बॉल फॉर्मेट में सर्वकालिक महान बल्लेबाज विराट कोहली अब केवल वनडे फॉर्मेट में ही खेलते हैं. 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद उन्होंने टी0 फॉर्मेट को अलविदा कहा था, जबकि पिछले आईपीएल के दौरान टेस्ट क्रिकेट को. कोहली की नजरें अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप खेलने की है. हालांकि, इसको लेकर अनिश्चित्ता है. हालांकि, कोहली ने पिछले कुछ महीनों में वनडे में धमाकेदार प्रदर्शन करके दिखाया है कि उनमें क्रिकेट की भूख अब भी है. वहीं अब विराट कोहली ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप प्लान पर खुलकर बात की है. साथ ही उन्होंने कहा है कि उन्हें अपने महत्व को लेकर किए जा रहे आकलन में लगातार बदलाव से नफरत है.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पॉडकास्ट पर विराट कोहली ने कहा,"मैं हमेशा तैयार रहता हूं क्योंकि यही मेरी रोजमर्रा की जिंदगी है. मैं कसरत करता हूं, हम घर पर अच्छा खाना खाते हैं. मुझे इस तरह जीना पसंद है. यह केवल क्रिकेट खेलने तक सीमित नहीं है. मेरा कहने का मतलब है कि 2027 के विश्व कप को लेकर होने वाली बातें और बाकी सब. मुझे कई बार पूछा गया है कि क्या आप 2027 में खेलना चाहते हैं." उन्होंने कहा,"मुझे इसका जवाब पता है और अगर मैं खेल रहा हूं तो फिर मैं क्रिकेट खेलना चाहता हूं. मैं खेलना जारी रखना चाहता हूं. भारत के लिए विश्व कप खेलना शानदार है."
कोहली ने कहा,"मेरा नजरिया बिल्कुल स्पष्ट है. मैं जिस माहौल का हिस्सा हूं उसमें कुछ योगदान दे सकता हूं और टीम को भी लगता है कि मैं योगदान दे सकता हूं, तो मैं खेलता रहूंगा. अगर मुझे अपनी काबिलियत और अहमियत साबित करने की जरूरत महसूस कराई जाती है तो मैं उस माहौल में नहीं रह सकता."
कोहली 2024 में टी20 अंतरराष्ट्रीय और 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अब केवल वनडे में खेलते हैं. पिछले कुछ सालों से बहुत कम वनडे मैच खेले जा रहे हैं जिससे कोहली कम अवसरों पर ही भारत का प्रतिनिधित्व कर पा रहे हैं. भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने कोहली और एक अन्य स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा के टीम का हिस्सा बनने की उनकी इच्छा के बावजूद उनके भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की है.
कोहली ने कहा कि जब तक टीम को उनकी जरूरत होगी, वह टीम के साथ बने रहेंगे. उन्होंने कहा,"मैं अपनी तैयारियों के प्रति ईमानदार हूं, मैं खेल के प्रति अपने दृष्टिकोण के प्रति ईमानदार हूं. मैं पूरी लगन से मेहनत करता हूं. जब मैं खेलने के लिए जाता हूं तो मैं दूसरों से कम नहीं बल्कि उनसे भी ज्यादा मेहनत करता हूं और सही तरीके से खेलता हूं."
कोहली ने खेल के प्रति अपने दृष्टिकोण के बारे में कहा कि वह हमेशा कड़ी मेहनत के लिए तैयार रहते हैं. उन्होंने कहा,"मैं इसी तरह से तैयारी करता हूं. मैं 50 ओवर तक फील्डिंग करने के लिए तैयार हूं. इस तरह से खेलने के बाद भी अगर मुझे अपनी काबिलियत और अहमियत साबित करनी पड़े, तो वह जगह मेरे लिए नहीं है."
यह भी पढ़ें: अगरकर एंड कंपनी की बड़ी बैठक, तैयार होगा टीम इंडिया का रोडमैप, BCCI के रडार पर ये खिलाड़ी- रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: IPL 2026: गिल है कि मानता नहीं, कैसे गदर काटकर टॉप पर कैसे पहुंच गया गुजरात?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं