विज्ञापन

IPL 2026: संजू सैमसन के बाद रियान पराग ही क्यों बने राजस्थान रॉयल्स के कप्तान? हेड कोच कुमार संगाकारा ने कर दिया खुलासा

Kumar Sangakkara on RR Captain Riyan Parag: राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में निराशाजनक रहा था. टीम सिर्फ 4 मुकाबले जीत सकी, जबकि 10 मैचों में हार का सामना करना पड़ा और अंक तालिका में 9वें स्थान पर रही.

IPL 2026: संजू सैमसन के बाद रियान पराग ही क्यों बने राजस्थान रॉयल्स के कप्तान? हेड कोच कुमार संगाकारा ने कर दिया खुलासा
Kumar Sangakkara on RR Captain Riyan Parag:

Why Riyan Parag Become RR Captain After Sanju Samson: IPL 2026 के आगाज से पहले हर टीम अपनी तैयारी में लग चुकी है, ऐसे में राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगकारा ने बताया कि फ्रेंचाइजी ने आगामी सीजन से पहले अपनी टीम को संतुलित और मजबूत बनाने पर खास ध्यान दिया है. उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी में गहराई बढ़ाने, स्पिन गेंदबाजी में विकल्प जोड़ने और ऑलराउंडरों को शामिल करने पर काम किया गया है. राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में निराशाजनक रहा था. टीम सिर्फ 4 मुकाबले जीत सकी, जबकि 10 मैचों में हार का सामना करना पड़ा और अंक तालिका में 9वें स्थान पर रही. यही कारण रहा कि टीम ने बड़े बदलाव किए.

स्पिन और ऑलराउंडर विभाग में नए चेहरे

नीलामी से पहले सभी स्पिनरों को रिलीज करने के बाद टीम ने रवि बिश्नोई को शामिल किया. इसके अलावा ट्रेड के जरिए रवींद्र जडेजा और सैम करन जैसे ऑलराउंडर भी टीम में आए, जिससे संतुलन बेहतर हुआ. कोच संगकारा ने कहा कि अब भारतीय स्पिन विकल्प मिलने के बाद टीम विदेशी बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों में ज्यादा लचीलापन रख सकती है. संगकारा का मानना है कि योजना बनाना जरूरी है, लेकिन असली चुनौती उसे मैदान पर लागू करना होती है. उन्होंने कहा कि टीम का फोकस खिलाड़ियों के बीच भरोसा और तालमेल बढ़ाने पर है, क्योंकि अंततः प्रदर्शन ही सफलता तय करता है.

उन्होंने यह भी कहा कि किसी खिलाड़ी का एक सीजन खराब या अच्छा होना उसकी क्षमता का अंतिम पैमाना नहीं है. चयन हमेशा खिलाड़ी की गुणवत्ता और आंकड़ों के आधार पर किया जाता है. उनका मानना है कि जब खिलाड़ी खेल को छोटे-छोटे हिस्सों में समझकर खेलते हैं, तो अच्छे नतीजे अपने आप आने लगते हैं.

रियान पराग क्यों बने कप्तान - कोच संगकारा

रियान पराग को कप्तान बनाने पर संगकारा ने कहा कि यह फैसला उनकी क्षमता और नेतृत्व गुणों को देखकर लिया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि चयन में क्षेत्रीय पहचान का कोई महत्व नहीं था, बल्कि सिर्फ यह देखा गया कि टीम को सबसे बेहतर तरीके से कौन लीड कर सकता है. संगकारा ने बताया कि उन्होंने रियान को किशोर उम्र से देखा है और अब उनमें काफी परिपक्वता आ गई है. उन्होंने कहा कि रियान न सिर्फ एक अच्छे खिलाड़ी हैं, बल्कि एक जिम्मेदार इंसान भी बन चुके हैं.

 चयन प्रक्रिया रही चुनौतीपूर्ण

नए कप्तान के चयन के लिए कई खिलाड़ियों पर विचार किया गया और एक सख्त इंटरव्यू प्रक्रिया अपनाई गई. अंत में टीम मैनेजमेंट इस निष्कर्ष पर पहुंचा कि रियान पराग ही इस भूमिका के लिए सबसे योग्य हैं. संगकारा ने कहा कि इस फैसले को टीम, कोचिंग स्टाफ और पूरी फ्रेंचाइजी का पूरा समर्थन मिला है, और सभी को भरोसा है कि रियान टीम को सही दिशा में ले जाएंगे.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com