विज्ञापन

प्रेमिका से मिलने एलओसी पार कर कश्मीर पहुंचा युवक, जांच में जुटीं एजेंसियां

अभी तक मिली जानकारी के अनुसार ये युवक सोशल मीडिया के जरिए भारत में रहने वाली लड़की के संपर्क में आया था. सोशल मीडिया पर हुई बातचीत के बाद दोनों को आपस में प्यार हो गया और फिर वो उस लड़की से मिलने के लिए शरहद पार कर भारत आ गया.

प्रेमिका से मिलने एलओसी पार कर कश्मीर पहुंचा युवक, जांच में जुटीं एजेंसियां
अपने प्यार से मिलने POK से भारत आया युवक
NDTV
नई दिल्ली:

जम्मू-कश्मीर में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सुरक्षा एजेंसियों के साथ-साथ आम लोगों का भी ध्यान खींचा है. एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए लाइन ऑफ कंट्रोल पार कर भारत पहुंच गया. अब सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं.अधिकारियों के मुताबिक युवक की पहचान 25 वर्षीय जीशान  मीर के रूप में हुई है. वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK)  के मुजफ्फराबाद इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है.

खबर है कि सेना की 12 ग्रेनेडियर्स यूनिट ने उसे उरी सेक्टर के सिलिकोट इलाके में हिरासत में लिया. जवानों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगी थीं. इसके बाद उसे पूछताछ के लिए ले जाया गया. फ़िलहाल उरी के थाने में उससे और पूछताछ की जा रही हैं . शुरुआती  जांच में युवक ने दावा किया है कि वह किसी आतंकी या जासूसी मिशन पर नहीं आया है. उसने कहा कि वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए एलओसी पार करके भारतीय इलाके में पहुंचा हैं.

इस मामले में फिलहाल ऑन रिकॉर्ड कोई कुछ बोलने को तैयार नही हैं . सेना ने बस सोशल मीडिया एक्स पर कहा है कि सेना ने जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में एलओसी पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया है. सेना के मुताबिक पाकिस्तान के कब्जे वाले पीओके से आए इस घुसपैठिए को चिनार कॉर्प्स के जवानों ने सतर्कता के साथ रोका. जवानों ने उसे चुनौती दी और पूरी सावधानी बरतते हुए हिरासत में ले लिया. सेना ने कहा कि कार्रवाई के दौरान जवानों ने संयम का परिचय दिया और बिना किसी अनावश्यक बल प्रयोग के व्यक्ति को पकड़ने में सफलता हासिल की. गिरफ्तार व्यक्ति को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस को सौंप दिया गया है.

सूत्रों के अनुसार युवक सोशल मीडिया के जरिए कश्मीर की एक युवती के संपर्क में आया था. दोनों के बीच कई महीनों से बातचीत हो रही थी. धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई. बताया जा रहा है कि युवक युवती से मिलने और उससे शादी करने की इच्छा रखता था. इसी वजह से उसने सरहद पार करने का जोखिम उठाया.

हालांकि सुरक्षा एजेंसियां केवल युवक के दावे पर भरोसा नहीं कर रही हैं.  फिलहाल इस मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति का अवैध रूप से सीमा पार करना गंभीर मामला है. पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया है कि युवक के पास कोई वैध यात्रा दस्तावेज नहीं थे. उसके पास न वीजा था और न ही कोई अन्य अनुमति पत्र. इसलिए उसका भारत में प्रवेश पूरी तरह अवैध माना जा रहा है.

सुरक्षा एजेंसियां अब उसके परिवार, संपर्कों और गतिविधियों की जांच कर रही हैं. यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं उसका किसी आतंकी संगठन या अन्य संदिग्ध नेटवर्क से कोई संबंध तो नहीं है. अधिकारियों का कहना है कि युवक के दावों की हर लिहाज से जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी.

हालांकि सुरक्षा से जुड़े जानकारों का कहना है कि ऐसे मामलों में मानवीय पहलू जरूर होता है. लेकिन सीमा पार करने की घटना को केवल भावनाओं के आधार पर नहीं देखा जा सकता.वैसे फिलहाल युवक एजेंसियों की निगरानी में है. जिस युवती से उसके संबंध बताए जा रहे हैं, उससे भी पूछताछ की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह पक्के तौर पर कहा जा सकेगा कि यह मामला सिर्फ प्रेम कहानी का है या इसके पीछे कोई और वजह भी छिपी है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com