Who Was Shapoor Zadran: अफगानिस्तानी पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जदरान का 38 साल की उम्र में निधन हो गया. जदरान 'हीमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस' नाम की एक दुर्लभ इम्यून बीमारी से जूझ रहे थे. अफगानिस्तान को इंटरनेशनल क्रिकेट में आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाने वाले जदरान ने टीम की शुरुआती सफलताओं में अहम योगदान दिया था. जिसमें साल 2015 का ऐतिहासिक वर्ल्ड कप अभियान भी शामिल था. अपनी आक्रामक गेंदबाजी और निडर खेल के लिए पहचाने जाने वाले जदरान, अफगानिस्तान क्रिकेट में अपनी एक अमिट छाप छोड़ गए हैं. उनके भाई और अफगानिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दौलत जदरान ने एक भावुक श्रद्धांजलि के साथ इस खबर की पुष्टि की. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, "मेरे प्यारे दोस्त और भाई शापूर जदरान के निधन से मेरा दिल टूट गया है, इस नुकसान को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता."
दरअसल, जदरान का नई दिल्ली में इलाज चल रहा था. उन्हें 'हीमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस' (HLH) नाम की बीमारी थी, जो एक दुर्लभ और जानलेवा इम्यून डिसऑर्डर है. वह जनवरी से भारत में अस्पताल में भर्ती थे. शुरुआत में उनकी हालत में सुधार हुआ था, लेकिन बाद में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. लेकिन आखिर में जदरान जिन्दगी की जंग हार गए.
शापूर ज़दरान की मौत की वजह क्या थी?
शापूर ज़दरान की मौत 'हीमोफैगोसाइटिक लिम्फोहिस्टियोसाइटोसिस' (HLH) से जूझने के बाद हुई, जो इम्यून सिस्टम की एक दुर्लभ और गंभीर बीमारी है. इस बीमारी के कारण उनका इम्यून सिस्टम बहुत ज्यादा सक्रिय हो गया था, जिससे व्हाइट ब्लड सेल्स शरीर की अपनी स्वस्थ कोशिकाओं और अंगों पर हमला करने लगे थे. उनके परिवार ने बताया कि एक गंभीर इन्फेक्शन की वजह से उनकी सेहत और बिगड़ गई थी, यह इन्फेक्शन उनके दिमाग तक फैल गया था और इससे लिवर से जुड़ी जटिलताएं पैदा हो गईं.
ज़दरान की सेहत से जुड़ी परेशानिया अक्टूबर 2025 में शुरू हुईं, जब वे अफगानिस्तान में बीमार पड़ गए और उन्हें विदेश में खास इलाज कराने की सलाह दी गई. जनवरी 2026 में, वे अपने परिवार और अफगानिस्तान के पूर्व कप्तान असगर अफगीन के साथ भारत के नई दिल्ली शहर गए, वहां मेडिकल टेस्ट कराया गया जिसमें बोन मैरो की जांच भी शामिल थी. टेस्ट से पुष्टि हुई कि उन्हें एडवांस्ड-स्टेज HLH है. शुरुआत में उनमें सुधार के संकेत दिखे और इलाज का असर होने पर उन्हें कुछ समय के लिए अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई थी.
लेकिन लगभग 20 दिन बाद इन्फेक्शन के दोबारा होने से उनकी हालत बिगड़ गई और डॉक्टरों को उन्हें वापस इंटेंसिव केयर में रखना पड़ा. तमाम मेडिकल कोशिशों के बावजूद जदरान ठीक नहीं हो सके और 7 जुलाई 2026 को, अपने 39वें जन्मदिन से ठीक एक दिन पहले जिन्दगी की जंग हार गए.
इंटरनेशनल क्रिकेट में बेहतरीन खिलाड़ी रहे शापूर जदरान
इंटरनेशनल क्रिकेट में शापूर जदरान अहम खिलाड़ियों में से एक थे. उन्होंने 2009 से 2020 के बीच 44 वनडे और 36 टी20I मैच खेले और टीम के शुरुआती सफर के कई अहम पलों का हिस्सा भी रहे थे. उन्होंने अपनी शुरुआती ज़िंदगी का कुछ हिस्सा पाकिस्तान में एक रिफ़्यूजी के तौर पर बिताया था, जहां उन्होंने मोहम्मद नबी, असगर स्टानिकजई और दौलत जदरान जैसे खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलना शुरू किया, ये सभी बाद में अफगानिस्तान के लिए खेले.
2015 वर्ल्ड कप रहा काफी यादगार
साल 2009 में नीदरलैंड के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू करते हुए 24 रन देकर 4 विकेट लेने के बाद, उन्होंने जल्द ही खुद को एक बेहतरीन तेज गेंदबाज के तौर पर स्थापित कर लिया. उनके करियर का सबसे यादगार पल 2015 क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान आया, जब उन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ 38 रन देकर 4 विकेट लिए और नंबर 11 के बल्लेबाज के तौर पर विजयी बाउंड्री लगाकर अफगानिस्तान को वर्ल्ड कप में अपनी पहली जीत दिलाई थी. उन्होंने 2010 T20 वर्ल्ड कप के दौरान वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर जैसे स्टार खिलाड़ियों को आउट करते धमाका कर दिया था, जिससे अफगानिस्तान क्रिकेट में उनकी पहचान एक बेहद पसंदीदा खिलाड़ी के तौर पर बनी थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं