Who is Ashok Sharma; IPL Debut for GT: राजस्थान के युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अपना पहला मुकाबला खेलते हुए बड़ा मुकाम हासिल किया. गुजरात टाइटंस ने उन्हें पंजाब किंग्स के खिलाफ चौथे मैच की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया. यह मुकाबला मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया. ‘रफ्तार सिंह' के नाम से पहचान बनाने वाले अशोक 140 से 150 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से गेंदबाजी करने के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी तेज गेंदबाजी से खासा प्रभाव छोड़ा था.
बड़े भाई ने अशोक शर्मा के लिए खुद छोड़ा क्रिकेट
17 जून 2002 को जन्मे अशोक जयपुर के पास रामपुरा गांव के रहने वाले हैं. उनके पिता नाथूलाल किसान हैं और मां गृहिणी हैं. पहले परिवार की इच्छा थी कि अशोक पढ़ाई करके सरकारी नौकरी करें, लेकिन उनके बड़े भाई अक्षय ने उनके टैलेंट को पहचाना और उन्होंने खुद क्रिकेट छोड़ दिया ताकि अशोक अपने सपने को पूरा कर सकें.
कोरोना काल के दौरान कोच विवेक यादव का निधन
आगे चलकर अशोक के पिता ने जयपुर की अरावली क्रिकेट एकेडमी में उनका दाखिला कराया. इस दौरान रोज लंबी दूरी तय करने के बाद वह एकेडमी के हॉस्टल में रहने लगे, लेकिन कोरोना काल के दौरान उनके कोच विवेक यादव का निधन हो गया, जिससे उन्हें गहरा झटका लगा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपने प्रदर्शन से आगे बढ़ते रहे.
घरेलू क्रिकेट से IPL तक का सफर
अशोक ने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया और आईपीएल तक का सफर तय किया. वह राजस्थान रॉयल्स के लिए नेट गेंदबाज भी रह चुके हैं. आईपीएल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 55 लाख रुपये में खरीदा था, हालांकि उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला. इसके बाद गुजरात टाइटंस ने उन्हें 90 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया.
उनके घरेलू रिकॉर्ड की बात करें तो उन्होंने 4 प्रथम श्रेणी मैचों में 14 विकेट लिए हैं. लिस्ट-ए क्रिकेट में 7 मैचों में 13 विकेट और टी20 प्रारूप में 10 मैचों में 22 विकेट उनके नाम हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं