Vaibhav Suryavanshi: राजस्थान के खिलाफ IPL डेब्यू करने वाले एक गेंदबाज ने वैभव सूर्यवंशी को 0 पर आउट किया और रातों-रात शोहरत कमा ली. नागपुर के रहने वाले प्रफुल्ल प्रकाश हिंगे के कल सुबह तक इंस्टाग्राम पर कुछ 1500-2000 फॉलोवर्स थे जो एक रात में 1,80,000 से ज़्यादा हो गए हैं और लगातार तेज़ी से बढ़ते ही जा रहे हैं. वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में मुंबई के ख़िलाफ़ जसप्रीत बुमराह को पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर दुनिया के सभी गेंदबाज़ों के मन में एक सवाल और शायद हल्का सा ख़ौफ़ भी पैदा कर दिया है.
वैभव की बार-बार कही गई ये पंक्ति सुपरहिट हो गई है, “मैं बॉल को खेलता हूं, बॉलर को नहीं.” वैभव का ये स्टाइल अब उनसे युवा और उम्रदराज़ खिलाड़ियों के लिए एक टेम्प्लेट बनता जा रहा है. सिर्फ़ 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी एक रोल मॉडल बन गए हैं. बॉलीवुड स्टार वरुण धवन ने हैदराबाद बनाम राजस्थान मैच में STAR SPORTS पर आकर ख़ासकर बुमराह के ख़िलाफ़ पहली गेंद पर छक्का लगाने की तारीफ़ तो की ही, उन्होंने कहा, “वैभव कहते हैं कि उनकी फ़ेवरेट मिठाई राजभोग है. मैं तो कहता हूं कि ऐसा है तो सभी खिलाड़ियों को राजभोग खिलाना चाहिए!”
वैभव सूर्यवंशी के नेट्स में बड़े-बड़े छक्के लगाने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हैं. अभिषेक शर्मा भी टीम इंडिया के ताबड़तोड़ बैटर माने जाते हैं. लेकिन वर्ल्ड कप के दौरान उन्हें लेकर खई आलोचनाएं भी हुईं. पाकिस्तान के मो. आमिर तो अभिषेक को स्लॉगर तक कहते रहे, जिसका अभिषेक शर्मा ने अपने बल्ले से शानदार जवाब भी दिया. लेकिन फ़ैन्स वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा सहित दूसरे ओपनिंग बैटर की अब तुलना भी करने लगे हैं.
Vaibhav @ Uppal 🚀 pic.twitter.com/7UfBV3kiYA
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) April 13, 2026
पहली गेंद पर मात खा गए अभिषेक शर्मा
अभिषेक शर्मा ने राजस्थान टीम के ख़िलाफ़ वही कोशिश की जो वैभव सूर्यवंशी हमेशा करते हैं. जोफ़्रा आर्चर की पहली ही गेंद को अभिषेक शर्मा ने बाउंड्री के पार पहुंचाने की कोशिश की. मगर मिडिल और लेग स्टंप की जोफ़्रा की गेंद पर अभिषेक फंस गए. रवि बिश्नोई ने डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर उनका गेंद लपककर उनका काम तमाम कर दिया.
अभिषेक शर्मा इससे पहले IPL के 81 मैचों में 166 के स्ट्राइक रेट से 1 शतक और 10 अर्द्धशतकीय पारियों के सहारे 1945 रन बना चुके हैं. लेकिन उनके नाम कई गोल्डन डक यानी पहली ही गेंद पर विकेट गंवाने का भी रिकॉर्ड है. 2022 IPL में चेन्नई के ख़िलाफ़, 2023 में मुंबई के ख़िलाफ़, 2024 में कोलकाता के ख़िलाफ़, 2025 में बैंगलोर के ख़िलाफ़ और अब 2026 में राजस्थान के ख़िलाफ़ उन्होंने अपने नाम गोल्डन डक या पहली गेंद पर 0 के साथ लौटने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. 2024 में ज़िंबाब्वे के ख़िलाफ़ भी अंतर्राष्ट्रीय टी-20 में उन्होंने अपने नाम गोल्डन डक का रिकॉर्ड दर्ज किया था. हालांकि उसी सीरीज़ में उन्होंने एक शतकीय पारी भी खेली थी.
वैभव के सामने कोई भी हो गेंदबाज़ पहली गेंद बाउंड्री के पार
15 साल के वैभव सूर्यवंशी मैदान पर आते हैं तो अब दुनिया का कोई भी गेंदबाज़ हो सावधान ज़रूर रहता है. ख़ासकर बुमराह और जॉश हेज़लवुड जैसे गेंदबाज़ों को बाउंड्री पार करवाने के बाद अब कोई भी गेंदबाज़ उन्हें हल्के में नहीं ले रहा. IPL 2025 में उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शार्दुल ठाकुर को पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर की और अब दुनिया भर के क्रिकेट फ़ैन्स पहली ही गेंद से वैभव सूर्यवंशी का इंतज़ार करने लगे हैं.
हैदराबाद के ख़िलाफ़ मैच से पहले 4 मैचों में 15 गेंदों पर फ़िफ़्टी के सहारे 200 रन बनाकर वैभव ऑरेंज कैप की रेस में टॉपर्स की लिस्ट में बरक़रार हैं. मौजूदा सीज़न की शुरुआत में वैभव ने चेन्नई के ख़िलाफ़ मैच हेनरी की पहली गेंद का सामना गुवाहाटी में किया, गेंद बाउंड्री लाइन के बाहर- चार रन!
गुजरात के ख़िलाफ़ अहमदाबाद में भी वैभव ने मो. सिराज को लॉन्ग लेग पर चौका लगाकर की. और फिर गुवाहाटी में जसप्रीत बुमराह को पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने सनसनी मचा दी. बैंगलोर के ख़िलाफ़ भुवनेश्वर कुमार को उन्होंने एक शानदार स्ट्रेट ड्राइव लगाकर चौका जड़ा.
IPL 2026: पहली ही गेंद पर वैभव सूर्यवंशी के कारनामे
- गुवाहाटी में चेन्नई के ख़िलाफ़ मैट हेनरी को जड़ा 4 रन
- अहमदाबाद में गुजरात के ख़िलाफ़ मो.सिराज को 4 रन
- गुवाहाटी में मुंबई के ख़िलाफ़ जसप्रीत बुमराह को 6 रन
- गुवाहाटी में बैंगलोर के ख़िलाफ़ भुवनेश्वर कुमार को 4 रन
Vaibhav @ Uppal 🚀 pic.twitter.com/7UfBV3kiYA
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) April 13, 2026
टीम इंडिया में कब मिलेगा मौका?
ज़ाहिर है वैभव सूर्यवंशी को लेकर सवाल बड़े होने लगे हैं कि उन्हें टीम इंडिया में कब मौक़ा मिलेगा? कई जानकार ये भी कह रहे हैं कि उन्हें टीम इंडिया में शामिल करने में जल्दबाज़ी नहीं करनी चाहिए. भारत को अगला अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैच 26 जून को आयरलैंड के ख़िलाफ़ बेलफ़ास्ट में करना है. क्या वैभव को उस मैच में टीम इंडिया की ब्लू जर्सी हासिल करने का गौरव हासिल होगा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं