विज्ञापन

क्या होता है 'हनी ट्रैप', कैसे फंसते हैं लोग, आखिर BCCI को क्यों जारी करनी पड़ी चेतावनी?

'हनी ट्रैप' होता क्या है? अगर आपको भी नहीं पता तो उसका जवाब हम लेकर आए हैं. हनी ट्रैप एक जासूसी या आपराधिक प्रकिया है. जिसके तहत खास व्यक्ति को प्रेम, शारीरिक आकर्षण या रोमांटिक रिश्तों का लालच देकर फंसाया जाता है.

क्या होता है 'हनी ट्रैप', कैसे फंसते हैं लोग, आखिर BCCI को क्यों जारी करनी पड़ी चेतावनी?
कैसे काम करता है 'हनी ट्रैप'?

आईपीएल (IPL) के 19वें सीजन का रोमांच अपने चरम पर है. जारी टूर्नामेंट के बीच एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है. बीसीसीआई ने आईपीएल की सभी 10 टीमों को 'हनी ट्रैप' के खतरे से आगाह किया है. बीते गुरुवार (सात मई) को बोर्ड ने आठ पन्नों का निर्देश जारी किया. जिसमें मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) को निर्धारित करते समय प्रोटोकॉल के कुछ गंभीर उल्लंघनों के बारे में चिंता व्यक्त की गई है, जिनका निकट भविष्य में सख्ती से पालन करना जरूरी होगा.

बीसीसीआई के मौजूदा सचिव देवजीत सैकिया (Devajit Saikia) ने पत्र के माध्यम से कहा है, 'मौजूदा सत्र के दौरान कुछ घटनाओं को देखते हुए यह सलाह जारी की गई है और इसका उद्देश्य आईपीएल से जुड़े सभी हितधारकों से अपेक्षित पेशेवरपन, अनुशासन, सुरक्षा जागरूकता और प्रोटोकॉल का पालन करने के मानकों को मजबूत करना है.'

क्या होता है 'हनी ट्रैप'? 

अब सवाल उठता है कि आखिर ये 'हनी ट्रैप' होता क्या है? अगर आपको भी नहीं पता तो उसका जवाब हम लेकर आए हैं. हनी ट्रैप एक जासूसी या आपराधिक प्रकिया है. जिसके तहत खास व्यक्ति को प्रेम, शारीरिक आकर्षण या रोमांटिक रिश्तों का लालच देकर फंसाया जाता है. मुख्य रूप से इसका प्रयोग किसी शख्स को ब्लैकमेल करने, पैसा ठगने या गोपनीय/संवेदनशील जानकारी को उगलवाने लिए होता है. 

कैसे 'हनी ट्रैप' में फंसते हैं लोग?

- आमतौर पर 'हनी ट्रैप' की जाल में सरकारी अधिकारी, रक्षा कर्मचारी या रसूखदार लोगों का फंसाया जाता है. जिससे वह खास शख्स से गोपनीय जानकारी या मोटी रकम वसूल सकें. 

- अक्सर सोशल मीडिया या पार्टी के दौरान खास शख्स को जाल में फंसाया जाता है. अपराधी शख्स सोशल मीडिया (फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन) या डेटिंग ऐप्स पर उत्तेजक महिला या पुरुष की तस्वीर लगाकर टॉर्गेट से संपर्क साधता है और धीरे-धीरे उसके पास आने की कोशिश करता है.  

- इसके पश्चात मीठी मीठी बातों से शख्स को अपने जाल में फंसाया जाता है. यहीं नहीं कुछ घटनाओं में रिश्ता बनाकर शारीरिक या अंतरंग बातचीत/वीडियो कॉल के भी मामले सामने आए हैं.

- एक बार टॉर्गेट जब अपराधी शख्स के जाल में फंस जाता है. उसके पश्चात उसके अंतरंग वीडियो या फोटो दिखाकर उसे ब्लेकमेल किया जाता है. कई मामलों में 'हनी ट्रैप' का इस्तेमाल गोपनीय दस्तावेजों के लिए भी किया जाता है. जिससे देश/शख्स को भारी नुकसान होता है. 

बीसीसीआई की चिंता 

बीसीसीआई की मुख्य चिंता खिलाड़ियों के होटल के कमरों में ‘अनधिकृत व्यक्तियों' के आने को लेकर है. पत्र में कहा गया है, 'यह देखा गया है कि कुछ खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों ने संबंधित आईपीएल फ्रेंचाइजी टीम के मैनेजर की जानकारी या अनुमति के बिना अनधिकृत व्यक्तियों को होटल के अपने कमरों में प्रवेश करने की अनुमति दी है. कई मामलों में टीम मैनेजर को ऐसे मेहमानों की उपस्थिति के बारे में बिल्कुल भी पता नहीं था. इस चलन को तत्काल प्रभाव से सख्ती से प्रतिबंधित किया जाता है.'

सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों को भी तीन सूत्रीय निर्देश दिए गए थे जिनका पालन करना आवश्यक होगा.

पहला: किसी भी व्यक्ति को, चाहे उसकी पहचान कुछ भी हो या टीम के सदस्य से उसका संबंध कुछ भी हो या उसका घोषित उद्देश्य कुछ भी हो, टीम मैनेजर की पूर्व सूचना और स्पष्ट लिखित स्वीकृति के बिना खिलाड़ी या सहायक स्टाफ सदस्य के होटल के कमरे में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

दूसरा: अतिथियों और आगंतुकों का स्वागत केवल होटल के निर्दिष्ट सार्वजनिक स्थल जैसे लॉबी या होटल ‘रिसेप्शन लाउंज' में ही किया जाएगा. किसी भी अतिथि को होटल के निजी कमरों में तब तक नहीं ले जाया जाएगा जब तक कि टीम मैनेजर ने इसके लिए लिखित रूप में विशेष अनुमति न दी हो.

तीसरा: बीसीसीआई सभी फ्रेंचाइजी का ध्यान शीर्ष स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में लक्षित यौन शोषण और ‘हनी ट्रैपिंग' (सुनियोजित जासूसी या ब्लैकमेलिंग का तरीका, जिसमें किसी व्यक्ति को प्रेम, यौन आकर्षण या भावनात्मक प्रलोभन में फंसाया जाता है) के जोखिमों की ओर आकर्षित करता है. यौन दुर्व्यवहार से जुड़े भारतीय कानूनों के अंतर्गत गंभीर कानूनी आरोपों को जन्म देने वाली घटनाओं की संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है. आईपीएल फ्रेंचाइजी को ऐसे जोखिमों को कम करने के लिए हर समय सतर्क और सक्रिय रहना चाहिए.

इसमें कहा गया है कि फ्रेंचाइजी मालिकों से इन निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपेक्षा की जाती है. इसमें उन अज्ञात टीम मालिकों द्वारा किए गए उल्लंघनों का भी जिक्र किया गया है जिन्होंने खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों की पहुंच वाले क्षेत्रों की (पीएमओए) की पवित्रता को नहीं बनाए रखा है.

बीसीसीआई इस पर चिंता व्यक्त करता है कि कुछ आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिकों ने पीएमओए प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया है. विशेष रूप से ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिक मैच के दौरान खिलाड़ियों से बातचीत करने, उनके पास जाने, उन्हें गले लगाने या किसी अन्य प्रकार से शारीरिक रूप से संपर्क करने का प्रयास करते हैं. भले ही ऐसा व्यवहार सद्भावना से किया गया हो, लेकिन यह प्रोटोकॉल का सीधा उल्लंघन है और टीम की कार्यप्रणाली और मैच के संचालन में हस्तक्षेप माना जा सकता है.

टीम मालिकों के लिए तीन सूत्री दिशानिर्देश 

पहला: आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिकों और उनके प्रतिनिधियों को मैच के दौरान डगआउट, ड्रेसिंग रूम या मैदान में खिलाड़ियों या टीम के अधिकारियों के साथ संवाद करने या शारीरिक रूप से उन तक पहुंचने से सख्ती से प्रतिबंधित किया गया है.

दूसरा: सभी फ्रेंचाइजी मालिकों को आईपीएल के पीएमओए प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना होगा. किसी भी प्रकार के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा.

तीसरा: फ्रेंचाइजी प्रबंधन को यह सुनिश्चित करना होगा कि आईपीएल फ्रेंचाइजी मालिकों और उनके सहयोगियों को प्रत्येक मैच के दिन से पहले लागू प्रोटोकॉल के बारे में पूरी जानकारी दी जाए.

असम के क्रिकेटर और राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग का मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेपिंग (ई-सिगरेट का सेवन) करने से न केवल फ्रेंचाइजी बल्कि बीसीसीआई को भी काफी बदनामी झेलनी पड़ी है.

सैकिया ने रियान का नाम लिए बिना लिखा है, 'ड्रेसिंग रूम और टूर्नामेंट स्थलों के अन्य प्रतिबंधित क्षेत्रों में वेपिंग के मामलों को बीसीसीआई के संज्ञान में लाया गया है. इस पर गौर किया जाना चाहिए की भारतीय कानून के तहत ई-सिगरेट प्रतिबंधित हैं. आयोजन स्थल के परिसर के भीतर इस तरह के आचरण में लिप्त पाए जाने वाला कोई भी व्यक्ति न केवल बीसीसीआई और आईपीएल के नियमों का उल्लंघन कर रहा है, बल्कि वह इस संबंध में लागू कानूनों के अंतर्गत अपराध भी कर रहा है.'

उन्होंने कहा, 'इसलिए आईपीएल टूर्नामेंट से जुड़े सभी स्थलों (ड्रेसिंग रूम, डगआउट, टीम होटल और अभ्यास क्षेत्र) में वेपिंग, ई-सिगरेट और सभी प्रतिबंधित पदार्थों का उपयोग करने पर सख्त प्रतिबंध है.' (भाषा इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- Suryakumar Yadav: सूर्या के हाथों से क्यों जा रही कप्तानी? ये बड़ी वजह दे रही है SKY को दर्द

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com