क्रिकेट की कमेंट्री के दौरान पुराने मैचों को भी कमेंटेटर याद करते हैं. पुराने किस्सों से कुछ ऐसी जानकारी मिल जाती है, जो क्रिकेट फैंस के लिए हैरान करने वाली होती है. आईपीएल 2026 के दौरान कमेंट्री करते हुए भारतीय टीम के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) ने विराट कोहली से जुड़ा एक ऐसा ही किस्सा सुनाया. जियोहॉटस्टार पर 'चैंपियंस वाली कमेंट्री' पर बात करते हुए जियोस्टार एक्सपर्ट वीरेंद्र सहवाग ने बताया कि क्यों आईपीएल के पहले सीजन (आईपीएल 2008) में दिल्ली डेयरडेविल्स ने विराट कोहली (Virat Kohli) की जगह तेज गेंदबाज प्रदीप सांगवान (Pradeep Sangwan) को चुना.
सहवाग ने कहा, 'मुझे याद है. आईपीएल 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स में तिलकरत्ने दिलशान के साथ शिखर धवन भी हमारी टीम में थे. वे दोनों ओपनर थे, लेकिन हम उन्हें तीसरे और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी कराते थे क्योंकि गौतम और मैं पारी की शुरुआत करते थे. मनोज तिवारी ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की थी. हमारी टीम में बहुत सारे शीर्ष क्रम के बल्लेबाज थे, और उन सभी को बल्लेबाजी क्रम में फिट करना मुश्किल हो रहा था. उस समय, विराट कोहली भी तीसरे या चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे थे. इसलिए हमारे पास उन्हें लाने के लिए जगह नहीं थी. हमारे पास एक गेंदबाज की कमी थी, इसलिए हमने कोहली के बजाय प्रदीप सांगवान को लाने का फैसला किया.'
दिल्ली सहवाग, गंभीर, शिखर की तरह ही विराट की भी घरेलू टीम थी, लेकिन आईपीएल 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने विराट को नहीं खरीदा. विराट इसी सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का हिस्सा बने और आईपीएल 2026 में भी आरसीबी की तरफ से ही खेल रहे हैं. यह लगातार 19वां सीजन है, जब विराट आरसीबी का हिस्सा हैं. यह आईपीएल का रिकॉर्ड है. किसी भी दूसरे खिलाड़ी ने किसी फ्रेंचाइजी के साथ इतना लंबा समय नहीं गुजारा. विराट की फॉर्म और फिटनेस को देखते हुए ऐसा लगता है कि कम से कम आईपीएल 2028 तक वह आरसीबी का हिस्सा रहेंगे.
विराट ने लंबे समय तक आरसीबी की कप्तानी की है, और टीम की लोकप्रियता ब्रांड वैल्यू में उनका सबसे बड़ा योगदान है.आईपीएल 2025 में टीम को चैंपियन बनाने में उनका बल्ले से बड़ा योगदान रहा था. दिल्ली अब तक आईपीएल का खिताब नहीं जीत पाई है.
यह भी पढ़ें- CSK की टीम में खलील अहमद की जगह कौन? भविष्य के स्टार हैं तीनों गेंदबाज, हुई एंट्री तो बदल जाएगी किस्मत!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं