Virat Kohli vs Travis Head: आईपीएल 2026 में शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रनों से हराया. मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच जुबानी जंग देखने को मिली. हालांकि, मैच खत्म होने के बाद भी कोहली का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने हेड से हाथ तक नहीं मिलाया.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि मैच के बाद कोहली सनराइजर्स हैदराबाद के बाकी सभी खिलाड़ियों से हाथ मिलाते हैं, लेकिन वह हेड की तरफ देखते तक नहीं हैं. हालांकि, हेड ने विराट से हाथ मिलाने के लिए अपना हाथ आगे भी बढ़ाया, लेकिन वह हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज को नजरअंदाज करके आगे निकल गए.
इससे पहले, मैच के दौरान कोहली और ट्रेविस हेड आपस में उलझते हुए दिखाई दिए. पहली पारी में ट्रेविस हेड के आउट होने के बाद कोहली ने काफी आक्रामक जश्न मनाया था, जो हेड को पसंद नहीं आया था. इसके बाद आरसीबी की पारी के दौरान कोहली वेंकटेश अय्यर द्वारा लगाए जा रहे चौके-छक्कों के बाद हेड की तरफ देखते हुए बार-बार तंज कसते हुए नजर आए. हेड भी शांत नहीं रहे और उन्होंने भी इशारों-इशारों में विराट को जवाब दिया. एक वीडियो में विराट हेड को उनके सामने गेंदबाजी करने की चुनौती देते हुए भी नजर आए.
#ViratKohli 🆚 #TravisHead 🥵🤯
— Star Sports (@StarSportsIndia) May 22, 2026
Tensions rise in high voltage clash🔥#TATAIPL Race to Playoffs 2026 👉 #SRHvRCB | LIVE NOW ➡️https://t.co/52qPTW2gSO pic.twitter.com/JOiWaxNW6T
वहीं भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कमेंट्री के दौरान बताया कि दोनों किस बात को लेकर उलक्षे. इरफान ने कहा,"विराट कोहली ने ट्रैविस हेड को ऑफ-स्पिन बॉलिंग करने के लिए बुलाया था, उन्होंने कहा कि तुम हमेशा इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मैदान में उतरते हो. दोनों के बीच फिर से हंसी-मजाक शुरू हो गया, कोहली ने हेड को बॉलिंग करने के लिए बुलाया." सोशल मीडिया पर दावा है कि इसके बाद जब कोहली आउट हुए तो, ट्रेविस हेड ने तंज कसते हुए कोहली को कहा कि उनके बॉलिंग करने से पहले ही वो आउट हो गए.
मैच खत्म होने के बाद, भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने भी इस घटना पर अपने विचार शेयर किए. उन्होंने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा,"ट्रेविस हेड ने हाथ बढ़ाया, लेकिन विराट कोहली ने हाथ नहीं मिलाया. मुझे नहीं पता कि क्या हुआ, लेकिन कोहली और हेड के बीच बीच में थोड़ी हंसी-मजाक हुई. इस हंसी-मजाक का नतीजा यह हुआ कि कोहली ने हेड से हाथ मिलाने से मना कर दिया."
बात अगर मैच की करें तो राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरएच ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 255 रन लगाए. अभिषेक शर्मा ने 22 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 56 रन बनाए. वहीं, ईशान किशन ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 46 गेंदों में 79 रनों की दमदार पारी खेली. हेनरिक क्लासेन ने महज 24 गेंदों का सामना करते हुए 51 रन बनाए.
256 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 200 रन ही बना सकी. टीम की ओर से रजत पाटीदार ने 56 रनों की कप्तानी पारी खेली, जबकि वेंकटेश अय्यर ने 19 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और चार छक्कों की मदद से 44 रन बनाए. वहीं, क्रुणाल पांड्या 41 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला सके.
यह भी पढ़ें: IPL 2026 Playoff: मैच लखनऊ-पंजाब का, धड़कने बढ़ी हुईं हैं कोलकाता, दिल्ली, राजस्थान की, ऐसा है समीकरण
यह भी पढ़ें: SRH vs RCB: हैदराबाद का 'डबल धमाका', कारनामा करने वाली 19 साल में पहली टीम, एक रिकॉर्ड का जवाब नहीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं