Virat Kohli IPL Unique Record, RCB vs GT: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के महामुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से रौंदकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया है. गुजरात से मिले 156 रनों के लक्ष्य को बेंगलुरु ने 18 ओवरों में ही हासिल कर लिया. आरसीबी अब चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद अपने खिताब का सफल बचाव करने वाली आईपीएल इतिहास की सिर्फ तीसरी टीम बन गई है. इस ऐतिहासिक खिताबी जीत के असली महानायक रहे 'किंग' विराट कोहली. उन्होंने महज 42 गेंदों पर 9 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 75 रनों की ऐसी जादुई पारी खेली, जिसने गुजरात के गेंदबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया.
कोहली ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर अरशद खान को एक कड़क छक्का जड़कर न सिर्फ मैच खत्म किया, बल्कि बेंगलुरु के फैंस को जश्न में डुबो दिया. इस बेमिसाल पारी के लिए उन्हें 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया.
विराट कोहली के ऐतिहासिक रिकॉर्ड्स (IPL 2026 Final)
विराट कोहली ने इस फाइनल मैच में अपनी बल्लेबाजी से रिकॉर्ड बुक को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया:
सबसे तेज फिफ्टी: कोहली ने गुजरात के खिलाफ सिर्फ 25 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक ठोका. यह आईपीएल फाइनल के इतिहास का संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक भी है.
उम्र को दी मात: 37 साल 207 दिन की उम्र में फाइनल के हीरो बने विराट कोहली आईपीएल फाइनल में 'मैन ऑफ द मैच' जीतने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं.
कगिसो रबाडा की लगाई क्लास: इस सीजन में कोहली ने गुजरात के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा को रिमांड पर लिया. उन्होंने रबाडा के खिलाफ कुल 82 रन कूटे, जो आईपीएल के एक सीजन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक गेंदबाज के खिलाफ बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं.
लगातार चौथे सीजन में 600+ रन
विराट कोहली ने इस पूरे सीजन में आरसीबी के लिए रनों का अंबार लगाया. उन्होंने 16 मैचों में 165 के स्ट्राइक रेट से कुल 675 रन बनाए. इसी के साथ वह आईपीएल इतिहास में लगातार चार सीजन तक 600 से अधिक रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. फाइनल मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने वेंकटेश अय्यर के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 27 गेंदों में 62 रनों की आतिशी साझेदारी की. इसी तूफानी शुरुआत के दम पर आरसीबी ने महज 3.3 ओवर में अपने 50 रन पूरे कर लिए, जो आईपीएल फाइनल के इतिहास में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे तेज अर्धशतक (Fastest Team 50) है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं