- विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच आईपीएल मैच के दौरान मैदान पर जोरदार विवाद हुआ था जिससे तनाव बढ़ गया.
- ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका को सोशल मीडिया पर विवाद के बाद अपमानजनक टिप्पणियों और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा.
- अमेरिकी रैपर ट्रेविस स्कॉट को गलती से ट्रेविस हेड समझकर सोशल मीडिया पर भद्दे कमेंट्स किए गए.
विराट कोहली-ट्रेविस हेड के बीच मैदान पर हुआ विवाद, हर बीतते दिन के साथ और गंदा मोड़ लेता जा रहा है. मैदान पर दो खिलाड़ियों के आपसी झगड़े में पहले फैंस ने ऑस्ट्रेलियाई स्टार की पत्नी को घसीटा. इस मामले में अब अमेरिकी रैपर ट्रेविस स्कॉट भी पिस रहे हैं, जिनका इस जंग से कोई लेना देना नहीं है. और तो और इस व्यक्ति का क्रिकेट से दूर-दूर तक नाता नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया पर उन्हें गालियां खानी पड़ रही हैं.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हुए मुकाबले में ट्रेविस हेड और विराट कोहली के बीच जमकर जुबानी जंग हुई थी. मैच के बाद कोहली ने ट्रेविस हेड से हाथ मिलाने से इंकार कर दिया था, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे. स्थिति तब और बिगड़ गई जब कई फैंस ने हेड की पत्नी जेसिका को इस विवाद में घसीट लिया. जेसिका को ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा. फैंस यहीं नहीं रूके और उन्होंने ट्रेविस स्कॉट को भी ट्रोल किया. शायद उन्होंने ट्रेविस स्कॉट को ट्रेविस हेड समझने की गलती की. इंस्टाग्राम पर कई यूज़र्स ने स्कॉट की तस्वीरों पर गंदे और भद्दे कमेंट्स किए. ये पोस्ट जल्द ही वायरल हो गईं और इससे एक बार फिर फैंस के बर्ताव का बुरा पहलू सामने आया है.

इससे पहले सोमवार को ऑस्ट्रेलियाई ट्रेविस हेड की पत्नी जेसिका ने आरोप लगाया है कि इंडियन प्रीमियर लीग के मैच के दौरान उनके पति की भारतीय सुपरस्टार विराट कोहली के साथ मैदान पर हुई कहासुनी के बाद उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर अपमानजनक टिप्पणियों की बाढ़ आ गई है. जेसिका ने कहा कि वर्ल्ड कप 2023 फाइनल के बाद भी उन्हें इसी तरह की ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था.
जेसिका ने 'द एडिलेड एडवर्टाइजर' से कहा,"ऐसा लगता है कि जिस तरह से विश्व कप के बाद दुर्व्यवहार किया गया था, वह फिर से दोहराया जा रहा है." यह बात उन्होंने 2023 में खेले गए वनडे विश्व कप के फाइनल के संदर्भ में कही जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था और हेड ने 137 रन की शानदार पारी खेली थी. इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला था.
जेसिका ने कहा,"मैं सुबह उठी तो मैंने देखा कि मेरे सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार संदेश आ रहे हैं. वे मेरे दोस्तों और परिवार के खिलाफ भी अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे हैं." इस बीच भारत के पूर्व खिलाड़ी वसीम जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि कोहली को हेड से हाथ मिलाना चाहिए था. उन्होंने कहा,"उस बात को वहीं पर खत्म कर देना चाहिए था. उन्हें हाथ मिलाकर उसे भूल जाना चाहिए था. कोहली इस खेल के दूत हैं और यह (हाथ नहीं मिलाना) सही नहीं था. वह इतने बड़े खिलाड़ी हैं कि उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था."
यह भी पढ़ें: डीपी बदली, PBKS का नाम हटाया...अर्शदीप ने इंस्टा पर चलाया सफाई अभियान, 200 से ज्यादा पोस्ट की डिलीट
यह भी पढ़ें: RCB vs GT: आरसीबी की 'बैटिंग डेप्थ' बनाम गुजरात की 'कातिलाना बॉलिंग', धर्मशाला में क्वालिफायर-1 की सबसे बड़ी जंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं