भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली गुरुवार को 38 साल के हो गए. इस खास मौके पर उनके पूर्व साथी खिलाड़ियों, मौजूदा क्रिकेटरों, बीसीसीआई पदाधिकारियों और आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. इस बीच विराट की बहन भावना कोहली ढींगरा का भावुक संदेश और बचपन की तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई.
विराट कोहली की बहन भावना कोहली ढींगरा ने सोशल मीडिया पर दोनों की बचपन की तस्वीर शेयर करते हुए खास संदेश लिखा. उन्होंने कहा, 'हैप्पी बर्थडे वीरे. छोटे हाथों के साथ-साथ आपका दिल भी बड़ा हुआ है. आपकी सादगी और नेकदिल स्वभाव मुझे हमेशा गर्व महसूस कराता है.'

Photo Credit: Bhawna Kohli Dhingra
शिखर धवन ने बताया प्रेरणा का स्रोत
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने सबसे पहले शुभकामनाएं देने वालों में जगह बनाई. धवन ने कहा कि विराट का खेल के प्रति जुनून, भूख और समर्पण आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करता है. उन्होंने विराट के लिए शानदार वर्ष की कामना की.
सुरेश रैना ने भी किंग को दी शुभकामनाएं
पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने विराट को 'किंग कोहली' बताते हुए उनके करियर की यादगार पारियों को याद किया. रैना ने कहा कि विराट ने अपने कवर ड्राइव, रन चेज और जुझारू अंदाज से क्रिकेट फैंस को अनगिनत यादें दी हैं। उन्होंने अपने संदेश का अंत 'Once a King, Always a King' के साथ किया.
दिनेश कार्तिक और मोहम्मद शमी ने भी दी बधाई
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने विराट की फिटनेस की तारीफ करते हुए लिखा कि 38 साल की उम्र में भी उनमें वही ऊर्जा और जुनून दिखाई देता है. वहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने इंस्टाग्राम के जरिए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और आने वाले समय के लिए सफलता की कामना की.
राजीव शुक्ला ने सराहा योगदान
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने विराट कोहली की उपलब्धियों, जुझारूपन और खेल के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की. उन्होंने कहा कि विराट ने ऐसे मानक स्थापित किए हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों को प्रेरित करते रहेंगे.
BCCI और RCB ने किया खास अंदाज में विश
बीसीसीआई ने विराट कोहली के टेस्ट जर्सी वाले एक विशेष पोस्टर के साथ उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. बोर्ड ने उनके 566 अंतरराष्ट्रीय मैच, 28,601 रन और 86 अंतरराष्ट्रीय शतकों का जिक्र करते हुए उन्हें खेल के महानतम खिलाड़ियों में से एक बताया. वहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने विराट को मौजूदा दौर का सबसे प्रभावशाली क्रिकेटर बताया. फ्रेंचाइजी ने कहा कि आंकड़े इतिहास की किताबों में दर्ज रहेंगे, लेकिन विराट ने अपने खेल से जो भावनाएं क्रिकेट प्रेमियों को दी हैं, वही उन्हें सबसे अलग बनाती हैं.
वनडे क्रिकेट में अब भी कायम है विराट का जलवा
टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद विराट कोहली अब 50 ओवर के प्रारूप पर फोकस कर रहे हैं. वह वनडे क्रिकेट में 8,000 से 14,000 रन तक पहुंचने वाले सबसे तेज बल्लेबाज हैं. उन्होंने 318 वनडे मैचों में 15,183 रन बनाए हैं, जिसमें 55 शतक और 80 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम 125 मैचों में 4,188 रन दर्ज हैं.
यह भी पढ़ें- हार हुई ट्रंप की, झूम उठा तेंदुलकर का शेयर, जानें विराट और रोहित ने एक ही दिन में कमाए कितने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं