Sri Lanka A vs India A, Final: वैभव सूर्यवंशी ने लीग चरण की नाकामी को पीछे छोड़ते हुए 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी के दौरान लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक भी जड़ा, जिससे भारत ए ने त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में श्रीलंका ए के खिलाफ 9 विकेट पर 377 रन का विशाल स्कोर बनाया. जिसके बाद श्रीलंका ए की टीम 311 रन बनाकर आउट हो गई. भारत ए की टीम इस मैच को 66 रन से जीतने में सफल हो गई. भारत की ओर से यश ठाकुर ने 3 विकेट लिए तो वहीं, विप्रज निगम के खाते में दो विकेट आया. श्रीलंका ए की ओर से सदीरा समरविक्रमा ने 44 गेंद पर 52 और वानुजा सहान ने 62 रन की पारी खेली लेकिन इतने बड़े लक्ष्य के दबाव को श्रीलंकाई टीम झेल नहीं पाई. वैभव सूर्यवंशी को उनके 94 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया.
India A beat Sri Lanka A by 66 runs to clinch the #TriNationSeries 2026 title 🏆
— BCCI (@BCCI) June 21, 2026
A brilliant campaign comes to a perfect end 👏💙
Scorecard ▶️ https://t.co/CnmyVyoyjy#SLAvINDA pic.twitter.com/hz1m4voody
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारत ए की टीम सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर 400 रन के आंकड़े की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन मध्य ओवरों में श्रीलंका ए ने शानदार वापसी की. कप्तान तिलक वर्मा ने 90 गेंदों पर 67 रन की संयमित पारी खेलकर टीम को संभाला. वहीं, अनुकूल रॉय ने 15 गेंदों में 39 रन और विप्रज निगम ने 20 गेंदों में 27 रन बनाकर अंतिम ओवरों में तेजी से रन जुटाए, जिससे भारत ए का स्कोर 375रन के पार पहुंच गया.
वैभव सूर्यवंशी का धमाका
यह मैच वैभव सूर्यवंशी के नाम रहा. बिहार के समस्तीपुर के 15 वर्षीय खब्बू बल्लेबाज ने महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिस्ट ए क्रिकेट का नया रिकॉर्ड बना दिया. उन्होंने श्रीलंका के कौशल्य वीररत्ने का 21 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा. वीररत्ने ने 2005 में 12 गेंदों में अर्धशतक लगाया था.इस सीरीज में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले सूर्यवंशी शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में नजर आए. उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर शुरू से दबाव बनाया और मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए. उन्होंने पांच छक्कों और पांच चौकों की मदद से 11 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. तेज गेंदबाज दुलाज समुदिथा की लगातार दो गेंदों पर सीधे छक्के लगाकर उन्होंने रिकॉर्ड अपने नाम किया.
इस सलामी बल्लेबाज ने ताकत और शानदार टाइमिंग का बेहतरीन मिश्रण दिखाया. शुरुआत में उन्होंने तेज गेंदबाजों के खिलाफ लेग साइड में रन बटोरे और बाद में ऑफ साइड में भी आकर्षक शॉट खेले. इस दौरान अच्छी गेंदों को भी सीमा रेखा के पार पहुंचाने की उनकी क्षमता एक बार फिर देखने को मिली. उनकी पारी का सबसे आकर्षक हिस्सा एक्स्ट्रा कवर के ऊपर लगाए गए छक्के रहे.इस क्षेत्र में लगाए गए तीन दर्शनीय छक्कों ने उनकी बल्लेबाजी कौशल, संतुलन और बेखौफ अंदाज को बखूबी दर्शाया.
प्रियांश आर्य और सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए जोड़े 132 रन
प्रियांश आर्य (39) के साथ सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 132 रन की साझेदारी की। वह लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे तेज शतक लगाने की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन स्पिनर सहान अरच्चिगे ने उन्हें मिडऑफ पर कैच कराकर उनकी आतिशी पारी का अंत कर दिया। अगले ही ओवर में आर्य भी आउट हो गए और श्रीलंका ए ने मुकाबले में वापसी की.
इसके बाद अनुभवी ऋतुराज गायकवाड़ (40) और तिलक वर्मा ने तीसरे विकेट के लिए 63 रन जोड़े, लेकिन रन गति कुछ धीमी पड़ गई. अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने के प्रयास में भारत ए के विकेट लगातार गिरते रहे लेकिन विपराज निगम और अनुकूल ने उपयोगी पारियां खेलकर टीम को 377 रन तक पहुंचा दिया. अनुकूल ने अपनी पारी के चार में से तीन छक्के आखिरी ओवर में कुगाथस मथुलन के खिलाफ जड़े.
ये भी पढ़ें- दबाव..हौसला और बदला..फादर्स डे पर वैभव सूर्यवंशी की 94 रन की पारी पिता को सच्चा ट्रिब्यूट
(भाषा के इनपुट के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं