Vaibhav Suryavanshi Highest Strike Rate Record, RR vs DC IPL 2026: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के 15 वर्षीय 'वंडर बॉय' वैभव सूर्यवंशी आज दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे, तो उनके नाम के साथ एक खौफनाक रिकॉर्ड जुड़ा होगा जिसे तोड़ना नामुमकिन सा लगता है. वैभव अब आईपीएल इतिहास में न्यूनतम 500 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में सबसे बेहतरीन स्ट्राइक रेट रखने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. इस मुकाम को हासिल करने के लिए वैभव ने मैदान पर जो पसीना बहाया और उनके परिवार ने जो त्याग किया, उसका परिणाम अब दुनिया के सामने है.
वैभव की आक्रामकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने महज 227 गेंदों में अपने 500 आईपीएल रन पूरे कर ग्लेन मैक्सवेल (260 गेंद) जैसे दिग्गज का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया था. इस सीजन में उन्होंने 9 मैचों में 238.10 के बेमिसाल स्ट्राइक रेट से 400 रन कूटकर विपक्षी खेमों में दहशत पैदा कर दी है. सवाई मानसिंह स्टेडियम, जयपुर के मैदान पर आज वैभव की नजरें अभिषेक शर्मा के एक सीजन में 42 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ने पर भी होंगी, जिससे वो महज 6 कदम दूर हैं.
15 साल की उम्र में ऐसी परिपक्वता और 224.83 का ओवरऑल करियर स्ट्राइक रेट यह साफ बताता है कि दिल्ली के गेंदबाजों के लिए आज का दिन काफी कठिन होने वाला है. वैभव का हर शॉट उनकी सालों की कड़ी मेहनत और संघर्ष की गवाही दे रहा है, जिसने उन्हें आईपीएल इतिहास का सबसे विस्फोटक बल्लेबाज बना दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं