विज्ञापन

बिना टिकट यात्री, बच्चों की गिनती नहीं... जबलपुर क्रूज हादसे में 9 मौतों के बाद उठ रहे कई गंभीर सवाल

जबलपुर के बरगी बांध में क्रूज हादसे में 9 लोगों की मौत हो चुकी है. बच्चों की टिकट नहीं होने और बिना टिकट सवारियों की आशंका से यात्रियों की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं हो पा रही है. NDRF‑SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

बिना टिकट यात्री, बच्चों की गिनती नहीं... जबलपुर क्रूज हादसे में 9 मौतों के बाद उठ रहे कई गंभीर सवाल
  • जबलपुर जिले में बरगी बांध क्रूज हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और कई लापता हैं.
  • क्रूज पर यात्रियों की संख्या 31 बताई गई है, लेकिन बच्चे और मुफ्त सवारियों की वजह से संख्या अधिक हो सकती है.
  • क्रूज पर अचानक आए तूफान और तेज लहरों के कारण नाव पलट गई, जिससे यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
जबलपुर:

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बरगी बांध में गुरुवार शाम हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. ताजा जानकारी के अनुसार अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई यात्री अब भी लापता बताए जा रहे हैं. शुक्रवार सुबह तीन और शव बरामद किए गए हैं, जिनकी अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है. मृतकों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं.

हादसे के वक्त क्रूज पर यात्रियों की सही संख्या को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. आधिकारिक जानकारी के मुताबिक क्रूज पर 29 यात्री और 2 क्रू मेंबर सवार थे, लेकिन चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि क्रूज पर कुछ बच्चे भी मौजूद थे. चूंकि छोटे बच्चों का टिकट नहीं लगता, इसलिए उनका हेड काउंट नहीं हो पाया. इसके अलावा कुछ लोगों को फ्री में बैठाए जाने की भी आशंका जताई जा रही है. ऐसे में क्रूज पर कुल सवार लोगों की संख्या 30 से अधिक होने की बात कही जा रही है.

बचाव और तलाशी अभियान जारी

हादसे के बाद से ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं. देर रात तक चले अभियान में अब तक 28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है. हालांकि, हादसे को 15 घंटे से अधिक समय बीत जाने के कारण लापता लोगों के जिंदा मिलने की उम्मीद कम होती जा रही है.

यह भी पढ़ें- टूटती जा रही 8 लापता यात्रियों के बचने की उम्मीदें, एक और शव निकाला गया; दूसरे दिन भी तलाश जारी

प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद हैं. लोक निर्माण मंत्री, पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी घटनास्थल पर डटे हुए हैं, जबकि विधायक राकेश सिंह भी रातभर मौके पर मौजूद रहे. जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है.

Latest and Breaking News on NDTV

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार 30 अप्रैल गुरुवार शाम करीब 5:15 बजे पर्यटक क्रूज पर सवार होकर नर्मदा नदी में भ्रमण कर रहे थे. करीब 5:30 बजे खमरिया टापू के पास अचानक मौसम ने करवट ली. तेज आंधी, तूफान और ऊंची लहरों के दबाव में क्रूज अनियंत्रित होकर पलट गया. यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते क्रूज पानी में समा गया. जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय के मुताबिक, इस क्षेत्र में गुरुवार सुबह से ही तेज हवाएं चल रही थीं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई थी.

यह भी पढ़ें- बरगी बांध क्‍या है? 29 यात्र‍ियों से भरा क्रूज डूबा, 4 के शव मिले, कई यात्री अभी भी लापता, रेस्‍क्‍यू जारी

लापता लोग, जिनकी तलाश जारी

तमिल (5)
विराज (6)
मयूरम (9)
आरएच सैय्यद
रेशमा सैय्यद (66)
पूनम थापा (7)
समीम जफर
ज्योति श्रीवास (34)

Latest and Breaking News on NDTV

मृतकों की पहचान

हादसे में अब तक जिन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, उनमें शामिल हैं- 

नीतू सोनी (43)
सोभाग्यम अलागन (42)
मधुर मैसी (62)
काकुलाझी (38)

इसके अलावा चार अन्य शव बरामद हुए हैं, जिनकी अभी पहचान नहीं हो सकी है.

क्रूज संचालन पर सवाल

बरगी बांध में पर्यटन गतिविधियों के तहत वर्ष 2006 से क्रूज संचालन हो रहा है. यहां दो क्रूज हैं- एक हाउस बोट और एक मिनी क्रूज. एक क्रूज की क्षमता करीब 60 लोगों की बताई जाती है. हादसे का शिकार हुए क्रूज में 40 से अधिक लोगों के सवार होने की बात सामने आ रही है. एक व्यक्ति का टिकट करीब 200 से 220 रुपये का है, जबकि 5 साल तक के बच्चों को मुफ्त सुविधा दी जाती है.

मुख्यमंत्री ने की आर्थिक सहायता की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए प्रति मृतक ₹4 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. साथ ही मुख्यमंत्री ने संबंधित मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए हैं. फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता लापता लोगों की तलाश और हादसे के कारणों की जांच पर है. पूरे प्रदेश की नजरें इस दर्दनाक हादसे पर टिकी हुई हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com