Petrol Diesel Rate Today: मई महीने की शुरुआत के साथ ही पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें जारी कर दी गई हैं. ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में जारी उतार-चढ़ाव के बीच, सरकारी तेल कंपनियों ने आम जनता को बड़ी राहत दी है. इंडियन ऑयल (IOC) ने एक बयान जारी कर बताया है कि रिटेल ग्राहकों के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. देश की कुल खपत का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा यही रिटेल ग्राहक इस्तेमाल करते हैं.
कंपनी ने साफ किया है कि आम जनता को प्रभावित करने वाले फ्यूल में कोई रिवीजन नहीं हुआ है, जिससे लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ नहीं बढ़ेगा.ऐसे में गाड़ी की टंकी फुल कराने से पहले जान लें कि आपके शहर में पेट्रोल-डीजल का लेटेस्ट रेट क्या है...
देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें
- नई दिल्ली में पेट्रोल का दाम ₹94.77 प्रति लीटर और डीजल ₹87.67 प्रति लीटर पर स्थिर है.
- मुंबई में पेट्रोल ₹103.54 प्रति लीटर और डीजल ₹90.03 प्रति लीटर की कीमत पर बिक रहा है.
- कोलकाता में पेट्रोल की कीमत ₹105.41 प्रति लीटर र डीजल का भाव ₹92.02 प्रति लीटर है.
- चेन्नई में आज पेट्रोल ₹100.80 प्रति लीटर और डीजल ₹92.39 प्रति लीटर के पुराने रेट पर ही मिल रहा है.
- बेंगलुरु में पेट्रोल का भाव ₹102.92 प्रति लीटर है, जबकि डीजल ₹90.99 प्रति लीटर पर बना हुआ है.
कच्चे तेल का भाव फिर चढ़ा,ब्रेंट क्रूड $111.70 प्रति बैरल पर
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की वजह से कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें सातवें आसमान पर पहुंच गई हैं.ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) की कीमतों में 1.2 प्रतिशत की बढ़त देखी गई और यह $111.70 प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया. हालांकि, यह उछाल गुरुवार को दर्ज किए गए चार साल के उच्चतम स्तर $126.41 से काफी नीचे है. दूसरी ओर, अमेरिकी क्रूड (U.S. Crude) की कीमतों में भी 0.5 प्रतिशत की तेजी आई, जिसके बाद यह $105.64 प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है.
तेल कंपनियों को पेट्रोल पर 14 और डीजल पर 18 रुपये का नुकसान
कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का जिसका सीधा असर तेल कंपनियों की जेब पर पड़ रहा है. एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतें स्थिर होने की वजह से सरकारी तेल कंपनियों को हर लीटर की बिक्री पर भारी घाटा उठाना पड़ रहा है. तेल कंपनियों (OMCs) को पेट्रोल पर करीब 14 रुपये और डीजल पर 18 रुपये प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है. कंपनियों के लिए यह स्थिति चुनौतीपूर्ण है क्योंकि लागत बढ़ने के बावजूद आम जनता को राहत देने के लिए कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की गई है.
देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक,अफवाहों पर न दें ध्यान
बीते दिन तेल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच सरकार ने साफ किया है कि देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, इसलिए घबराने की कोई जरूरत नहीं है. सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे 'पैनिक बाइंग' (Panic Buying) यानी घबराहट में आकर जरूरत से ज्यादा खरीदारी न करें और न ही किसी तरह की अफवाहों पर ध्यान दें. आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी और सरकारी बयानों पर ही भरोसा करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं