जल्द ही भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जानी है. आगामी सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान भी हो चुका है. टीम में एक बार फिर से अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की वापसी हुई है. सैमसन के टीम में आने के बाद एक बार फिर से कप्तान और कोच के सामने समस्या खड़ी हो गई है कि वह किस सलामी जोड़ी के साथ मैदान में उतरे. क्योंकि टीम में सैमसन के अलावा अभिषेक शर्मा के साथ-साथ होनहार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी शामिल किया गया है. भारतीय टीम में डेब्यू करने के बाद से वैभव ने लगातार सराहनीय प्रदर्शन किया है. वहीं अभिषेक का बल्ला इन दिनों उनसे रूठा हुआ है. जिसके बाद कुछ लोगों ने अपना विचार साझा किया है कि वैभव के साथ टीम को नई सलामी जोड़ी आजमानी चाहिए.
हालांकि, अभिषेक के प्रदर्शन को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है. हाल के प्रदर्शनों को छोड़ दिया जाए तो उन्होंने देश के लिए क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया है. मगर वैभव के मौजूदा खेल के सामने वह कहीं ना कहीं पीछे छूटते जा रहे हैं. खबर लिखे जाने तक वैभव सूर्यवंशी ने कुल छह टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. छह मुकाबलों के बाद अभिषेक और उनके प्रदर्शन के बीच तुलना करें तो वह कुछ इस प्रकार है-
छह टी20 इंटरनेशनल मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी ने भारत की तरफ से अबतक छह टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेलते हुए छह पारियों में 32.16 की औसत से 193 रन बनाए हैं. ये रन उन्होंने 189.22 की स्ट्राइक रेट से बनाए हैं. वैभव के नाम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में दो अर्धशतक दर्ज है. 81 रनों की खेली गई पारी उनकी एक मैच में खेली गई अबतक की सर्वोच्च पारी है.
छह टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों के बाद अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन
वहीं अभिषेक शर्मा ने भारतीय टीम की तरफ से शिरकत करते हुए शुरुआती छह टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 28.00 की औसत से 140 रन बनाए थे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 179.49 का रहा था. अभिषेक शर्मा के बल्ले से इस दौरान एक शतकीय पारी देखने को मिली, जो 100 रनों की थी. उनके बल्ले से शुरुआती छह मुकाबलों में एक भी अर्धशतक देखने को नहीं मिला था.
यह भी पढ़ें- रणजी के 'किंग' मुंबई की कहानी अब OTT पर, पर्दे के पीछे की दुनिया आएगी सामने, सूर्या-श्रेयस सब आएंगे नजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं