Vaibhav Sooryavanshi record: शुभमन गिल के शानदार शतक ने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स और वैभव सूर्यवंशी के शानदार सफर का अंत कर दिया और सात विकेट से जीत दर्ज करके गुजरात टाइटंस ने तीसरी बार फाइनल में जगह बना ली जहां सामना मौजूदा चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू से होगा . इस सत्र में नित नया इतिहास रचने वाले वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर 47 गेंद में 96 रन की पारी खेली और आखिरी ओवर में डोनोवन फरेरा ने राशिद खान को चार छक्के जड़कर राजस्थान रॉयल्स को छह विकेट पर 214 रन तक पहुंचाया. जवाब में गिल और साइ सुदर्शन ने पहले विकेट के लिये 77 गेंद में 167 रन की साझेदारी करके मैच को रॉयल्स की जद से बाहर कर दिया और गुजरात ने आठ गेंद बाकी रहते जीत दर्ज की .
वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड
भले ही वैभव शतक से चूक गए लेकिन अपनी 96 रन की पारी के दौरान उन्होंने विराट कोहली के खास रिकॉर्ड को तोड़ दिया, वैभव सूर्यवंशी अब IPL के एक सीजन में सबसे ज़्यादा बाउंड्री लगाने बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने जोस बटलर और कोहली को पछाड़ दिया है. बटलर ने साल 2022 के सीजन में 128 बाउंड्री लगाए थे. वहीं, कोहली ने 2016 में 121 बाउंड्री लगाने का कमाल किया था.
वैभव ने IPL के एक सीज़न में सबसे ज़्यादा बाउंड्री लगाने का बटलर का ऑल-टाइम रिकॉर्ड तोड़ दिया है
◉ 129: वैभव सूर्यवंशी (2026)
◎ 128: जोस बटलर (2022)
◎ 121: विराट कोहली (2016)
◎ 119: डेविड वार्नर (2016)
◎ 118: शुबमन गिल (2023)
◎ 109: साई सुदर्शन (2025)
मैच की बात करें तो गिल ने 53 गेंद में 15 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 104 रन बनाये जबकि सुदर्शन ने 32 गेंद में 58 रन बनाये जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल था. सुदर्शन एक बार फिर अजीब ढंग से हिट विकेट होकर लौटे.
गुजरात का सामना रविवार को अहमदाबाद में आरसीबी से होगा जिसने उसे धर्मशाला में हराया था. पहली बार 2022 में आईपीएल खेलकर खिताब जीतने वाली गुजरात का यह तीसरा फाइनल है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं