क्रिकेट प्रेमियों के इंतजार का पल समाप्त हो चुका है. भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेले जाने वाले तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का आगाज हो चुका है. प्रतिष्ठित सीरीज का पहला मुकाबला 23 जुलाई को हरारे में खेला गया. जहां टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवरों में सात विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाने में कामयाब हुई थी. छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए वेस्ली मधेवेरे सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 34 गेंदों में 39 रनों की पारी खेली. उनके अलावा तडिवनाशे मारुमानी ने 20 गेंदों में नाबाद 27 और रायन बर्ल ने 35 गेंदों में 26 रनों का योगदान दिया. विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 126 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 13.2 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर आसानी से प्राप्त कर लिया. पारी का आगाज करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंदों में 50 रनों की सर्वाधिक अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा ईशान किशन ने 24 गेंदों में 35 और कैप्टन श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों में नाबाद 28 रनों का योगदान दिया. मैच के दौरान भारतीय टीम की तरफ से पांच बड़े रिकॉर्ड बने, जो कुछ इस प्रकार हैं-
पूर्ण सदस्य देशों के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में फिफ्टी जमाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने वैभव
वैभव सूर्यवंशी पूर्ण सदस्य देशों के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट में फिफ्टी जमाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने 15 साल और 118 दिन में अर्धशतक जड़ा है. वैभव से पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था. जिन्होंने 16 साल और 213 दिन में फिफ्टी जड़ी थी.
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम में फिफ्टी जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने वैभव
वैभव सूर्यवंशी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक जड़ने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने 15 साल और 118 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की है. युवा वैभव से पहले यह विशेष उपलब्धि जिब्राल्टर के बल्लेबाज लुई ब्रूस के नाम दर्ज थी. जिन्होंने 16 साल और 56 दिन में अर्धशतक लगाया था.
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की पहली गेंद पर दो बार विकेट लेने वाले चौथे भारतीय गेंदबाज बने मयंक
मयंक यादव टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट मैच की पहली गेंद पर दो बार विकेट लेने वाले चौथे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. आज के मुकाबले से पहले मयंक ने साल 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में लक्ष्य का पीछा करते हुए पहली ही गेंद पर परवेज हुसैन एमोन का विकेट हासिल किया था.
उनके अलावा भुवनेश्वर कुमार ने तीन और अर्शदीप सिंह एवं हार्दिक पंड्या ने भी दो-दो बार टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट मैच की पहली गेंद पर विकेट लिया है. रविचंद्रन अश्विन के नाम विशेष कारनामा करने का रिकॉर्ड एक बार है.
टी20 इंटरनेशनल मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बने मयंक
मयंक यादव टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. उनसे पहले यह उपलब्धि केवल अर्शदीप सिंह और हार्दिक पंड्या के नाम दर्ज थी. अर्शदीप ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 में अमेरिका एवं पंड्या ने एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ पहली ही गेंद पर विकेट लिया था. अब मंयक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ करिश्मे को दोहराया है.
भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए हासिल की विशेष उपलब्धि
आज के मुकाबले में विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 126 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने 40 गेंद शेष रहते आसानी से प्राप्त कर लिया. गेंदों की संख्या के हिसाब से भारत की यह चौथी सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले इसी साल गुवाहाटी में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने सबसे तेज 154 रनों के लक्ष्य का पीछा किया था. उस दौरान भारतीय टीम ने लक्ष्य को 60 गेंद शेष रहते ही प्राप्त कर लिया था.
यह भी पढ़ें- IND vs ZIM: वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड, जिम्बाब्वे में अपने नाम की बड़ी उपलब्धि
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं