क्रिकेट के मैदान पर जब वैभव सूर्यवंशी क्रीज पर उतरते हैं, तो विरोधी गेंदबाजों के दिलों में खौफ साफ नजर आता है. महज कुछ ही गेंदों में मैच का रुख पलटने का दम रखने वाले इस युवा बल्लेबाज के पास आखिर इतनी ताकत, निडरता और बेखौफ अंदाज कहां से आता है? इस सवाल का जवाब सिर्फ उनकी कड़ी मेहनत में ही नहीं, बल्कि उनकी गहरी आध्यात्मिक आस्था में भी छिपा है. जी हां, मैदान पर गेंदबाजों के छक्के छुड़ाने वाले वैभव सूर्यवंशी संकटमोचन बजरंगबली के अनन्य भक्त हैं.
एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका ए के खिलाफ खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी अटैकिंग बल्लेबाजी का लोहा मनवाया. भारत ए को एक मजबूत और तेज शुरुआत दिलाते हुए वैभव ने महज 27 गेंदों में 40 रनों की तेजतर्रार पारी खेली. इस पारी के दौरान उन्होंने मैदान के चारों तरफ बाउंड्रीज की बरसात की.
राजस्थान रॉयल्स द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, वैभव ने अपनी इस 40 रनों की पारी में से 34 रन सिर्फ चौके और छक्कों की मदद से बटोरे. उनकी इस आतिशी शुरुआत की बदौलत ही भारत ए ने सेमीफाइनल में श्रीलंका ए के सामने 8 विकेट पर 317 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया.
इंग्लैंड से लौटते ही सबसे पहले किए हनुमान जी के दर्शन
वैभव की बजरंगबली के प्रति अटूट आस्था का एक बेहद खूबसूरत उदाहरण इसी साल 15 जुलाई को देखने को मिला था. जब वैभव सूर्यवंशी अपना इंग्लैंड दौरा खत्म कर वापस लौटे, तो वह सीधे राजस्थान रॉयल्स के नागपुर स्थित हाई परफॉर्मेंस सेंटर (HPC) पहुंचे, लेकिन नेट्स पर बल्ला थामने से पहले उन्होंने सेंटर परिसर में स्थापित बजरंगबली के मंदिर में माथा टेका. राजस्थान रॉयल्स ने इस खूबसूरत पल की तस्वीर अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा था- 'सीधे इंग्लैंड से रॉयल्स एचपीसी. आशीर्वाद लिया. काम फिर से शुरू.'
भगवान से अपने लिए कुछ नहीं मांगते वैभव!
एक इंटरव्यू के दौरान राजस्थान रॉयल्स के पदाधिकारी भिंडर ने वैभव की इस आस्था से जुड़ा एक बेहद दिल छू लेने वाला किस्सा साझा किया था. टीम में एक खास परंपरा है जिसके तहत हनुमान मंदिर में वैभव की जर्सी भी भेंट की जाती है. जब वैभव से पूछा गया कि वह मंदिर जाकर भगवान से अपने लिए क्या मांगते हैं? तो इस युवा खिलाड़ी का जवाब बेहद दिलचस्प था. वैभव ने कहा, 'मैं भगवान से कभी अपने लिए कुछ नहीं मांगता. मेरी प्रार्थना हमेशा यही होती है कि मेरे माता-पिता, मेरे शुभचिंतक, सीनियर्स और मेरा सहयोग करने वाले सभी लोग हमेशा स्वस्थ और खुश रहें.' इतनी छोटी सी उम्र में ऐसा निस्वार्थ भाव वैभव को अन्य खिलाड़ियों से बिल्कुल अलग बनाता है.
Straight from England to the Royals HPC. Blessings taken. Work resumed! 💗🇮🇳 https://t.co/0c0Y3fE7Jn
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) July 15, 2026
पिछला ऐतिहासिक रिकॉर्ड: 53 गेंदों में दोहरा शतक (204 रन)
वैभव सूर्यवंशी का नाम हाल ही में तब इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया, जब 24 नवंबर को उन्होंने यूएई (UAE) के खिलाफ क्रिकेट इतिहास की सबसे विध्वंसक पारियों में से एक खेली. वैभव ने महज 53 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 204 रन कूट डाले. उन्होंने अपनी पारी में कुल 28 गगनचुंबी छक्के लगाए. महज 28 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया था. इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम लिखवा लिया.
यह भी पढ़ें- आर्यवीर के बाद अब वेदांत का जलवा, सहवाग के छोटे बेटे ने 7 विकेट लेकर मचाई तबाही
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं