Vaibhav Sooryavanshi 25 Ball 100: राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन के शो पर अपना जलवा दिखाया कि. पीटरसन ने सूर्यवंशी को 50 गेंदों में 100 रन बनाने का चैलेंज दिया था. हालांकि, 15 साल के इस खिलाड़ी ने सिर्फ़ 25 गेंदों में टारगेट पूरा कर लिया. लेकिन वह फिर भी इस शो पर बने ऑल-टाइम रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाए. साथ ही 25 गेंदों में शतक बनाने के बाद उन्होंने अपनी दिली इच्छा बताई कि वह क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़कर टी20 में दोहरा शतक लगाना चाहते हैं. पीटरसन ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर यह वीडियो राजस्थान रॉयल्स के आईपीएल 2026 के प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने के बाद अपलोड किया है. बता दें, राजस्थान ने रविवार को वानखेड़े में मुंबई इंडियंस को हराकर नॉकआउट राउंड में जगह बनाई है.
केविन पीटरसन के शो पर सूर्यवंशी ने पूरे मैदान में छक्के मारे और सिर्फ़ 25 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. लेकिन वह इस शो पर बने श्रेयस अय्यर का सबसे तेज़ शतक का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए. श्रेयस अय्यर ने पीटरसन के शो में सिर्फ़ 22 गेंदों में शतक बनाया था. पीटरसन ने अय्यर के सामने भी यही चैलेंज रखा था. वैभव 3 गेंद से श्रेयस अय्यर का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए.
केविन पीटरसन ने सूर्यवंशी से अय्यर का रिकॉर्ड तोड़ने के बारे में पूछा. सूर्यवंशी ने कहा था कि वह पंजाब किंग्स के कप्तान को पीछे छोड़ देंगे, लेकिन वह ऐसा करने में नाकाम रहे. कुल मिलाकर, पीटरसन के शो में सबसे तेज़ शतक बनाने वालों की लिस्ट में सूर्यवंशी दूसरे नंबर पर हैं. उनके बाद वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन हैं, जिन्होंने 28 गेंदों में शतक बनाया. पीटरसन के शो में आए एबी डिविलियर्स ने 30 गेंदों में शतक बनाया. जबकि यशस्वी जायसवाल ने अपना शतक बनाने में 47 गेंदें लीं.
T20 में दोहरा शतक लगाने को इच्छुक वैभव
एपिसोड के दौरान, सूर्यवंशी ने टी20 में दोहरा शतक बनाने की अपनी इच्छा भी जताई. अभी, क्रिस गेल के नाम सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर करने का रिकॉर्ड है. उन्होंने IPL 2013 सीज़न के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 175 रन की पारी खेली थी. सूर्यवंशी ने द स्विच के लेटेस्ट एपिसोड में पीटरसन से कहा,"मैं टी20 में 200 बनाना चाहता हूं." जब पीटरसन ने बताया,"क्रिस गेल ने 175 रन बनाए हैं." तो सूर्यवंशी ने जवाब दिया कि वह वेस्ट इंडीज के इस खिलाड़ी का रिकॉर्ड तोड़ना चाहते हैं. सूर्यवंशी ने कहा,"हां, मैं उनका रिकॉर्ड तोड़ना चाहता हूं और 200 बनाना चाहता हूं. अगर मैं किसी भी मैच में पूरे 20 ओवर बैटिंग कर लूंगा, तो मैं निश्चित रूप से वह रिकॉर्ड तोड़ दूंगा."
यह भी पढ़ें: जसप्रीत बुमराह ने किया 'डॉन ब्रैडमैन' का एकदम उल्टा, 102 की औसत से शर्मनाक वर्ल्ड रिकॉर्ड किया अपने नाम
यह भी पढ़ें: पहले लगाया गले, फिर छूने लगे बियर्ड...विराट कोहली ने लिए शुभमन गिल के मजे, वीडियो वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं