दिल्ली-मेरठ के बीच नमो भारत रोजाना रफ्तार भरती है और लाखों लोगों को उनकी मंजिल तक पहुंचाती है. आने वाले दिनों में यह रैपिड रेल देश के अन्य शहरों के बीच भी दौड़ेगी. इसमें से एक प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडर दिल्ली-आगरा रूट भी है. इस रूट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि दिल्ली-आगरा नमो भारत को अब हरियाणा के नूंह और राजस्थान के भरतपुर से होकर गुजारा जाएगा. इस रैपिड रेल प्रोजेक्ट से यूपी, हरियाणा और राजस्थान का सफर और आसान हो जाएगा.
क्या है अपडेट?
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल ही में को पुन्हाना में आयोजित मेवात विकास संकल्प रैली में घोषणा की कि दिल्ली-आगरा नमो भारत को नूंह, पुन्हाना और राजस्थान के भरतपुर से जोड़ते हुए चलाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कॉरिडोर के विस्तार के लिए राज्य सरकार द्वारा जल्द ही केंद्र सरकार को पत्र लिखा जाएगा. हालांकि अभी यह प्रस्ताव है, इस पर अंतिम मुहर लगना बाकी है.
हरियाणा और राजस्थान की दिल्ली से कनेक्टिविटी
इस कॉरिडोर के बनने से हरियाणा का नूंह (मेवात) जिला सीधे तौर पर दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश के आगरा और राजस्थान के भरतपुर शहर से आधुनिक रैपिड रेल नेटवर्क के जरिए जुड़ जाएगा. इससे इस पिछड़े माने जाने वाले क्षेत्र के आर्थिक विकास और पर्यटन को एक बड़ा बढ़ावा मिलेगा.
दिल्ली से इन रूट्स पर चलेगी नमो भारत
1. दिल्ली-मेरठ-ऋषिकेश कॉरिडोर: देश के पहले नमो भारत कॉरिडोर को मेरठ से आगे मुजफ्फरनगर, IIT रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश तक बढ़ाने की योजना है, जिससे दिल्ली-उत्तराखंड कनेक्टिविटी तेज होगी.
2. दिल्ली-गुरुग्राम-अलवर कॉरिडोर: 164 किमी लंबा यह कॉरिडोर दिल्ली एयरपोर्ट (एरोसिटी), गुरुग्राम, मानेसर, नीमराना और अलवर को जोड़ते हुए बड़े औद्योगिक क्षेत्रों को कनेक्ट करेगा.
3. दिल्ली-पानीपत कॉरिडोर: 103 किमी का यह रूट सराय काले खां से सोनीपत और पानीपत तक जाएगा, जिससे नरेला और हरियाणा की इंडस्ट्रियल बेल्ट को तेज रैपिड रेल कनेक्टिविटी मिलेगी.
4. गाजियाबाद-नोएडा एयरपोर्ट लिंक: 72 किमी लंबा यह नमो भारत कॉरिडोर साहिबाबाद-गाजियाबाद से ग्रेटर नोएडा होते हुए जेवर एयरपोर्ट तक जाएगा, जिससे दिल्ली और मेरठ दोनों तरफ के यात्रियों को सीधी पहुंच मिलेगी.
दिल्ली-एनसीआर में भविष्य में 5 और कॉरिडोर का प्रस्ताव
1. दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-पलवल नमो भारत कॉरिडोर
2. दिल्ली-शाहदरा-बड़ौत नमो भारत कॉरिडोर
3. गाजियाबाद-खुर्जा नमो भारत कॉरिडोर
4. दिल्ली-बहादुरगढ़-रोहतक रैपिड रेल कॉरिडोर
5. गाजियाबाद-हापुड़ नमो भारत कॉरिडोर
यह भी पढ़ें: दिल्ली से 6 रूट पर दौड़ेगी नमो भारत, पानीपत, अलवर के बाद पलवल-रोहतक, बड़ौत तक रैपिड रेल, 4 राज्य होंगे कनेक्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं