भारत के पूर्व ओपनर चीफ सेलेक्टर श्रीकांत ने वैभव सूर्यवंशी के लिए बड़े बोल बोलते हुए कहा है कि यह सुपर किड भारत क्रिकेट का 'डेमी-गॉड' (देवता) साबित हो सकता है. श्रीकांत ने सूर्यवंशी की जमकर तारीफ करते हुए उनकी तुलना महान सचिन तेंदुलकर से की. और कहा कि वह भारतीय क्रिकेट के अगले ‘डेमी-गॉड' हो सकते हैं. सूर्यवंशी मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग में शानदार फॉर्म में हैं और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले गए 6 मैचों में 246 रन बना चुके हैं. श्रीकांत ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा 'यह लड़का बेहद शानदार और लाजवाब है और मेरी राय में, प्रिय चयनकर्ताओं और अजीत (अगकर), मैं आज आपसे कह रहा हूं कि इसे फास्ट‑ट्रैक कीजिए. इसे अगली सीरीज में इसे खिलाइए. दरअसल, मैं यह बात पिछले साल से कह रहा हूं, इसे फास्ट‑ट्रैक किया जाना चाहिए था और इसे टी20 वर्ल्ड कप टीम में होना चाहिए था. 15 खिलाड़ियों में. हो सकता है कि वह 11 में न हो, लेकिन 15 में तो हो.'
पूर्व ओपनर ने कहा, 'पहले उसे 15 में रखिए और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव लेने दीजिए. मुझे लगता है कि आज जिस स्तर पर सूर्यवंशी है, उसे फास्ट‑ट्रैक किया जाना चाहिए. उसे समय देने का कोई सवाल नहीं है. ऐसी सोच नहीं होनी चाहिए कि उसे निरंतरता दिखाने दीजिए. यह लड़का यूं ही आपको मैच जिता सकता है। जरा सोचिए, बुमराह की पहली गेंद पर छक्का, जोश हेजलवुड को वह जमकर मारता है. वह किसी को भी, हर किसी को मारता है. उसे किसी की परवाह नही.'
उन्होंने कहा, 'जब मैं 1989 में कप्तान के तौर पर एक दौरे पर गया था, तब 16 साल की उम्र का एक प्रतिभाशाली लड़का था सचिन तेंदुलकर. आज वह क्रिकेट का भगवान है. इसी तरह यह लड़का भी क्रिकेट का अगला डेमी‑गॉड बन सकता है. मुझे लगता है कि इस लड़के में जबरदस्त प्रतिभा है.' सूर्यवंशी, जो पिछले महीने 15 साल के हुए, अपने दूसरे आईपीएल सीजन में ऊंची उम्मीदों के साथ लौटे थे. इससे पहले फरवरी में भारत की अंडर‑19 वर्ल्ड कप जीत के दौरान उन्होंने विस्फोटक 80 गेंदों में 175 रन बनाए थे.
इस साल मिल सकता है वैभव को मौका
युवा खिलाड़ी को इस जून में होने वाले भारत के आयरलैंड टी20 अंतरराष्ट्रीय दौरे के लिए भी चुने जाने की संभावना है और वह देश का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन सकते हैं. चयनकर्ता इंग्लैंड के व्हाइट‑बॉल दौरे से ठीक पहले होने वाली इस छोटी सी सीरीज में 15 साल के इस खिलाड़ी को बड़ा मौका दे सकते हैं. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पिछले सीजन में दुनिया के कुछ बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ जमकर रन बटोरे थे और इस साल भी उसी तेवर के साथ खेल रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं