विज्ञापन

न्यूजीलैंड के खिलाफ जसप्रीत बुमराह नहीं बल्कि ये गेंदबाज साबित होगा तुरुप का इक्का, टिम साउदी का बड़ा दावा

टिम साउथी का मानना ​​है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज में मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह से भी बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं.

न्यूजीलैंड के खिलाफ जसप्रीत बुमराह नहीं बल्कि ये गेंदबाज साबित होगा तुरुप का इक्का,  टिम साउदी का बड़ा दावा
सउदी का मानें तो सिराज न्यूजीलैंड में बुमराह से भी बड़ा खतरा होंगे

न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउदी का मानना ​​है कि भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में मोहम्मद सिराज ब्लैक कैप्स के लिए जसप्रीत बुमराह से भी बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं. साउदी का मानना ​​है कि कीवी बल्लेबाजों ने टेस्ट में बुमराह का सामना 'बेहद शानदार' तरीके से किया है और वे जानते हैं कि उनसे कैसे निपटना है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों में बुमराह ने केवल नौ विकेट लिए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 92.8 रहा है, जो उनके करियर के 42.80 के स्ट्राइक रेट की तुलना में काफी ज्यादा है. इसके अलावा, जिन पांच टेस्ट मैचों में बुमराह खेले हैं, उन सभी में भारत को न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा है.

गुरुवार को सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क द्वारा आयोजित एक वर्चुअल बातचीत के दौरान, साउदी ने कहा कि कीवी बल्लेबाजों ने बुमराह का अच्छी तरह से सामना किया है. उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि भारत ने कभी भी ऐसा कोई टेस्ट मैच नहीं जीता है जिसमें बुमराह खेले हों और सामने न्यूजीलैंड की टीम रही हो. साउदी ने कहा,"मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड ने टेस्ट क्रिकेट में बुमराह का बहुत ही बेहतरीन तरीके से सामना किया है. मुझे नहीं लगता कि बुमराह कभी ऐसी भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं जिसने न्यूजीलैंड को हराया हो. इसलिए, मुझे लगता है कि टेस्ट मैचों में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज उनके खिलाफ बहुत अच्छा खेलते हैं."

साउदी का मानना ​​है कि अगर सिराज घरेलू परिस्थितियों में अपनी लेंथ सही रखते हैं, तो वह न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं. सिराज ने ऑस्ट्रेलिया में 2020-21 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान अपने टेस्ट डेब्यू के बाद से 48 मैचों में 144 विकेट लिए हैं.  साउदी ने कहा,"मैं मोहम्मद सिराज और उनकी गेंदबाजी का बहुत बड़ा फैन हूं. अगर वह न्यूजीलैंड में अपनी लेंथ सही रख पाते हैं, तो वह काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं."

साउदी ने आगे कहा,"वह जिस तरह की ऊर्जा लाते हैं, जिस तरह से वह पूरे दिन गेंदबाजी के लिए दौड़ते हैं, और जिस तरह के वह गेंदबाज हैं, उसे देखते हुए ऐसा कोई कारण नहीं है कि वह न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में बहुत सफल न हो सकें. उनके बारे में कई ऐसी बातें हैं जो काफी पसंद आती हैं."

बता दें, न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की दो मैचों की टेस्ट सीरीज 19 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में शुरू होने वाली है, जबकि दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा. फरवरी 2020 में न्यूजीलैंड के पिछले टेस्ट दौरे पर भारत को 2-0 से सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था. मेजबान टीम ने वेलिंगटन में पहला टेस्ट 10 विकेट से जीता था, और फिर क्राइस्टचर्च में सात विकेट से जीत हासिल की थी.

यह भी पढ़ें: ओलंपिक से पहले नीरज चोपड़ा ने फैंस को दी बड़ी खुशखबरी, यशवीर और रोहित पर भी दिया बयान

यह भी पढ़ें: IPL 2027 ऑक्शन की तारीख तय! BCCI ने फ्रेंचाइजी को किया अलर्ट, गोवा में सजेगा नीलामी मंच- सूत्र

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Timothy Grant Southee, Cricket, Mohammed Siraj, Jasprit Jasbirsingh Bumrah
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com