भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने शनिवार को कहा कि वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज का नतीजा कुछ और हो सकता था, अगर उनकी टीम उन दो मैचों में बेहतर गेंदबाजी करती, जिन्हें वे हार गए थे. पांचवां और आखिरी T20I मैच बारिश के कारण रद्द हो जाने के बाद, यह सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हुई.
कप्तान ने कहा कि, 'अगर हमने दूसरे और चौथे मैच में बेहतर गेंदबाजी की होती, तो नतीजा कुछ और हो सकता था. लेकिन सामने वाली टीम को भी श्रेय देना होगा, उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की. खासकर शाई होप ने पूरी सीरीज में जिस तरह से बल्लेबाजी की.'
वैभव सूर्यवंशी को क्यों करना पड़ रहा है इंतजार?
जब उनसे पूछा गया कि वह वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी से क्या कहते हैं, जो पूरी सीरीज के दौरान बेंच पर ही बैठे रहे, तो अय्यर ने कहा, 'मैं बस उनसे यही कहता हूं कि आपको मौका जरूर मिलेगा. अगर आप अपनी तैयारियों और प्रोसेस को लेकर लगातार अच्छा काम करते हैं, तो कभी-कभी आपको इंतजार करना पड़ता है. हमारे पास दो शानदार ओपनर हैं. वैभव के साथ हमारी यही बातचीत होती रही है.'
भारतीय टीम रविवार को न्यूजीलैंड के लिए रवाना होगी, जहां 22 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च में पांच मैचों की सीरीज शुरू होगी. वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने कहा कि उनकी टीम सीरीज जीतने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध थी. 'हम (भारत में सीरीज जीतने के) बहुत करीब थे. ऐसा कुछ जो हमने पिछले 20 से ज्यादा सालों में नहीं किया है. हम निश्चित रूप से आगे बढ़ रहे हैं. सफलता का मतलब सिर्फ सीरीज जीतना ही नहीं होता.'
भारत में अपने शानदार प्रदर्शन के बारे में बात करते हुए शाई होप ने कहा, 'हमने जिस तरह से क्रिकेट खेला, उसमें अलग-अलग मौकों पर खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी उठाई. अगर आप पिछले 4-5 मैचों में रन नहीं भी बना पाए हैं, तब भी आपको खुद पर भरोसा रखना होता है. मेरा प्रोसेस कभी नहीं बदलता और मुझे लगता है कि मैं अपनी तैयारी काफी अच्छे से करता हूं.'
यह भी पढ़ें- अभिषेक नंबर-1, सूर्या को छोड़ा पीछे, T20I में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
यह भी पढ़ें- VIDEO: कोने में मायूस और उदास बैठे थे वैभव सूर्यवंशी, फिर ईशान किशन ने जो किया उसने फैंस का जीत लिया दिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं