भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार (30 अक्टूबर 2026) को ऑकलैंड स्थित ईडन पार्क में खेला जाएगा. मुकाबले से पूर्व भारतीय टीम के उपकप्तान तिलक वर्मा ने अपना इरादा साफ कर दिया है. उनका कहना है कि हमारा फोकस क्लीन स्वीप करने पर है. उन्होंने कहा, 'हमारे पास क्लीन स्वीप करने का बेहतरीन मौका है. टीम का पूरा फोकस अगला मैच जीतने पर लगा हुआ है. हम अपने प्रशंसकों को 5-0 से सीरीज जीतते हुए देखने का मौका देना चाहते हैं.'
'गुरु' गंभीर का क्या मिला है संदेश?
न्यूजीलैंड पहुंचने से पहले भारतीय टीम हाल के महीनों में आयरलैंड, ब्रिटेन, जिम्बाब्वे और जापान का दौरा कर चुकी है. इतने बिजी शेड्यूल के बीच खिलाड़ियों का थकना लाजमी है. बातचीत के दौरान तिलक ने बताया कि हेड कोच गौतम गंभीर ने भी टीम मीटिंग में इस बात पर जोर दिया है. तिलक ने कहा, 'गौतम सर ने साफ कहा कि यह काफी लंबा दौरा है. टी20 टीम के रूप में हम जो स्तर तय करेंगे, वही वनडे और टेस्ट टीमों के लिए भी गति और ऊर्जा का काम करेगा.'
बल्लेबाजी क्रम पर तिलक का बयान
हाल के दिनों में तिलक को नंबर तीन से लेकर नंबर छह तक पर बल्लेबाजी करते हुए देखा गया है. लगातार बल्लेबाजी क्रम में हुए बदलाव पर उन्होंने कहा कि उनकी आक्रामक सोच में अभी भी कोई बदलाव नहीं आया है. भारतीय बल्लेबाज ने मुस्कुराते हुए कहा, 'मेरे पास पहले से ही पावर गेम था. मैंने नंबर तीन पर भी रन बनाए हैं. अब जब मैं नंबर पांच या छह पर बल्लेबाजी कर रहा हूं तो पहली ही गेंद पर चौका मारने के बारे में तभी सोचता हूं. जब गेंद उस लायक हो. नहीं तो मेरा ध्यान पारी को अंत तक ले जाने पर रहता है.'
तिलक ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'मैं शुरुआत में थोड़ा समय लेता हूं. उस दौरान सिंगल-डबल लेकर लय बनाने की कोशिश करता हूं. उसके बाद गैप तलाशकर बड़े शॉट की तरफ जाता हूं.'
फील्डिंग पर तिलक का बयान
फील्डिंग के बारे में बात करते हुए भारतीय उपकप्तान ने कहा, 'मुझे फील्डिंग करना वास्तव में बहुत पसंद है. जहां पर हॉट-स्पॉट होता है. मैं वहांं जाने के लिए सबसे पहले हाथ उठाता हूं. टीम को मेरी कैचिंग क्षमता पर भरोसा भी है. इसलिए मुझे अक्सर उन्हीं जगहों पर लगाया भी जाता है.'
चौथे टी20 मुकाबले में कितना बन सकता है रन?
संभावित स्कोर क्या हो सकता है? सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, 'टी20 क्रिकेट में पिच की भूमिका काफी अहम होती है. विकेट अच्छी हुई तो मैदान का आकार ज्यादा मायने नहीं रखता है. आजकल 230 से 240 रन के स्कोर लगातार देखने को मिलते हैं. मैच के दौरान पिच अलग तरह का व्यवहार करती है तो मुकाबला 180 से190 रन के बीच भी खत्म हो सकता है.'
यह भी पढ़ें- 'धमकी भरा...', हमेशा शांत रहने वाले संगकारा के साथ आयरलैंड में ऐसा क्या हुआ? जिससे ठनका उनका माथा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं