- सौरव, सचिन और विराट ने भी लिया हिस्सा
- विश्वनाथन आनंद, बजरंग पूनिया और दिमा दास भी रहीं मीटिंग में
- खिलाड़ियों के सुझावों का पालन होगा-मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोनावायरस (Coronavirus) से पार पाने में विराट कोहली, पीवी सिंधू, सचिन तेंदुलकर समेत शीर्ष 40 से अधिक खिलाड़ियों से लोगों को जागरूक करने का आग्रह करते हुए शुक्रवार को यहां कहा कि इस महामारी के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में ‘टीम इंडिया' के रूप में भारत को विजयी बनाना है. प्रधानमंत्री ने तेजी से फैल रही कोविड-19 महामारी को फैलने से रोकने के लिए राष्ट्रीय लॉकडाउन के बीच खेल मंत्री कीरेन रिजिजू और देश के 40 से अधिक खिलाड़ियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक घंटे तक बात की जिनमें बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली, दिग्गज सचिन तेंदुलकर और वर्तमान कप्तान विराट कोहली जैसे शीर्ष क्रिकेटर भी शामिल थे. इनमें से कुछ खिलाड़ियों ने अपने सुझाव भी रखे और मोदी ने कहा कि उन पर पूरा ध्यान दिया जाएगा. तेंदुलकर ने 14 अप्रैल के बाद भी एहतियात बरतने पर जोर दिया जबकि फर्राटा धाविका हिमा दास ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जुटे स्वास्थ्यकर्मियों और पुलिस पर हमले पर दुख जताया.
Interacted with sportspersons via video conferencing on the situation arising due to COVID-19. Sports requires self-discipline, tenacity, teamwork and a fighting spirit. These are also required to defeat Coronavirus. #IndiaFightsCorona https://t.co/OuWHisdaVX
— Narendra Modi (@narendramodi) April 3, 2020
विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता बैडमिंटन स्टार बीसाईं प्रणीत ने भी इस कॉल में हिस्सा लिया और उसकी एक क्लिप ट्विटर पर डाली. इसमें मोदी ने कहा, ‘‘आपके सुझावों पर भी सरकार द्वारा पूरा ध्यान दिया जाएगा कोरोना के खिलाफ इस वैश्विक लड़ाई में हमें टीम इंडिया के रूप में भारत को विजयी बनाना है. मुझे विश्वास है कि हम सभी के सामूहिक प्रयासों से देश में नयी ऊर्जा का संचार होता है.' प्रधानमंत्री ने ‘संकल्प, संयम, सकारात्मकता, सम्मान और सहयोग' का पांच सूत्रीय मंत्र देते हुए कहा कि लोगों का मनोबल बढ़ाने में खिलाड़ी अहम भूमिका निभा सकते हैं.'
Very relevant message by @mirabai_chanu on aspects such as fitness and following the Lockdown. #IndiaFightsCorona https://t.co/QCbl6qhfuJ
— Narendra Modi (@narendramodi) April 3, 2020
खेल मंत्रालय के सूत्रों ने कहा, ‘‘बातचीत एक घंटे तक चली जिसमें खिलाड़ियों ने अपने सुझाव रखे और प्रधानमंत्री ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में उनके योगदान की सराहना की.'' ओलिंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त ने ट्वीट किया, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने खिलाड़ियों से बात करके उनसे अपने सोशल मीडिया द्वारा सामाजिक दूरी बनाये रखने का ज्यादा से ज्यादा प्रचार करने और कोरोनावायरस के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की.' महिला हाकी टीम की कप्तान रानी रामपाल ने बेंगलुरू के भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) शिविर में कोरोना वायरस को लेकर बरती जा रही सावधानियों को लेकर बात की.
Your support towards the fight against COVID-19 is greatly cherished @saiprneeth92. #IndiaFightsCorona https://t.co/GwkQEh2YSO
— Narendra Modi (@narendramodi) April 3, 2020
भाग लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में कई प्रमुख क्रिकेटर शामिल रहे. इनमें तेंदुलकर, गांगुली और कोहली के अलावा पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान, युवराज सिंह ने भी हिस्सा लिया. विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और केएल राहुल के नाम भी सूची में थे लेकिन वे इसमें भाग नहीं ले सके. वहीं, क्रिकेटरों के अलावा रजत पदक विजेता पीवी सिंधू, भाला फेंक के एथलीट नीरज चोपड़ा, दिग्गज शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद, धाविका हिमा दास, मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम और अमित पंघाल, पहलवान विनेश फोगाट और युवा निशानेबाज मनु भाकर भी उन खिलाड़ियों में शामिल रहे, जिन्होंने वीडियो कॉल में हिस्सा लिया.
मंत्रालय के सूत्रों ने कहा, ‘‘इनमें से 12 खिलाड़ियों को अपनी बात रखने के लिये तीन-तीन मिनट का समय दिया गया.' 'पता चला कि तेंदुलकर, गांगुली, एमसी मैरीकॉम और कोहली उन खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्होंने इस दौरान अपनी बात रखनी थी, लेकिन छह बार की विश्व चैंपियन मैरीकॉम से नेटवर्क के कारण संपर्क नहीं हो पाया. तेंदुलकर ने बाद में एक बयान में कहा ,‘‘ मैने सुझाव दिया कि महामारी से उबरने के बाद भी हाथ मिलाने की बजाय हाथ जोड़का नमस्ते करूंगा जो हमारा तरीका है.''
असम पुलिस में डीएसपी के पद पर कार्यरत एशियाई खेलों की पदक विजेता हिमा ने कहा ,‘‘ मैने उनसे कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों और पुलिस पर हमले दुखद है.' पूर्व विश्व भारोत्तोलन चैम्पियन मीराबाई चानू ने कहा, ‘‘उन्होंने हमसे सामाजिक दूरी और स्वच्छता को लेकर जागरूकता जगाने को कहा. इस लड़ाई को जीतने के लिये हमें विराट (कोहली) के जुझारूपन की जरूरत है.''
VIDEO:
विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता निशानेबाज अभिषेक वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों से सकारात्मक बने रहने और सकारात्मकता फैलाने का आग्रह किया.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं