क्रिकेट फैंस अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के शतक, विकेट और रिकॉर्ड तो जानते हैं, लेकिन क्या आप उनकी अजीबोगरीब आदतों के बारे में जानते हैं? शायद नहीं, और ये आदतें सच में बहुत अजीब हैं. हम आपको पांच क्रिकेटर्स की अजीब आदतों के बारें में बताने जा रहे हैं, क्यों इनमें से कोई हर वक्त दूध पीता था, कोई एक गाने को बार-बार सुनकर साथियों का सिर दर्द बना देता था, तो कोई खुद को शानदार डांसर समझता था. टीम इंडिया के इन स्टार खिलाड़ियों की आदतें जानकर आप भी मुस्कुरा उठेंगे.
क्या है सौरव गांगुली की अजीब आदत
दरअसल, एक पॉडकास्ट में सौरभ द्विवेदी से बातचीत करते हुए सुरेश रैना ने कई दिलचस्प खुलासे किए. पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली अपनी अटैकिंग कप्तानी के लिए मशहूर रहे, लेकिन उनकी एक आदत खिलाड़ियों के बीच काफी चर्चा में रहती थी, रैना ने बताया कि गांगुली अक्सर अपनी पैंट को काफी ऊपर तक खींचकर पहनते थे, जिसे उनके साथी खिलाड़ी मजाकिया अंदाज में उनकी सबसे अलग और अजीब आदतों में गिनते थे.
वीरेंद्र सहवाग का अनोखा प्यार
वीरेंद्र सहवाग मैदान पर गेंदबाजों की धुनाई करने के लिए जाने जाते थे, लेकिन ड्रेसिंग रूम में उनकी पहचान दूध के शौकीन खिलाड़ी के रूप में भी थी. सुरेश रैना ने बताया कि सहवाग को दूध पीने का इतना शौक था कि साथी खिलाड़ी भी इस आदत का जिक्र किए बिना नहीं रहते थे.
गौतम गंभीर की ये आदत दूसरों के लिए थी मुसीबत
सुरेश रैना ने बताया कि गौतम गंभीर की सबसे दिलचस्प आदत थी एक ही गाने को बार-बार सुनना. ड्रेसिंग रूम में वह किसी पसंदीदा गाने को 15-20 बार तक चला देते थे. नतीजा यह होता था कि कुछ खिलाड़ी उस गाने से परेशान हो जाते थे, लेकिन गंभीर अपनी पसंद बदलने को तैयार नहीं होते थे.
युवराज सिंह खुद को शानदार डांसर मानते थे
युवराज सिंह अपनी मस्तीभरी जिंदगी और पार्टी लविंग अंदाज के लिए जाने जाते थे. उनके साथी खिलाड़ी के मुताबिक युवराज को लगता था कि वह बेहतरीन डांसर हैं. हालांकि दोस्तों का मानना था कि युवराज का आत्मविश्वास उनकी डांसिंग स्किल से कहीं ज्यादा था. यही वजह थी कि उनकी डांस को लेकर अक्सर मजेदार चर्चाएं होती थीं.
महेंद्र सिंह धोनी: कार और बाइक के लिए दीवानगी
महेंद्र सिंह धोनी का वाहनों के प्रति प्रेम किसी से छिपा नहीं है. उनके घर में दर्जनों कारें और 70-80 के करीब बाइक मौजूद हैं. खास बात यह है कि धोनी सिर्फ इन्हें रखते ही नहीं, बल्कि खुद उनकी मरम्मत और मेंटेनेंस भी करते हैं. बाइक खोलना, पार्ट्स बदलना और मशीनों के साथ घंटों बिताना उनकी पसंदीदा हॉबी में शामिल है. उनके घर को देखकर कई बार लोगों को ऐसा लगता है जैसे वे किसी निजी गैराज या पार्किंग हब में पहुंच गए हों.
रोहित शर्मा का एक खास शब्द से प्रेम
रोहित शर्मा की आदत को उनके साथी खिलाड़ी ने सबसे मजेदार बताया. उन्होंने बाताया कि बातचीत के दौरान वह लगभग हर दूसरे वाक्य में एक खास स्लैंग या गाली का इस्तेमाल कर देते थे. यह उनकी बोलचाल का इतना स्वाभाविक हिस्सा बन गया था कि ड्रेसिंग रूम में साथी खिलाड़ी भी इसे लेकर हंसते थे.
यह भी पढ़ें- Success Story: संघर्ष, आंसू और इंतजार...फिर आया वो दिन, जब आकाशदीप की चमकी किस्मत, अब करोड़ों में होती है कमाई
यह भी पढ़ें- 73 वनडे और 35 T20I खेलने वाली टॉप ऑर्डर की बल्लेबाज ने लिया संन्यास, आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला मैच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं