टीम इंडिया के कप्तान धोनी ने बनाया एक और अनोखा रिकॉर्ड

टीम इंडिया के कप्तान धोनी ने बनाया एक और अनोखा रिकॉर्ड

महेंद्र सिंह धोनी (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

पिछले कुछ दिनों में टीम इंडिया के कप्तान एमएस धोनी के फॉर्म को लेकर काफी चर्चा हुई है। इस बीच दक्षिण अफ्रीका के साथ सीरीज के तीसरे वनडे में धोनी ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। राजकोट वनडे में धोनी ने 61 गेंद पर 47 रन की पारी खेली। इसी के साथ मौजूदा दौर में वनडे क्रिकेट खेल रहे कप्तानों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड धोनी ने अपने नाम कर लिया।

धोनी ने 184 मैचों में कप्तानी करते हुए 56.87 की औसत से कुल 6313 रन बनाए हैं। धोनी ने पहली बार वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया की कप्तानी 2007 में की और अब तक कमान उनके हाथ में है। धोनी ने कप्तान के तौर पर बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 6 शतक बनाए हैं, लेकिन उनके बल्ले से 46 अर्द्धशतक निकले हैं। 86.55 की स्ट्राइक रेट से बनाए इन रनों के लिए धोनी ने 7294 गेंदों का सहारा लिया।

मौजूदा दौर में क्रिकेट खेलने वालों में धोनी के अलावा दक्षिण अफ्रीका के वनडे कप्तान एबी डिविलियर्स लिस्ट में 12वें स्थान पर हैं। डिविलियर्स के नाम 74 मैचों में 3649 रन है। धोनी से ज्यादा रन, कप्तान के तौर पर क्रिकेट से संन्यास ले चुके ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग ने बनाए हैं।

पंटर ने 230 वनडे में कंगारू टीम की कप्तानी करते हुए 42.91 की औसत से 8497 रन बनाए है। इस दौरान पंटर ने 22 शतक और 51 अर्द्धशतकीय पारियां खेली हैं। तीसरे नंबर पर आईपीएल से दो साल के लिए बाहर हो चुकी टीम चेन्नई सुपर किंग्स के कोच स्टीवन फ़्लेमिंग हैं। न्यूज़ीलैंड के पूर्व कप्तान ने 218 वनडे मैचों में कप्तानी करते हुए 6295 रन बनाए हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

चौथे नंबर पर श्रीलंका के पूर्व कप्तान अर्जुन राणातुंगा हैं तो पांचवें स्थान पर दक्षिण अफ़्रीका के ग्रेम स्मिथ हैं। छठे और सातवें स्थान पर दो भारतीय क्रिकेटर हैं। छठे नंबर पर मोहम्मद अज़हरुद्दीन है। अज़हर ने 174 मैचों में कप्तानी करते हुए 5239 रन बनाए हैं तो सातवें नंबर पर बंगाल क्रिकेट बोर्ड के नए अध्यक्ष बने सौरव गांगुली का नाम है। गांगुली ने 147 मैचों में कप्तानी करते हुए 5104 रन बनाए हैं।