भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया लेकिन कहा कि 'क्रिकेट की दुनिया में 15 दिन काफी लंबा समय होता है.' अगरकर ने बुधवार को नयी दिल्ली में मौजूदा कार्यकाल की आखिरी चयन बैठक में हिस्सा लिया था। उनका कार्यकाल चार अक्टूबर को समाप्त हो रहा है. सैकिया ने बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के बाद बोर्ड मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा,"हमारे पास अभी 15 दिन बाकी हैं. क्रिकेट की दुनिया में 15 दिन काफी लंबा समय होता है। हम उचित समय पर फैसला करेंगे और आपको इसकी जानकारी देंगे. आज किसी व्यक्ति विशेष को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई."
वनडे विश्व कप (2027) को ध्यान में रखते हुए फिटनेस और कार्यक्रम से जुड़े मुद्दों पर अगरकर और बीसीसीआई के बीच मतभेद की खबरें सामने आती रही हैं. इंग्लैंड दौरे की समीक्षा बैठक में अगरकर की गैरमौजूदगी के बाद इन अटकलों को और बल मिला था.
VIDEO | "We still have 15 days to go, which is a long time in the world of Cricket. We will take a decision at the appropriate time and will let you know," says BCCI secretary Devajit Saikia on Ajit Agarkar's future as chairman of selectors.
— Press Trust of India (@PTI_News) September 18, 2026
(Full video available on PTI Videos -… pic.twitter.com/INl36xujI9
कौन लेगा अगरकर के भविष्य पर फैसला
इससे पहले, रिपोर्ट्स आई थी कि बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक में सदस्य इकाइयों ने चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर के कार्यकाल को विस्तार देने या उनके स्थान पर नया अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला बोर्ड के पदाधिकारियों पर छोड़ दिया. मौजूदा चयन समिति के अध्यक्ष अगरकर का कार्यकाल चार अक्टूबर को समाप्त होने वाला है. ऐसे में बीसीसीआई उनके स्थान पर नए अध्यक्ष की तलाश कर सकता है. बैठक के बाद बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा,"चयन समितियों से जुड़े मामलों पर फैसला लेने के लिए पदाधिकारियों को अधिकृत किया गया है."
बीसीसीआई की 95वीं एजीएम में बोर्ड से संबद्ध राज्य क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. बैठक में बंगाल क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि और भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली तथा कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि और पूर्व तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद भी मौजूद रहे. सीनियर चयन समिति के अध्यक्ष के भविष्य के अलावा बीसीसीआई जूनियर चयन समिति के सभी पांच पदों को भरने की प्रक्रिया पर भी विचार कर रहा है.
रांची टेस्ट को लेकर भी हुई बात
इस बीच, मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) ने भारतीय क्रिकेट बोर्ड से अनुरोध किया है कि प्रमुख मुकाबलों के आवंटन में मुंबई को भी ध्यान में रखा जाए. राज्य क्रिकेट संघ के सचिव उन्मेष खानविलकर ने यह जानकारी दी. प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में टेस्ट मैच हुए करीब दो साल हो चुके हैं. पिछला टेस्ट 2024 के अंत में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला गया था. शहर में होने वाले आगामी क्रिकेट मुकाबलों में अगले साल की शुरुआत में पहली बार आयोजित होने वाली महिला चैंपियंस लीग और महिला प्रीमियर लीग के कुछ मुकाबले भी शामिल हैं.
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के सचिव और भारत के पूर्व क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट को रांची से स्थानांतरित किए जाने की जानकारी होने से इनकार किया. तिवारी ने संवाददाताओं से कहा,"यह खबर मेरे लिए नयी है. इस संबंध में अगर बीसीसीआई को किसी को पत्र लिखना है तो वह मुझे ही लिखना होगा. मैंने ऐसा कोई पत्र नहीं लिखा है. एजीएम में इस बारे में बिल्कुल भी चर्चा नहीं हुई."
एजीएम ने सर्वसम्मति से 2027 में होने वाले आईपीएल के 20वें सत्र को भी भव्य तरीके से मनाने का फैसला किया. बैठक के एजेंडे में शामिल अन्य मुद्दों पर भी फैसले लिए गए. वित्त वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट मंजूर किया गया और मौजूदा वित्त वर्ष के लिए लेखा परीक्षकों की नियुक्ति की गई.
एजीएम ने अंपायरों और मैच रेफरी के भुगतान ढांचे में बढ़ोतरी तथा उनके ग्रेड के पुनर्वर्गीकरण को भी मंजूरी दी. इसके विस्तृत विवरण जारी नहीं किए गए. फिलहाल घरेलू टूर्नामेंटों में शीर्ष दो ग्रेड के अंपायरों को क्रमशः 40,000 और 30,000 रुपये प्रतिदिन मिलते हैं, जबकि टी20 मैचों के लिए यह राशि 20,000 रुपये है.
कुछ राज्य इकाइयों में उम्र संबंधी धोखाधड़ी के कई मामले सामने आने के बाद बीसीसीआई ने अपनी उम्र सत्यापन नीति को भी अपडेट कर अपनाय. इसके अलावा बीसीसीआई की यौन उत्पीड़न रोकथाम नीति के तहत एक नयी आंतरिक समिति का गठन किया गया.
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स: बदइंतजामी से जूझ रहे खिलाड़ी, मदद के लिए आगे आए प्रवासी भारतीय, जरूरत पर खुलेंगे घरों के दरवाजे
यह भी पढ़ें: INDW vs JPNW: भारतीय महिला टीम एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में पहुंची, जापान को 8 विकेट से हराया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं