Sunil Gavaskar angry on ICC : पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने ऑस्ट्रेलिया में छोटे टेस्ट मैचों पर ICC की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों में ऑस्ट्रेलिया में चार टेस्ट मैच दो दिन से भी कम समय में खत्म हो गए हैं, लेकिन ICC ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया है. गावस्कर के कहा है कि, अगर ऐसा उपमहाद्वीप में हुआ होता, तो पिचों के खिलाफ कार्रवाई की जाती. उन्होंने ICC पर ऑस्ट्रेलियाई और भारतीय पिचों के मामले में दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है..
अभी हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ने दूसरा टेस्ट एक पारी और 51 रनों से जीता, मेजबान टीम ने दोनों पारियों में बांग्लादेश को 100 रनों से कम के स्कोर पर ऑल-आउट कर दिया. इसके साथ ही सीरीज़ 1-1 से बराबरी पर खत्म हुई. 'स्पोर्टस्टार' के लिए अपने कॉलम में गावस्कर ने लिखा कि "पिछले कुछ सालों में ऑस्ट्रेलिया में चार टेस्ट मैच दो दिनों के अंदर ही खत्म हो गए, इसके बावजूद, उन पिचों की उतनी आलोचना नहीं हुई जितनी भारतीय पिचों की होती है जब मैच जल्दी खत्म हो जाते हैं. पिछले साल पर्थ और मेलबर्न में खेले गए एशेज सीरीज के दो टेस्ट मैच भी दो दिनों के अंदर ही खत्म हो गए थे."
गावस्कर ने अपने कॉलम में आगे लिखा, "ऑस्ट्रेलिया में एक और टेस्ट मैच दो दिन के अंदर ही खत्म हो गया, पिछले कुछ सालों में वहां ऐसा चार बार हो चुका है. फिर भी, ऐसी पिचों की कोई आलोचना नहीं हुई है, जिनमें बहुत ज्यादा उछाल होता है और जिनके कारण ऐसे नतीजे आते हैं."
उन्होंने आगे लिखा, "बहाने जल्दी ही सामने आ जाएंगे, कहा जाएगा कि ग्राउंड्समैन - माफ़ कीजिए, 'टर्फ़ एग्जीक्यूटिव'..से गलती हो गई. मौसम के पूर्वानुमान में गर्मी की बात कही गई थी, इसलिए उन्होंने थोड़ी ज्यादा घास छोड़ दी, और इसी वजह से बहुत ज्यादा उछाल देखने को मिला."
गावस्कर ने कहा, "मैके की पिच कोई हैरानी की बात नहीं थी. पहले टेस्ट में बांग्लादेश से बुरी तरह हारने के बाद, ऑस्ट्रेलियाई टीम का ऐसी पिच तैयार करना तय था जो तेज और उछाल वाली हो."
अब गावस्कर के सवाल उठाने के बाद मैच रेफरी की तरफ से मैके पिच के लिए रिपोर्ट और रेटिंग देखना दिलचस्प होगा. आम तौर पर रेफरी पुराने ताकतवर देशों की मीडिया से वाहवाही बटोरने की कोशिश करते रहे हैं, इसलिए अगर मैके पिच के लिए कोई खराब रेटिंग नहीं दी जाती है, तो हैरानी की बात नहीं होगी. जैसा कि हाल के सालों में दो दिन में खत्म हुए मैचों के मामले में देखा गया है.
ये भी पढ़ें-\ ऋषभ पंत नंबर 1, धोनी नंबर 5, एशिया में सबसे तेज 1500 रन बनाने दुनिया के टॉप 5 विकेटकीपर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं