विज्ञापन

ऋषभ पंत के कप्तानी छोड़ने के बाद सुनील गावस्कर ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी, कुछ और टीमों में भी बदलेंगे चेहरे

IPL 2026 में खराब प्रदर्शन के बाद पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी छोड़ने का फैसला लिया. अब दिग्गज सुनील गावस्कर ने अभी और कप्तान बदलते देखने की बात कही है

ऋषभ पंत के कप्तानी छोड़ने के बाद सुनील गावस्कर ने कर दी बड़ी भविष्यवाणी, कुछ और टीमों में भी बदलेंगे चेहरे
Sunil Gavaskar Prediction on IPL Captaincy Change

Sunil Gavaskar Prediction on IPL Captaincy Change: एंडी फ्लावर की देखरेख में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लगातार दूसरा आईपीएल खिताब अपने नाम कर लिया है. साल 2026 के इस सीजन में चैंपियन बनने का श्रेय जहां विराट कोहली, भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या जैसे धुरंधरों को जाता है, वहीं टीम के बैकग्राउंड स्टाफ ने भी पर्दे के पीछे रहकर कमाल का काम किया. फ्लावर के सफर को देखें तो वह 2020 और 2021 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के सहायक कोच थे. इसके बाद वह लखनऊ सुपर जायंट्स के मुख्य कोच बने और अगस्त 2023 में बेंगलुरु ने उन्हें अपने पाले में शामिल कर मुख्य कोच की कमान सौंप दी.

एक तरफ बेंगलुरु की टीम कामयाबी के आसमान पर है, तो दूसरी तरफ फ्लावर की पुरानी टीम लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह सीजन बेहद निराशाजनक रहा और वह अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर रही. इस खराब प्रदर्शन के बाद पंत ने टीम की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया. इस पूरे घटनाक्रम पर दिग्गज क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने लखनऊ के कोचिंग स्टाफ की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. गावस्कर का मानना है कि आने वाले दिनों में कुछ और टीमों में भी कप्तानी के चेहरे बदले हुए दिखाई दे सकते हैं.

"ऋषभ पंत का अपनी टीम की कप्तानी छोड़ना अगले सीज़न के लिए कप्तानी में पहला बदलाव है और अगले साल नया सीजन शुरू होने से पहले ऐसे और भी कई बदलाव हो सकते हैं. उन्होंने एक से ज़्यादा बार कहा कि उनके कान में बहुत सारी आवाज़ें गूंजती थीं और बहुत सारे अलग-अलग विचार आते थे - जो निश्चित तौर पर सपोर्ट स्टाफ के लिए कोई तारीफ़ की बात नहीं है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या इसकी वजह से फ्रेंचाइजी में बड़े पैमाने पर बदलाव होते हैं या नहीं," सुनील गावस्कर ने Sportstar के लिए लिखे अपने एक कॉलम में यह बात कही.

"बातें करना आसान है, और सस्ती भी; कुछ कोचों की तरह बड़े-बड़े दावे करने से भले ही सुर्खियां बन जाएं, लेकिन क्रिकेट का अपना ही एक अजीब तरीका है. वह अक्सर ऐसे लोगों को उन्हीं की गलतियों का सजा देता है."

उन्होंने RCB के कोच एंडी फ्लावर का उदाहरण दिया. एक ऐसे इंसान का, जो अपना काम चुपचाप और खामोशी से करता है. "RCB के कोच एंडी फ्लावर - जिनकी टीम ने अब लगातार दो खिताब जीते हैं. एक ऐसे इंसान का बेहतरीन उदाहरण हैं जो चुपचाप अपना काम करते हैं; वे न तो सुर्खियां बटोरने वाले बड़े-बड़े बयान देते हैं, और न ही उनके सपोर्ट स्टाफ में गोल्फ खेलने वाले या बीयर पीने वाले उनके कोई खास दोस्त शामिल होते हैं," उन्होंने लिखा.

"शायद इसमें कोई सबक छिपा है. काश, जो लोग इन कोचों को नियुक्त करते हैं, वे इस बात को समझ पाते - तो उनकी टीमें टूर्नामेंट का पहला महीना खत्म होने से पहले ही खिताब की दौड़ से बाहर न हो जातीं."

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com