Sunil Gavakar on Vaibhav Sooryavanshi: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टी20 टीम में शामिल कर लिया गया है. टी-20 टीम में शामिल किए जाने पर पूर्व दिग्गज इसपर रिएक्ट कर रहे हैं. भारत के पूर्व दिग्गज महान सुनील गावस्कर ने भी वैभव सूर्यवंशी के टी-20 टीम में शामिल किए जाने पर अपनी खुशी जाहिर की थी. गावस्कर ने कहा है कि यह तो होना ही था, उन्होंने जिस तरह का परफॉर्मेंस किया है, उसे देखते हुए उन्हें टीम में शामिल करना ही थी. गावस्कर ने इंडिया टूडे के साथ बात करते हुए माना है कि वैभव को आयरलैंड के खिलाफ मैच में मौका मिलेगा.
वैभव को मैच खेलने का मौका मिलेगा या नहीं, सुनील गावस्कर ने बताया
गावस्कर ने कहा, "इसकी उम्मीद तो थी ही.. क्योंकि देखिए वह किस फॉर्म में थे.. उन्होंने कितने रन बनाए. उसके बाद आप उन्हें टीम में कैसे शामिल नहीं कर सकते? आपको अच्छे प्रदर्शन का इनाम तो देना ही होता है और मुझे लगता है कि टी 20 फॉर्मेट में उन्होंने यही किया है, और मुझे लगता है कि यह बहुत शानदार होगा, चाहे उन्हें प्लेइंग 11 में खेलने का मौका मिले या नहीं. हमें बस इंतज़ार करना होगा और देखना होगा, दरअसल, ओपनिंग के लिए अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन हैं और फिर नंबर तीन पर ईशान किशन भी हैं।.. तो क्या उन्हें मैच खेलने का मौका मिलेगा,यह तो हमें इंतज़ार करके ही पता चलेगा."
गावस्कर ने अपनी बात आगे ले जाते हुए कहा, लेकिन जो भी हो, भारतीय टीम का हिस्सा बनना उनके लिए सीखने का एक शानदार अनुभव होगा, जो उनके करियर में आगे चलकर बहुत काम आएगा. मैं उन्हें आयरलैंड T20 सीरीज के लिए जरूर चुनूंगा. मैं उन्हें आयरलैंड टी20 सीरीज में खेलते हुए देखना चाहूंगा. उन्हें संजू सैमसन या अभिषेक शर्मा की जगह मौका दें, या हो सकता है कि एक मैच में अभिषेक शर्मा को बाहर रखा जाए और दूसरे में संजू सैमसन को, और वैभव दोनों मैच खेले."
आईपीएल 2026 में वैभव का धमाका
वैभव ने 16 पारियों में 237 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप को अपने नाम किया. वैभव आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने. उन्होंने टूर्नामेंट में 72 छक्के लगाते हुए क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा. वह ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने. इसके साथ ही वह एक सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले अनकैप्ड बल्लेबाज भी बने.
ये भी पढ़ें- 3 पारियां और 5 बड़े कारण, वैभव सूर्यवंशी ने कर दिया सेलेक्टरों को टी-20 टीम में चुनने को मजबूर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं