विज्ञापन

Sri Lanka vs Zimbabwe Highlights: सुपर-8 से पहले जिम्बाब्वे ने फिर चौंकाया, श्रीलंका को 6 विकेट से दी मात, ग्रुप में टॉप पर

Sri Lanka vs Zimbabwe Highlights T20 World Cup 2026: जिम्बाब्वे ने जाारी टी20 वर्ल्ड कप में एक बार फिर सबको चौंका दिया और उन्होंने लीग स्टेज में अपने आखिरी मुकाबले मेें श्रीलंका को 6 विकेट से हरा दिया.

Sri Lanka vs Zimbabwe Highlights: सुपर-8 से पहले जिम्बाब्वे ने फिर चौंकाया, श्रीलंका को 6 विकेट से दी मात, ग्रुप में टॉप पर
Sri Lanka vs Zimbabwe Highlights T20 World Cup 2026

Sri Lanka vs Zimbabwe Highlights T20 World Cup 2026: ब्रायन बेनेट के अर्धशतक और कप्तान सिकंदर रजा की 45 रन की पारियों के दम पर जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को बृहस्पतिवार को छह विकेट से हराकर अपराजेय रहते हुए ग्रुप की शीर्ष टीम के रूप में टी20 विश्व कप के सुपर आठ में प्रवेश किया. कठिन पिच पर जीत के लिये 179 रन के लक्ष्य के जवाब में जिम्बाब्वे ने 19.3 ओवर में चार विकेट पर 182 रन बनाए. बेनेट 48 गेंद में 63 और रजा 26 गेंद में 45 रन बनाकर नाबाद रहे. दोनों टीमें ग्रुप बी से सुपर आठ में पहुंच चुकी है और लीग चरण में आस्ट्रेलिया को हराने वाली जिम्बाब्वे के प्रदर्शन ने सभी को चौंका दिया है. (Scorecard)

जिम्बाब्वे ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 55 रन बना लिये थे. सलामी बल्लेबाज बेनेट और ताडी मारूमानी (26 गेंद में 34 रन) ने टीम को शानदार शुरूआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिये 8.3 ओवर में 69 रन बनाये. मारूमानी को दुनिथ वेलालागे ने रिटर्न कैच लेकर पवेलियन भेजा. रियान बर्ल ने 12 गेंद में 23 रन बनाये लेकिन दासुन शनाका की गेंद पर विकेट गंवा बैठे. इसके बाद रजा और बेनेट ने मोर्चा संभाला. रजा ने दिलशान मदुशंका को 15वें ओवर में लगातार दो छक्के लगाये. इसके अगले ओवर में स्पिनर महीष तीक्षणा को एक छक्का और एक चौका लगाया.

रजा को 19वें ओवर में दुशान हेमंता ने आउट किया और दो गेंद बाद ताशिंगा मुसेकिवा भी पवेलियन लौट गए. आखिरी ओवर में जिम्बाब्वे को आठ रन चाहिये थे और टोनी मुनियोंगा ने तीक्षणा को छक्का लगाकर जिम्बाब्वे खेमे में खुशी का संचार कर दिया. 

इससे पहले धीमी पिच पर बीच के ओवरों में श्रीलंका के बल्लेबाजों को परेशानी आई और वे सात विकेट पर 178 रन ही बना सके. पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की शुरूआत अच्छी रही. सलामी बल्लेबाज कुसल परेरा (22) और पाथुम निसांका (62) ने 4.5 ओवर में 54 रन बनाये. बायें हाथ के बल्लेबाज परेरा सहज नहीं दिखे लेकिन तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को उन्होंने दो चौके लगाये. वह हालांकि मुजरबानी के बाउंसर पर पूल शॉट खेलने के प्रयास में शॉर्ट फाइन लेग पर ग्रीम क्रेमर को कैच दे बैठे. 

श्रीलंका के बल्लेबाजों ने पावरप्ले में एक विकेट पर 61 रन बना लिये थे लेकिन इसके बाद रनगति धीमी पड़ गई. जिम्बाब्वे के स्पिनरों सिकंदर रजा , क्रेमर , रियान बर्ल और वेलिंगटन मसाकाजा ने मेजबान बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. अगले चार ओवरों में सिर्फ 21 रन बने.

इस बीच कुसल मेंडिस का विकेट भी गिरा जो 20 गेंदों में 14 रन ही बना सके. वहीं पिछले मैच में आस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक बनाने वाले निसांका ने 34 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. वह क्रेमर की गेंद पर रिवर्स स्वीप लगाने के प्रयास में टोनी मुनिनोगा को कैच दे बैठे. पवन रत्नायके ने 25 गेंद में 44 रन बनाये और ब्राड इवांस को 19वें ओवर में दो चौके और एक छक्का जड़कर श्रीलंका को 150 रन के पार पहुंचाया. आखिरी दो ओवरों में 30 रन बने.


NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com