- इमरान खान की खराब सेहत पर क्रिकेट के दिग्गजों ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को खत लिखकर समर्थन व्यक्त किया है.
- इमरान खान के बेटे कासिम और सुलेमान ने पिछले एक साल से पाकिस्तान से वीजा न मिलने की समस्या बताई है.
- पाकिस्तान सरकार ने इमरान खान की आंखों की गंभीर बीमारी सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन की पुष्टि की है.
भारत के महानतम कप्तानों में गिने जाने वाले कपिल देव और सुनील गावस्कर ने इमरान खान की आंखों को लेकर बयान दिया तो पाकिस्तान की सरकार ने फिर एक बार बचकान बयान जारी किया है. इस बार पाकिस्तान के गृह मंत्री ने इमरान खान की सेहत को लेकर लीपापोती की कोशिश की है. इससे पहले पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटरों वसीम अकरम और वकार यूनुस ने भी इमरान खान की सेहत को लेकर चिंता जताई थी तो पाकिस्तान के कानून मंत्री ने कह दिया था कि चिंता की कोई बात नहीं है.

इमरान खान की खराब सेहत के कारण पाकिस्तानी सरकार की फजीहत पूरी दुनिया में हो रही है. इमरान खान के बेटों कासिम और सुलेमान ने कल रायटर्स से लंदन में बात करते हुए बताया कि वो पिछले एक साल से पाकिस्तान से वीजा मांग रहे हैं, मगर उन्हें नहीं मिल रहा. पिछले बृहस्पतिवार को बात हुई तो कभी अपनी सेहत की परवाह नहीं करने वाले इमरान खान अपनी सेहत को लेकर चिंतित थे. यहां क्लिक कर पूरी खबर पढ़ें

अब हालात ये है कि इमरान खान के समर्थन में क्रिकेट दिग्गजों ने खत तक पीएम शहबाज शरीफ को लिख दिया है. खत लिखने वालों में 14 पूर्व कप्तान शामिल हैं. इनमें माइकल एथरटन एलन बॉर्ड, माइकल ब्रियरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, सुनील गावस्कर, डेविड गॉवर, किम ह्यूजेस, नासिर हुसैन, सर क्लाइव लॉयड, कपिल देव, स्टीव वॉ, जॉन राइट शामिल हैं. यहां क्लिक कर जानिए क्या क्रिकेटरों ने मांग की.

क्रिकेट की दुनिया से सबसे पहले वसीम अकरम और वकार यूनुस इमरान खान के समर्थन में उतरे थे.तब भी पाकिस्तान के कानून मंत्री ने ऊटपटांग बातें की थीं. पूरी खबर यहां पढ़ें.
पाकिस्तान सरकार बौखलाई
चौतरफा निंदा के बीच गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने मंगलवार को कहा कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान की बहन अलीमा खान की वजह से पूर्व प्रधानमंत्री की आंखों की जांच में देरी हुई. एआरवाई न्यूज ने बताया कि नकवी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रावलपिंडी की अडियाला जेल में पूर्व पीएम की जांच करने वाले डॉक्टरों और इमरान की मेडिकल टीम के साथ-साथ पीटीआई नेताओं के बीच हुई मीटिंग के बारे में जानकारी दी. वो बोले कि उनके (इमरान) डॉक्टरों ने कहा, ‘बहुत बढ़िया! अगर हमने इलाज किया होता, तो हम भी यही करते.' पॉलिटिकल लीडर्स ने कहा, ‘हम संतुष्ट हैं, और हम अपने लोगों को इसके बारे में बताएंगे.' नकवी ने कहा कि उन्होंने मेडिकल टीम से पूछा कि क्या वे आगे टेस्टिंग करना चाहते हैं, जिस पर उन्होंने जवाब दिया कि सभी टेस्ट किए जा चुके हैं.

इमरान खान की बहन को दोषी बताया
इसके बाद उन्होंने सीधे-सीधे इमरान खान की बहन को निशाने पर लिया. उन्होंने कहा, “लेकिन मैं आपको बस इतना बता सकता हूं कि अलीमा खान साहिबा ने अपनी पार्टी से कहा कि अगर हम इसे मान लेते हैं, तो यह (इमरान की बीमारी) मामला शांत हो जाएगा. उनकी वजह से, तीन दिनों तक मेडिकल चेक-अप नहीं हो सका. एक तरफ, वे कहते हैं कि वे बहुत करीब हैं, और दूसरी तरफ, उन्होंने इस मुद्दे का पूरी तरह से राजनीतिकरण किया.”

पाकिस्तान में बढ़ रहा इमरान प्रेम
प्रमुख मीडिया आउटलेट डॉन के अनुसार, नकवी ने कहा, “अगर आपका (अलीमा का) इरादा अच्छा होता, तो आप पहले दिन ही मान जाते. लगभग सभी पॉलिटिकल लीडर्स तैयार रहते थे, लेकिन अलीमा खान साहिबा ने उन्हें वीटो कर दिया. वह हर चीज को सिरे से खारिज कर देती थीं. समस्या यह है कि वे (पीटीआई) इस मामले को कैश करना चाहते हैं.” मीडिया से बात करते हुए, नकवी ने याद दिलाया कि इमरान की आंख की बीमारी का मामला तब सामने आया, जब सरकार ने पुष्टि की कि पीटीआई संस्थापक को एक छोटा सा प्रोसीजर कराने के लिए पीआईएमएस (पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ) ले जाया जा रहा है. नकवी का ये बयान सुप्रीम कोर्ट में जमा की गई एक मेडिकल रिपोर्ट के बाद बढ़े हुए पॉलिटिकल तनाव के बीच आया है, जिसमें इस बात की पुष्टि हुई है कि पूर्व प्रधानमंत्री को आंखों की एक गंभीर बीमारी—सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन—है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं