विज्ञापन

पहले टेस्ट के लिए पूरी तरह फिट हैं शुभमन गिल? कोच ने दिया बड़ा अपडेट

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त को ऐतिहासिक गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में शुरू होने वाला है. इस मैच से पहले टीम मैनेजमेंट ने कप्तान शुभमन गिल की फिटनेस पर अपडेट दिया है.

पहले टेस्ट के लिए पूरी तरह फिट हैं शुभमन गिल? कोच ने दिया बड़ा अपडेट
Kuldeep Yadav and Shubman Gill
IANS

भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने रविवार को कहा कि कुलदीप यादव ने श्रीलंका क्रिकेट एकादश के खिलाफ अभ्यास मैच की दूसरी पारी में गेंदबाजी इसलिए नहीं की क्योंकि वह लगातार ज्यादा गेंदबाजी के बाद अपने शरीर की स्थिति को समझना चाहते थे. उन्होंने साफ किया कि बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर की फिटनेस को लेकर कोई चिंता नहीं है.

कुलदीप ने तीन दिवसीय मैच में 18 ओवर गेंदबाजी की थी. मैच से पहले भी उन्होंने दो तीन ओवर गेंदबाजी की थी. बहुतुले ने कहा कि उन्हें आराम देने का फैसला सिर्फ सावधानी के तौर पर लिया गया था. बहुतुले ने कहा, 'कुलदीप ने मैच में 18 ओवर और मैच से पहले करीब दो तीन ओवर गेंदबाजी की. उनका प्रदर्शन अच्छा रहा. इसके बाद वह थोड़ा ब्रेक लेकर यह समझना चाहते थे कि उनका शरीर कैसा महसूस कर रहा है. ''

अन्य स्पिनरों रविंद्र जडेजा, मानव सुथार और सारांश जैन को ज्यादा गेंदबाजी का मौका दिया गया. भारत ने इस अभ्यास मैच के जरिए श्रीलंका के खिलाफ गॉल में होने वाले पहले टेस्ट के लिए अपनी तैयारियों को परखा. बहुतुले ने कहा, 'मानव और जडेजा ने करीब 14-15 ओवर गेंदबाजी की. उन्हें पिच को समझने का अच्छा मौका मिला. यह उनके लिए काफी अच्छी तैयारी रही.'

शुरुआत में पिच से स्पिन गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिली, लेकिन मैच आगे बढ़ने के साथ गेंद ज्यादा घूमने लगी. इससे भारतीय स्पिनरों को काफी फायदा हुआ. बहुतुले ने कहा, 'पहले दिन पिच थोड़ी सपाट थी, लेकिन जैसे-जैसे दिन बीतते गए, गेंद ज्यादा घूमने लगी. स्पिनरों के लिए यह अच्छा अभ्यास रहा.'

भारत ने स्थानीय परिस्थितियों को समझने के लिए इस अभ्यास मैच में मजबूत टीम उतारी थी. बहुतुले के मुताबिक खिलाड़ियों ने इस मौके का अच्छा फायदा उठाया. उन्होंने कहा, 'ज्यादातर खिलाड़ी यहां आ चुके हैं, अनुभवी खिलाड़ी हैं जैसे जड्डू यहां पहले भी खेल चुके हैं. लेकिन मानव और सारांश जैन जैसे नए खिलाड़ियों को बस यह समझना होगा कि सही लाइन और लेंथ क्या होगी. और फील्डिंग कैसे सजाना है जो बहुत जरूरी है.'

शुभमन गिल की चोट पर टीम मैनेजमेंट ने क्या कहा?

भारतीय टीम मैनेजमेंट शुभमन गिल की चोट से उबरने को लेकर भी संतुष्ट है. गिल को गुरुवार को अभ्यास सत्र में बल्लेबाजी के दौरान दाहिने हाथ पर चोट लगी थी. सावधानी के तौर पर गिल ने अभ्यास मैच के पहले दिन बल्लेबाजी नहीं की. बाद में उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की और कैचिंग अभ्यास में भी हिस्सा लिया.

श्रीलंका के खिलाफ तैयारी में जुटे गिल

बहुतुले ने कहा, 'यह सिर्फ एहतियात के लिए किया गया. वह बिल्कुल ठीक हैं और लगातार ट्रेनिंग कर रहे हैं. इसलिए मैनेजमेंट ने पहले दिन उन्हें बल्लेबाजी से दूर रखने का फैसला किया.' उन्होंने गिल की तैयारी की भी तारीफ की. बहुतुले ने बताया कि गिल श्रीलंका के स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ खेलने की खास तैयारी कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, 'शुभमन अपनी तैयारी को बहुत गंभीरता से लेते हैं. वह बहुत बारीकी से तैयारी करते हैं. श्रीलंका की टीम के लिए जो गेंदबाजी सबसे प्रभावी रही है, उसके हिसाब से वह अपनी तैयारी कर रहे हैं.' भारत ने इस मैच में लॉअर ऑर्डर के बल्लेबाजों को भी बल्लेबाजी का मौका दिया जैसे गेंदबाज गुरनूर बराड़ जैसे खिलाड़ियों ने भी बल्लेबाजी की.

बहुतुले ने कहा, 'निचले क्रम में बल्लेबाजी करने वाले सभी गेंदबाजों का योगदान टेस्ट मैच में अच्छा स्कोर बनाने में बहुत उपयोगी होगा. और यही पूरी प्रक्रिया है. हम उन्हें नेट्स में अधिक से अधिक बल्लेबाजी करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं.' देवदत्त पडिक्कल के शतक ने पहले टेस्ट की अंतिम एकादश में जगह बनाने का उनका दावा मजबूत कर दिया है. हालांकि, बहुतुले ने कहा कि अंतिम फैसला गॉल की पिच को देखने के बाद लिया जाएगा.

डब्ल्यूटीसी की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर भारत

उन्होंने कहा, 'उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और खुद को साबित किया. गॉल पहुंचने के बाद पिच देखकर अंतिम फैसला लिया जाएगा.' भारत फिलहाल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है. बहुतुले ने कहा कि श्रीलंका के खिलाफ श्रृंखला टीम के लिए बहुत महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा, 'डब्ल्यूटीसी का यह चक्र बहुत महत्वपूर्ण है और हर सीरीज अहम है. हमारा लक्ष्य श्रीलंका जाकर सीरीज जीतना है. हम फाइनल में पहुंचना और डब्ल्यूटीसी भी जीतना चाहते हैं.'

भारत के पास चार स्पिनर

भारत के पास रविंद्र जडेजा, मानव सुथार, सारांश जैन और कुलदीप यादव चार स्पिनर हैं. बहुतुले ने कहा कि चारों की अपनी अलग खासियत है इसलिए गॉल में सही संयोजन चुनना मुश्किल लेकिन अच्छी चुनौती होगी. उन्होंने कहा, 'जडेजा के पास काफी अनुभव है. मानव सुथार की गेंदबाजी में अच्छी सटीकता है. सारांश ने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है और इसी वजह से उन्हें टीम में जगह मिली है.' कुलदीप के बारे में उन्होंने कहा, 'कुलदीप कलाई के स्पिनर हैं. टीम में कलाई के स्पिनर का होना हमेशा फायदेमंद होता है क्योंकि इससे गेंदबाजी में विविधता आती है.'

ये भी पढ़ें-  रिंकू सिंह की मंगेतर प्रिया सरोज बनीं 'स्कूल टीचर', भीमराव अंबेडकर पर पूछा सवाल, बच्ची के जवाब ने जीता दिल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Sri Lanka, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com