क्रिकेट के मैदान पर अपने गगनचुंबी छक्कों के लिए चर्चा में रहने वाले रिंकू सिंह की मंगेतर प्रिया सरोज इन दिनों एक अलग वजह से सुर्खियों में हैं. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है. समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज अपने क्षेत्र (मछलीशहर) के एक प्राथमिक विद्यालय पहुंचीं, जहां उनका सामना छोटे-छोटे बच्चों से हुआ, जिनके साथ वह कुछ देर के लिए सांसद नहीं बल्कि 'प्रिया बुआ' बन गईं.
उन्होंने बच्चों से पढ़ाई को लेकर सवाल किए, गणित का पहाड़ा सुना, सही जवाब देने वालों को चॉकलेट, बिस्कुट, कॉपी और स्कूल बैग जैसे इनाम दिए. लेकिन क्लास के दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान को लेकर हुई बातचीत ने इस मुलाकात को खास बना दिया. इसी दौरान एक बच्ची ने शिक्षा को लेकर ऐसी बात कही, जिसकी प्रिया सरोज ने जमकर तारीफ की.
बच्चों ने किया प्रिया सरोज का स्वागत
The Red Ink नाम के यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रिया सरोज जब प्राथमिक विद्यालय पहुंचीं तो बच्चों ने उनका उत्साह के साथ स्वागत किया. प्रिया ने बच्चों से भी सहज अंदाज में बातचीत शुरू कर दी. उन्होंने बच्चों से उनके नाम और कक्षा के बारे में पूछा. बच्चों में प्रियांशी यादव, अनन्या पटेल समेत कई छात्र-छात्राएं उनसे बातचीत करती नजर आईं. प्रिया ने बच्चों से उनकी पसंद के विषय के बारे में भी पूछा.
15 का पहाड़ा सुनाया, मिला इनाम
प्रिया ने बच्ची से 15 का पहाड़ा सुनाने को कहा. बच्ची ने 15 का पूरा पहाड़ा सुनाया तो प्रिया ने उसकी तारीफ की. इसके बाद उसे चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया गया.
फिर आया संविधान और डॉ. अंबेडकर का सवाल
इसके बाद प्रिया सरोज ने बच्चों के साथ संविधान को लेकर बातचीत शुरू की. उन्होंने पूछा कि क्या किसी ने ‘कॉन्स्टिट्यूशन' यानी संविधान का नाम सुना है. इसके बाद उन्होंने बच्चों से डॉ.भीमराव अंबेडकर के बारे में पूछा. एक बच्ची ने जवाब देते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान लिखा है. बच्ची के इस जवाब पर प्रिया ने उसकी तारीफ की और उसे आगे बोलने के लिए प्रोत्साहित किया.
'पैर में जूते ना हो, लेकिन हाथ में किताबें रहनी चाहिए'
इसी बातचीत के दौरान बच्ची ने शिक्षा को लेकर एक बेहद दिलचस्प बात कही. उसने कहा कि 'पैर में जूते ना हो, लेकिन हाथ में किताबें रहनी चाहिए.' बच्ची की इस बात पर प्रिया सरोज ने उसकी तारीफ की. इसके बाद उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में समझाया. प्रिया ने कहा कि पढ़ाई के जरिए बच्चे आगे बढ़ सकते हैं. शिक्षा उन्हें सही और गलत में फर्क समझने, अपने अधिकारों को जानने और समाज में आगे बढ़ने की ताकत देती है.
प्रिया ने बच्चों को समझाया संविधान का महत्व
प्रिया सरोज ने बच्चों से संविधान में मिले अधिकारों और बराबरी की बात की. उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को सम्मान और बराबरी का अधिकार है. उन्होंने शिक्षा के अधिकार और छुआछूत जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संविधान की भूमिका का भी जिक्र किया. उन्होंने बच्चों से कहा कि अगर वे पढ़ेंगे तो आगे चलकर अधिकारी बन सकते हैं और अपने माता-पिता का नाम रोशन कर सकते हैं. उनके मुताबिक किसी भी समाज की तरक्की के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है.
बच्चों को बांटे चॉकलेट, कॉपी और बैग
क्लास के दौरान प्रिया सरोज ने बच्चों को केवल सवाल-जवाब तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने सही जवाब देने वाले बच्चों को चॉकलेट और कॉपी देकर उनका उत्साह बढ़ाया। बाद में बच्चों के बीच बैग भी बांटे गए. पहली और दूसरी कक्षा के बच्चों से भी उन्होंने बातचीत की. कुछ बच्चों से उन्होंने उनका नाम पूछा तो कुछ से उनकी पढ़ाई और परिवार से जुड़ी बातें पूछीं. छोटे बच्चों के साथ प्रिया का अंदाज काफी सहज और मजाकिया नजर आया.
कब होगी रिंकू और प्रिया सरोज की शादी?
रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी नवंबर या दिसंबर 2026 में होने की संभावना है. प्रिया सरोज के अनुसार, यह शादी लखनऊ में होगी और अलग से कोई रिसेप्शन नहीं रखा जाएगा. दरअसल, पहले यह शादी जून 2026 में तय थी, लेकिन रिंकू सिंह के पिता के निधन और पारिवारिक कारणों के चलते इसे आगे बढ़ाना पड़ा. फिलहाल शादी को लेकर कोई तय तारीख सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ें- ODI वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं? भुवनेश्वर कुमार ने भविष्य पर पहली बार तोड़ी चुप्पी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं