पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए वोटिंग जारी है. देश के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने भी अपनी पत्नी डोना गांगुली के साथ दक्षिण 24 परगना में मतदान किया है. वोटिंग करने के बाद दादा से पुछा गया कि पिछले चुनाव और इस बार की चुनाव में आप क्या नया देख रहे हैं? जिसके जवाब में उन्होंने कहा, 'ये सब बातें मुझसे नहीं पूछिए. मैंने अपना वोट दे दिया है बस.' अगले सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, 'पिछले चरण में भी मतदान 90 प्रतिशत से अधिक हुआ था. देखते हैं, आज शाम तक पता चल जाएगा.'
पीएम मोदी का भी आया बयान
जारी चुनाव प्रक्रिया पर पीएम मोदी का भी बयान सामने आया है. उन्होंने बुधवार (29 अप्रैल 2026) को कहा कि पश्चिम बंगाल में इस बार 'भयमुक्त वातावरण' में मतदान हो रहा है, जो पिछले छह-सात दशकों में देखने को नहीं मिला.
#WATCH | On voter turnout, Sourav Ganguly says, "...In the previous phase too, the voting percentage was 90 plus. Let's see, we will get to know by this evening..." https://t.co/SxXWZNXiwE pic.twitter.com/idaQKhYWQH
— ANI (@ANI) April 29, 2026
प्रधानमंत्री ने कहा कि चार मई को आने वाले विधानसभा चुनाव के परिणाम विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करेंगे. पश्चिम बंगाल में 142 विधानसभा सीट के लिए दूसरे और अंतिम चरण का मतदान जारी है.
प्रधानमंत्री मोदी ने हरदोई के मल्लावां में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज लोकतंत्र के उत्सव का महत्वपूर्ण दिन है. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी है और मिल रही जानकारी के अनुसार भारी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, 'आज लोकतंत्र के उत्सव का भी एक अहम दिन है. बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं उनसे पता चलता है की बंगाल में भारी मतदान हो रहा है. पहले चरण की तरह ही लोग वोट डालने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रहे हैं और लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया में छाई हुई हैं.'
प्रधानमंत्री ने कहा, 'पिछले छह-सात दशकों में जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, वैसै निर्भीक वातावरण में इस बार बंगाल में मतदान हो रहा है. लोग भयमुक्त होकर मतदान कर रहे हैं. यह देश के संविधान और मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है.'
उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं और बड़ी संख्या में मतदान कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि मतदान समाप्त होने तक इसी उत्साह के साथ भागीदारी बनाए रखें.
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में हालिया चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने प्रचंड जीत हासिल की थी. इसके अलावा, उन्होंने गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा की सफलता का भी उल्लेख किया.
उन्होंने कहा, 'चार मई को आने वाले परिणाम विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करेंगे और देश के विकास की गति में नई ऊर्जा का संचार करेंगे.' (भाषा इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- World Record: बाबर आजम ने बदल दिया कप्तानी का इतिहास, पूरी दुनिया में यह कारनामा करने वाले बने पहले कैप्टन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं