विज्ञापन

जिंबाब्वे के WTC चक्र में आने के बाद संन्यास का फैसला बदलेंगे? जानें क्या कहा सिकंदर रजा ने

जिंबाब्वे की हालिया सफलता में सिकंदर रजा का अहम योगदान रहा है. और जब जिंबाब्वे एक बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की ओर बढ़ रहा है, तो उन्हें लेकर सवाल भी बढ़ चले हैं

जिंबाब्वे के WTC चक्र में आने के बाद संन्यास का फैसला बदलेंगे? जानें क्या कहा सिकंदर रजा ने
जिंबाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा
source: X

जिंबाब्वे के वनडे और टी20 कप्तान सिकंदर रजा ने कहा कि विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप 2027- 30 चक्र में उनकी टीम के आने की संभावना के बावजूद अगले साल अफ्रीका में होने वाले 50 ओवरों के विश्व कप के बाद संन्यास का उनका फैसला नहीं बदलेगा. जिम्बाब्वे वनडे विश्व कप 2027 में दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के साथ सह मेजबान है . रजा ने मोबाइल गेमिंग प्लेटफॉर्म सिक्सर क्रिकेट द्वारा कराई गई बातचीत में कहा, ‘मेरे कैरियर का यह आखिरी दौर है और अपने देश में विश्व कप खेलना मेरे लिये वरदान से कम नहीं है. हर क्रिकेटर का सपना विश्व कप खेलकर संन्यास लेने का होता है.'

यह पूछने पर कि अगर जिम्बाब्वे 2027-30 चक्र में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में जगह बनाता है तो क्या उनका फैसला बदलेगा, उन्होंने कहा,‘ नहीं  ऐसा कुछ नहीं होगा मैंने फैसला कर लिया है और वह नहीं बदलने वाला.' उन्होंने हालांकि यह कहा कि डब्ल्यूटीसी में प्रवेश से जिम्बाब्वे क्रिकेट का विकास होगा. रजा ने कहा, 'अगर ऐसा हुआ तो मैं उसके समर्थन में सबसे आगे रहूंगा. जिम्बाब्वे अगर डब्ल्यूटीसी का हिस्सा बनता है तो भले ही हमारा प्रदर्शन शुरूआत में अच्छा नहीं रहे लेकिन इससे देश में क्रिकेट का काफी तेजी से विकास होगा. हमारा प्रदर्शन बेहतर होगा.' चलिए सिकंदर रजा के निजी जीवन और करियर को मिलाकर 5 बड़ी जातें जान लीजिए

1. फाइटर पायलट बनने का सपना और किस्मत का मोड़

सिकंदर रजा का जन्म पाकिस्तान के सियालकोट में हुआ था और वे बचपन से ही पाकिस्तान एयर फोर्स में फाइटर पायलट बनना चाहते थे. उन्होंने पाकिस्तान एयर फोर्स कॉलेज में दाखिला भी हासिल कर लिया था, लेकिन आंखों के विज़न टेस्ट में असफल होने के कारण उनका यह सपना टूट गया. इसके बाद उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ सेमी-प्रोफेशनल क्रिकेट खेलना शुरू किया.

2. जिम्बाब्वे आगमन और डोमेस्टिक से इंटरनेशनल तक का सफर

साल 2002 में उनके माता-पिता जिम्बाब्वे में बस गए थे. पढ़ाई पूरी करने के बाद रजा जिम्बाब्वे चले गए और नॉर्दर्न्स के लिए 2007 में लोगान कप से फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया. साल 2010-11 के घरेलू सत्र में 'सदरन रॉक' के लिए धमाकेदार प्रदर्शन (शुरुआती दो मैचों में दो अर्धशतक और एक शतक) करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय टीम के दरवाज़े खटखटाए. मई 2013 में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ जिम्बाब्वे के लिए इंटरनेशनल डेब्यू किया और उसी साल पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले टेस्ट मैच में 60 रन बनाए.


3. बीमारी और टीम से बाहर होने के बाद शानदार वापसी

साल 2019 वनडे वर्ल्ड कप क्वालिफायर में 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' रहने के बावजूद (जिसमें टीम क्वालिफाई नहीं कर पाई थी), वे कुछ समय के लिए टीम से बाहर हो गए. इसके बाद 2021 में वे 'बोन मेरो इंफेक्शन' (अस्थि मज्जा संक्रमण) जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हुए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. बीमारी को मात देकर लौटे रजा ने 2022 T20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर के फाइनल में नीदरलैंड्स के खिलाफ 8 रन देकर 4 विकेट लिए और मैच जिताया. इसके बाद मुख्य T20 वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तान और आयरलैंड के खिलाफ जीत में वे 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे.

4. 2022 का जादुई साल और कप्तानी की जिम्मेदारी

साल 2022 सिकंदर रजा के इंटरनेशनल करियर का सबसे सफल साल साबित हुआ, जिसमें उन्होंने व्हाइट-बॉल फॉर्मेट्स में 1380 रन बनाए. इसके अलावा साल 2016 में श्रीलंका के खिलाफ ऐतिहासिक वनडे सीरीज जीत में भी उनकी मुख्य भूमिका रही थी. उनके निरंतर शानदार प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए 2023 में 37 साल की उम्र में उन्हें जिम्बाब्वे की T20I टीम का कप्तान बनाया गया.

5. ग्लोबल T20 फ्रीलांसर और चैंपियंस ट्रॉफियां

T20 फॉर्मेट के उभार के साथ ही सिकंदर रजा दुनिया भर की फ्रेंचाइजी लीग्स के चहेते खिलाड़ी बन गए. उन्होंने IPL (पंजाब किंग्स), BPL, CPL (ट्रिनबागो नाइट राइडर्स - खिताब जीता), ILT20 (दुबई कैपिटल्स - खिताब जीता) और PSL में अपनी उपयोगिता साबित की. लाहौर कलंदर्स के साथ उन्होंने दो बार PSL का खिताब जीता. साल 2025 में जब वे इंग्लैंड के खिलाफ जिम्बाब्वे के लिए टेस्ट मैच खेल रहे थे, तब मैच खत्म होते ही सीधे नॉटिंघम से लाहौर पहुंचे और कुछ ही घंटों के भीतर PSL का फाइनल मुकाबला खेलकर टीम को चैंपियन बनाया.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sikandar Raza Butt, Zimbabwe, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com