देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी Reliance Jio अपने यूजर्स को फिर से झटका दे सकती है. रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अपने रिचार्ज प्लान्स को महंगा करने वाली है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी आने वाले कुछ समय में प्लान्स में बदलाव कर ग्राहकों के खर्च को बढ़ा सकती है. Jio के प्लान्स में 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. ये खबर ऐसे समय में आई जब कंपनी शेयर बाजार में अपना IPO लाने की पूरी तैयारी कर चुकी है. कंपनी का आईपीओर 21 अक्टूबर को ओपन होगा जबकि 23 अक्टूबर को बंद होगा. इसके तहत 27 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे.
रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ARPU को बढ़ाने के लिए टैरिफ हाइक कर सकती है. इसका अनुमान काफी समय से लगाया जा रहा है. आपको बता दें कि ARPU यानी एवरेज रेवेन्यू पर यूजर ये दिखाता है कि कंपनी हर महीने अपने एक एक्टिव ग्राहक से औसतन कितना पैसा कमाती है. वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2026) में Jio का ARPU बढ़कर 215.6 रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल इसी टाइनलाइन में 208.8 रुपये था.
53.3 करोड़ से अधिक हुई कस्टमर्स की संख्या
Jio के यूजर्स की संख्या 53.3 करोड़ से अधिक हो गई. जबकि हर यूजर महीने औसतन 43.7GB डेटा का इस्तेमाल कर रहा है. पहले ये 37GB था. इसके साथ ही Jio के 5G यूजर्स की संख्या बढ़कर 28.5 करोड़ और होम ब्रॉडबैंड या JioAirFiber ग्राहकों की संख्या 2.8 करोड़ के पार पहुंच गई है. हालांकि, टैरिफ हाइक के बाद कंपनी के लिए यूजर ग्रोथ की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ सकती है. पहले जब कंपनी ने टैरिफ हाइक किया था तब यूजर्स ने सिम पोर्ट करा ली थी.
टैरिफ बढ़ोतरी से बचाने के लिए Jio Prime
इस संभावित टैरिफ बढ़ोतरी के झटके से अपने ग्राहकों को बचाने के लिए Jio ने कुछ समय पहले इंडस्ट्री फर्स्ट Jio Prime प्लान को नए अवतार में लॉन्च किया है. कंपनी का कहना है कि इस प्लान को लेने पर यूजर्स 1 साल तक महंगे रिचार्ज के झटके से बच सकते हैं. Jio प्रीपेड और पोस्टपेड के सभी ग्राहक 300 रुपये का वन-टाइम चार्ज देकर पूरे एक साल के लिए Jio Prime की मेंबरशिप ले सकते हैं.
इस मेंबरशिप को खरीदने की तारीख से लेकर पूरे एक साल तक ग्राहकों के लिए मोबाइल रिचार्ज की कीमतें बिल्कुल स्थिर रहेंगी. Jio ने वादा किया है कि 5 सितंबर 2027 तक कंपनी टैरिफ में जो भी बढ़ोतरी करेगी, उसका Jio प्राइम मेंबर्स पर कोई असर नहीं पड़ेगा. वे पुराने सस्ते दामों पर ही रिचार्ज कर सकेंगे. इसके साथ ही ग्राहकों को Jio प्राइम लेने पर नए Jio होम ब्रॉडबैंड (JioHome) या JioPC कनेक्शन के लिए 300 रुपये का कैशबैक वाउचर दिया जाएगा. साथ ही, परिवार के किसी मेंबर या दोस्त के लिए नया Jio सिम कनेक्शन लेने पर भी 300 रुपये का कैशबैक वाउचर मिलेगा. इसको आप MyJio ऐप, Jio की आधिकारिक वेबसाइट या पास के Jio स्टोर्स और पार्टनर रिटेल शोरूम पर जाकर खरीद सकते हैं.
यह भी पढ़ें | 1 नवंबर से नया नियम, स्क्रीन पर दिखेगी कॉल करने वाले की पूरी डिटेल्स, Jio से Airtel तक के यूजर्स को फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं