वैभव सूर्यवंशी ने क्वालीफ़ायर-2 में अपना अंदाज़ बदलकर खेला और 206 के स्ट्राइक रेट से 96 रन बनाए. जबकि, टीम इंडिया और गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने करियर के बेस्ट स्ट्राइक रेट से खेलते हुए बेहद दबाव भरे मैच में शतक जड़ा. वर्ल्ड कप से ठीक पहले टी-20 टीम से ड्रॉप किये गए उपकप्तान शुभमन गिल का आईपीएल में पांचवां शतक उनके आलोचकों को उनका जवाब है. गिल मिशन पर हैं और मिशन अभी बाक़ी है. गिल ने बतौर कप्तान ज़िम्मेदारी लेकर बैटिंग की और दिग्गजों का दिल भी जीत लिया.
गिल और धोनी की कप्तानी में फ़र्क'
2022 की चैंपियन गुजरात ने पांच में तीसरी बार फ़ाइनल में जगह बनाई है. लेकिन राजस्थान ने उन्हें फ़ाइनल का टिकट हासिल करने के लिए क्वालीफ़ायर के अबतक के सबसे बड़े टारगेट 215 रनों का लक्ष्य दिया.
पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने STAR SPORTS पर बात करते हुए मैच के बाद कहा, “गिल ने बहुत अच्छी कप्तानी की. उन्होंने बहुत प्योर क्रिकेट खेली. वो बहुत शांत और संयमित दिखते हैं. लेकिन वो धोनी की तरह कूल नहीं हैं. वो हौसला नहीं हारते हैं कि टीम भी उन्हें देखकर पस्त हो जाए. लेकिन कभी भी रिएक्शन देते हैं. धोनी बाहर कुछ नहीं झलकने देते.”
‘मिशन पर हैं गिल'
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मो. कैफ़ कहते हैं, “गिल बेशक मुंह से कुछ नहीं बोलें. लेकिन वो बल्ले से जवाब दे रहे हैं. उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले उपकप्तान रहते हुए भी ड्रॉप कर दिया गया. इसका मलाल तो रहता ही है. वो बोलकर जवाब नहीं दे रहे, लेकिन उनका बल्ला जवाब दे रहा है.” ज़ाहिर है कप्तान शुभमन गिल एक बड़े मिशन पर हैं. आईपीएल करियर में उनका स्ट्राइक रेट 142 का है. जबकि, इस सीज़न उन्होंने 164 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 1 शतक और 6 अर्द्धशतकों के साथ अबतक 722 रन जोड़ लिए हैं.
नेहराजी और गुजरात की जीत का टेम्प्लेट
आईपीएल के क्वालीफ़ायर-2 के सबसे बड़े टारगेट, 215 का पीछा करते हुए कप्तान शुभमन गिल और गुजरात की टीम ने अपना अंदाज़ नहीं बदला. लेकिन, जोफ़्रा आर्चर के पहले ही ओवर में गिल-साई की जोड़ी ने 19 रन जोड़ लिए. कोच आशीष नेहरा का असर और टीम का अपने टेम्प्लेट पर भरोसा टीम की ताक़त बनी रही. गिल बाउंड्री से बातें करते रहे. मगर हालात को हाथ से कभी नहीं निकलने दिया.
47 गेंदों पर आईपीएल सीज़न का पहला शतक
गिल-साई ने रनों की रफ़्तार पर लगाम कसे रखा. गिल ने अपने पहले 50 रन 30 गेंदों में पूरे किये तो बाद 50 रनों के लिए उन्होंने सिर्फ़ 17 रन लिए. गिल- साई की जोड़ी ने 167 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत की दहलीज़ पर ला दिया. कप्तान गिल की गुजरात टीम ने पांच में तीसरी बार फ़ाइनल का टिकट हासिल कर लिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं