भारत और अफगानिस्तान (IND vs AFG) के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बीते बुधवार (17 जून 2026) को लखनऊ में खेला गया. जहां भारतीय टीम 170 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल करने में कामयाब रही. मैच के दौरान क्रिकेट की दुनिया में 'सरपंच साहब' नाम से मशहूर श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की. वह वनडे फॉर्मेट में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले संयुक्त रूप से दूसरे भारतीय बन गए हैं. पहले स्थान पर मौजूदा भारतीय कप्तान शुभमन गिल का नाम आता है. जिन्होंने 3000 रन के आंकड़े को 62 पारियों में हासिल किया था.
टॉप-5 में इन दिग्गजों का नाम है शामिल
टॉप-5 में पहले स्थान पर जहां शुभमन गिल काबिज हैं. वहीं दूसरे स्थान पर कुल दो बल्लेबाजों का नाम आता है. ये दोनों खिलाड़ी शिखर धवन और श्रेयस अय्यर हैं. जिन्होंने 3000 के आंकड़े को क्रमशः 72-72 पारियों में हासिल किया है. तीसरे स्थान पर विराट कोहली को नाम आता है. 'किंग' कोहली ने वनडे फॉर्मेट में 3000 रन के आंकड़े को 75 पारियों में छूआ था. चौथे और पांचवें स्थान पर केएल राहुल और पूर्व खिलाड़ी नवजोत सिंह सिद्धू काबिज हैं. राहुल ने वनडे में 3000 रन के आंकड़े को 78, जबकि सिद्धू ने 79 पारियों में बनाया था.
भारत की तरफ से वनडे में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
62 पारी - शुभमन गिल
72 पारी - शिखर धवन
72 पारी - श्रेयस अय्यर
75 पारी - विराट कोहली
78 पारी - केएल राहुल
79 पारी - नवजोत सिंह सिद्धू
दूसरे वनडे में 26 रन बनाने में कामयाब रहे श्रेयस
श्रेयस अय्यर दूसरे वनडे मुकाबले में पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंद में 108.33 की स्ट्राइक रेट से 26 रन बनाने में कामयाब रहे. जहां उनके बल्ले से क्रिकेट प्रेमियों को एक चौका और एक खूबसूरत छक्का देखने को मिला. मैच के दौरान उन्हें नांगेलिया खरोटे ने अपना शिकार बनाया. इब्राहिम जादरान ने उनका शानदार कैच पकड़ा.
भारत को मिली जीत
बात करें मुकाबले के बारे में तो लखनऊ में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 49.5 ओवरों में 402 रन बनाने में कामयाब हुई थी. शुभमन गिल (154) और ईशान किशन (125) शतक लगाने में कामयाब रहे, जबकि रोहित शर्मा ने 48 रनों का योगदान दिया.
भारत की तरफ से जीत के लिए मिले 403 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की टीम 44.3 ओवरों में 232 रनों पर ढेर हो गई. टीम के लिए रहमत शाह ने 79 रनों की सर्वाधिक अर्धशकीय पारी खेली. उनके अलावा सेदिकुल्लाह अटल 42 और रहमानुल्लाह गुरबाज 41 रन बनाने में कामयाब रहे. मगर ये रन जीत के लिए काफी नहीं थे.
यह भी पढ़ें- Ind vs Afg: ईशान किशन का मेगा रिकॉर्ड, 52 साल में दूसरे भारतीय विकेटकीपर बने, धोनी को पीछे छोड़ा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं