विज्ञापन

Vaibhav Suryavanshi: 'तो उसकी उम्र नहीं देखिए', वैभव सूर्यवंशी की टीम इंडिया में एंट्री पर शिखर धवन का बड़ा बयान

Shikhar Dhawan on Vaibhav Suryavanshi: अगर वैभव सीनियर स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहा है, तो उसकी उम्र नहीं, उसका प्रदर्शन देखा जाना चाहिए.

Vaibhav Suryavanshi: 'तो उसकी उम्र नहीं देखिए', वैभव सूर्यवंशी की टीम इंडिया में एंट्री पर शिखर धवन का बड़ा बयान
Shikhar Dhawan on Vaibhav Suryavanshi:

Shikhar Dhawan on Vaibhav Suryavanshi: IPL 2026  के फ़ौरन बाद टीम इंडिया में वैभव सूर्यवंशी की एंट्री को लेकर बहस तेज़ हो गई है. अब टीम इंडिया के पूर्व ओपनर शिखर धवन ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के लिए बैटिंग की है. पूर्व कप्तान विराट कोहली और शिखर धवन पिछले दो-तीन दिनों में युवाओं के क्रिकेट पर ज़ोर देते नज़र आए हैं. दो दिनों पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और ऑल टाइम ग्रेट खिलाड़ियों में से एक विराट कोहली ने दिल्ली के आरके पुरम DPS स्कूल में एक क्रिकेट अकादमी की शुरुआत करते हुए बच्चों को अपने टीचर, कोच और माहौल को रेस्पेक्ट देने पर ज़ोर दिया और साथ ही कहा, "मैंने अपने जीवन में बहुत जल्दी खेल को चुना, लेकिन यह एकदम ईमानदारी से लिया गया फैसला था. मैं पूरी तरह आश्वस्त था कि मुझे क्रिकेट में ही आगे बढ़ना है, और मुझे खुद से, अपने परिवार से और अपने शिक्षकों से भी ईमानदार रहकर यह बताना पड़ा कि यही वह रास्ता है जिसे मैं अपनाना चाहता हूं," 

पूर्व भारतीय कप्तान ने विराट ने ये भी कहा "अपने सपनों के प्रति ईमानदार रहो, जो करना चाहते हो उसके बारे में स्पष्ट रहो और उस सपने का पूरी निष्ठा के साथ पीछा करो. सिर्फ तुम्हें ही पता होगा कि तुम 100% ईमानदार हो या नहीं."

ग्वालियर में एक युवाओं के लिए हाई परफ़ोरमेंस अकादमी की शुरुआत करते हुए टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन ने कहा, “क्रिकेट ने मुझे सब कुछ दिया है, और मैंने हमेशा खेल को कुछ सार्थक तरीके से वापस देने की एक मजबूत जिम्मेदारी महसूस की है.”

ओपनर वैभव के लिए शिखर ने की बैटिंग
आईपीएल के फ़ौरन बाद भारत को अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ 1 टेस्ट और 3 वनडे (6-20 जून, 2026) और आयरलैंड के ख़िलाफ़ 2 टी-20 मैच खेलने हैं. 15 साल के बिहार के वैभव सूर्यवंशी को अभी ही टीम में मौक़ा मिलना चाहिए या नहीं इसे लेकर पूर्व कप्तान अनिल कुंबले से लेकर आर अश्विन और दुनिया भर के दिग्गज अपनी राय रख रहे हैं. 

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल करने की दुविधा पर, जहां ओपनर की जगह के लिए पहले से ही अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे स्टार खिलाड़ी मौजूद हैं, पूर्व भारतीय ओपनर शिखर धवन कहते हैं, "अगर वैभव सीनियर स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहा है, तो उसकी उम्र नहीं, उसका प्रदर्शन देखा जाना चाहिए. हां, वह बच्चा है, लेकिन जिस तरह से वह बुमराह और अर्शदीप जैसे गेंदबाजों को इतने बड़े छक्के मारता है, वह हैरान करने वाला है. इतनी कम उम्र में जो उसने किया है, वह कई दिग्गज भी नहीं कर पाए हैं. जाहिर है, उसका समय आएगा. आना तय है. देखिए, अगर टॉप ऑर्डर अच्छा कर रहा है, तो आप उन्हें तुरंत नहीं बदल सकते. जब रो(हित), विराट और मैं खेल रहे थे, तो हमने करीब एक दशक तक खेला, और हमें बदलना आसान नहीं था. यह हर खिलाड़ी पर निर्भर करता है कि वह इसे कैसे लेता है. थोड़ा चुभ सकता है, लेकिन अगर मौका तुरंत न मिले तो निराश नहीं होना चाहिए. वैभव को इस छोटी उम्र में इतने सारे लोगों का आशीर्वाद मिला है."


युवा टैलेंट के लिए विराट-शिखर ने की ओपनिंग
विराट ने दिल्ली में तो उनके दिल्ली और टीम इंडिया के साथी ‘गब्बर' शिखर धवन ने मध्य प्रदेश लीग और बुंदेलखंड बुल्स के साथ साझेदारी में ग्वालियर में आदित्य वर्ल्ड क्रिकेट अकादमी की शुरुआत की. सका मकसद क्षेत्रीय प्रतिभाओं को निखारना और उभरते क्रिकेटरों के लिए रास्ता बनाना है. 

शिखर धवन के ‘दा वन स्पोर्ट्स' ने आज ग्वालियर में मध्य प्रदेश लीग और बुंदेलखंड बुल्स के साथ साझेदारी में आदित्य वर्ल्ड क्रिकेट अकादमी में अपना पहला हाई परफॉर्मेंस सेंटर (HPC) लॉन्च किया. भारत की अगली पीढ़ी के क्रिकेटरों के लिए इस पहल का मकसद शुरुआत में मध्य प्रदेश में छिपी हुई क्रिकेट प्रतिभाओ को ढूंढना और फिर उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रोफेशनल और हाई-परफॉर्मेंस सुविधाएं पहुंचाना है. 

भारतीय क्रिकेटर और अर्जुन पुरस्कार विजेता शिखर धवन के ग्वालियर की ये हाई परफ़ोरमेंस अकादमी फिलहाल इसी तरह की अकादमियों की सीरीज़ की शुरुआत भर है. इस वर्ल्ड क्लास ढांचे को लॉन्ग टर्म विकास के लिहाज़ से डिजाइन किया गया है. यहां युवा खिलाड़ियों की टैलेंट स्काउटिंग के अलावा उन्हें खेल के सबसे ऊंचे स्तर के लिए तैयार करने का तरीका बदला जा सकेगा. 

शिखर धवन कहते हैं, “खुद इस सफर से गुजरने के बाद, मैं समझता हूं कि सबसे ऊंचे स्तर पर चैंपियन तैयार करने के लिए क्या चाहिए. दा वन स्पोर्ट्स के साथ हमारा विजन एक ऐसा सिस्टम बनाना है जो सही मार्गदर्शन, संरचना और सोच के साथ युवा प्रतिभा को निखारे, ताकि वे सफल होने के लिए बेहतर तरीके से तैयार हों.”

मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ के अध्यक्ष महानार्यमन सिंधियाने कहा, “ग्रासरूट क्रिकेट में निवेश करने से प्रतिभाओं की एक मजबूत पाइपलाइन सुनिश्चित होती है, जिससे आने वाले वर्षों में भारत का क्रिकेट इकोसिस्टम टिकाऊ, प्रतिस्पर्धी और वैश्विक स्तर पर मजबूत बनेगा.”

इस हाई परफ़ोरमेंस ग्रासरूट अकादमी का फ़ोकस ग्रासरूट एक्सेस, स्ट्रक्चर्ड (संरचित) ट्रेनिंग और मेंटरशिप के अलावा लॉन्ग-टर्म परफॉर्मेंस पाथवे तैयार करना है. दा वन स्पोर्ट्स का लक्ष्य एक ऐसा इकोसिस्टम बनाना है जहां युवा खिलाड़ियों को कोचिंग की गहराई, एक्सपोजर और सिस्टमैटिक प्रोग्रेस के जरिए सपोर्ट मिल सके ताकि एक दिन वो देश के लिए भी उम्दा प्रदर्शन कर सकें.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com