वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने भारत के खिलाफ तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 14 रन की हार के बाद कहा कि उनकी टीम गेंदबाजी में बेहतर प्रदर्शन करके मेजबान टीम को कम स्कोर पर रोक सकती थी. सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की 30 गेंद में पांच छक्कों और छह चौकों से 69 रन की पारी के बावजूद भारतीय टीम पारी की अंतिम गेंद पर 223 रन पर सिमट गई. अभिषेक ने ईशान किशन (37 रन, 18 गेंद, छह चौके, एक छक्का) के साथ दूसरे विकेट के लिए 108 रन जोड़कर भारत को ठोस मंच प्रदान किया.
भारत के 224 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम शिमरोन हेटमायर (43 रन, 26 गेंद, छह चौके, दो छक्के) और कामिल पूरन (42 रन, 27 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) की उम्दा पारियों के बावजूद सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी. शमार स्प्रिंगर (11 गेंद में नाबाद 35, चार छक्के, दो चौके) ने अंत में तूफानी पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके.
भारत की ओर से अर्शदीप ने 44 रन पर तीन जबकि नमन धीर ने 39 रन पर दो विकेट चटकाए. होप ने मैच के बाद कहा, 'कई ऐसी चीजें हैं जिनकी ओर आप इशारा कर सकते हैं लेकिन क्रिकेट में मुकाबले छोटे-छोटे अंतर से तय होते हैं. जीतने वाली टीम के तौर पर आप उन अहम पलों को पहचान सकते हैं जिन्होंने मैच का रुख बदला. गेंदबाजी में शायद हम बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे और हमने कुछ चौके भी आसानी से दे दिए.'
उन्होंने कहा, 'हालांकि, मुझे लगता है कि जिस तरह हमने मैच में वापसी की, वह काबिले तारीफ थी. शुरुआत से ही देखें तो वह साझेदारी (अभिषेक और किशन की) काफी खतरनाक थी लेकिन रोस्टन ने कुछ विकेट दिलाए और हमने मुकाबले में वापसी करते हुए स्थिति संभाल ली.'
यह भी पढ़ें- IND vs WI, 3rd T20I: 'यही तो हम चाहते थे', वेस्टइंडीज को हराकर खुश हुए श्रेयस अय्यर, इन खिलाड़ियों पर हुए फिदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं